Pages

Friday, June 30, 2023

मैं उलझनों सुलझनों में उलझी थी

 मैं उलझनों सुलझनों में उलझी थी

और जिंदगी बीत रही थी।।

कल पर कुहासा सा है

और कल अनजाना सा है ।।

पीछे आगे देखा जब नज़र उठा के

वक्त पाया बहुत थोड़ा सा है।

हाथों पर ना यादों का पुलिंदा है

ना उम्मीदों का बोझ कांधों पर ।।

सामने बस एक खालीपन सा है

जिसमे रंग भरती हूं और मिटाती हूं।

ये दिन भी और दिनों सा है

और मैं फिर उलझनों में उलझी रीत रही हूं धीरे धीरे ।।


मनीषा वर्मा

#गुफ़्तगू

Wednesday, June 28, 2023

तुम जब जब सच बोलोगे

 तुम जब जब सच बोलोगे 

तब तब दागे जाओगे एक अनाम गोली से।।

तुम्हारा सच उन्मुक्त है विशाल है

उन्हें पसंद हैं झुके शीश और जुड़े हाथ।।

ये क्या तुम ऊपर बैठना चाहते हो? बराबरी में?

ना ऐसा मत करना समानता जब तक अखबारी है

मंजूर है, प्रशंसनीय है 

जब जब निचली ज़मीन तक घर द्वार तक

तब तब निंदनीय हो जाएगी

इसलिए इसे कागज़ी उद्घोषणाओं तक रहने दो।।

याद रहे, सच बस उच्छवासों में ही बोलना है

धीरे से फुसफुसा कर।।

कहीं तुम निकल मत पड़ना झंडे ले कर,

चढ़ मत जाना मीनारों पर,

और चिल्ला चिल्ला कर दोहराना तो बिलकुल मत।।

तुमको क्या प्यारी है काल कोठरी और जल्लादों की मार?

ना! तुम देखो चुप रहो, चाहे तो मुंह सिलवा लो

जीने के लिए शर्त है ये हाकिमों की

तुम जब जब सच बोलोगे 

तब तब दागे जाओगे एक अनाम गोली से।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Monday, April 3, 2023

संगिनी

 बहुत इच्छा होती है वो

दो पल पास बैठे हाथ पकड़े

थोड़ा चलो साथ सैर ही कर आएं

थोड़ा गुनगुनाएं

नौकरी में था अब तक

कहां फुरसत थी

फिर बच्चे और दुनियादारी

वक्त ही कहां मिला

रिटायर हो गया तो वक्त ही वक्त

अब सोचता हूं वो पास बैठे 

हम कुछ बात करें

उसकी बातें शायद चुक चुकी हैं

वो व्यस्त है सुबह का नाश्ता दिन का खाना 

महरी से लगाई बुझाई

इधर साफ उधर पोछ

ना उसे वक्त नहीं मिलता

कितने तो आने जाने वाली हैं

महरी सब्जी वाली कूड़ा ले जाने वाला

सामने गली बुहारने वाला 

दोपहर में आने वाली वो पड़ोसन

कीर्तन मंडली

सबको समय देती है 

मेरे समय हाथ झटक कर कहती है

'जाने दो, बहुत काम है

तुम्हारा क्या फुर्सत ही फुर्सत'

कहीं ले जाना चाहता हूं उसे 

कितना कहती थी चलो ना 

इस बार गर्मी की छुट्टियों में नैनीताल

अब पूछता हूं तो बोलती नहीं है

बस देखती है मुझे जैसे मुझसे परिचय ना हो।

जैसे शायद सारी इच्छाएं उसकी 

मर चुकी हों

अब उसकी  दिनचर्या में 

मैं अपना कोना खोजता रहता हूं

उसके वक्त में अपने हिस्से का समय ढूंढता

 इस पार्क की बेंच से 

नाता जोड़ रहा हूं।


#गुफ़्तगू 


मनीषा वर्मा

Saturday, March 18, 2023

तुम्हारा जाना

 जो तुम गए होली के रंग सारे कहीं उड़ गए

एक दिन में कभी इतनी तो उदासी तो ना थी 

बस तुम्हारे वो ठहाके कहां गुम गए?


दिन उगता है रात ढलती है 

पल पल चलता है ये जहां दुनिया रुकती तो नहीं

ये मेरे ज़हन के सारे सितारे क्यों बुझ गए ?


मनीषा वर्मा


#गुफ़्तगू

Monday, March 6, 2023

तुम लौटो तो सही

 तुम लौटो तो लौटे

बसंत का मौसम

मान मनुहार का मौसम

लौटें रौनकें, रतजगे और 

बज उठे फिर उदास पड़ा सरोद

तुम से कितना कुछ कहना है

तुम से कितना कुछ सुनना है

तुम लौटो तो लौटे 

पहचानें , उधड़े से कुछ रिश्ते

कुछ हक अदा करें हम तुम

कुछ लड़ें और कुछ झगड़े भी

पुराने नाम दोहराए थोड़ा प्यार जताएं

ये जो नई नई कोपलें आई है

पीढियों के वृक्ष पर 

उनसे कुछ परिचय हो अपनापा हो

तुम लौटो तो सही

अपने घर अपने देस

एक पल को भी।


मनीषा वर्मा 


#गुफ्तगू