Pages

Tuesday, May 10, 2022

बस मैं घर नहीं लौट पाता हूं।

 देस विदेस घूम आता हूं  

बस  माई मैं घर नहीं लौट पाता हूं ।


तेरा टोकना याद आता है 

जब भी पानी के साथ कुछ खाना भूल जाता हूं।

बस माई मैं घर नहीं लौट पाता हूं।


थाली के पकवान भी फीके लगते हैं

जब तेरे हाथ की वो घी चुपड़ी रोटी याद करता हूं।

बस माई मैं घर नहीं लौट पाता हूं।


सब जग का मान पाता हूं

बस तेरे आंचर को तरस रह जाता हूं ।

बस माई मैं घर नहीं लौट पाता हूं।


जानता हूं तेरी सब चिंता फिक्र मुझ पर लगी रहती है 

सुन लेता हूं तू जो फोन पर नहीं कहती है।

बस माई मैं घर नहीं लौट पाता हूं।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Thursday, April 14, 2022

ख्याल रखिए

 कुछ तो हिसाब रखिए खाते में थोड़ा उधार रखिए

कहते हैं साहब नर्म अपना मिजाज़ रखिए।।


निकल जाते हैं यूंही आप बेहिसाब इधर उधर 

थोड़ा तो आने जाने का व्यवहार रखिए।।


माना अब आंख पर चढ़ चुका है रंगीन चश्मा 

लेकिन अदब कायदा रिश्तों में बरकार रखिए।।


भाग रहे हैं जिस मुकाम को पाने के लिए 

उस के रास्ते पर भी थोड़ी निगाह रखिए ।।


रुपए ने खरीद लिए जो आपके ईमान 

आंख में शर्म थोड़ी तो संभाल रखिए।।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Saturday, March 19, 2022

जी हुजूर

 लहज़े में आपके नमक थोड़ा ज़्यादा है 

जुबां पर थोड़ी मिठास रखिए हुजूर।


दुनिया जो झुक के सलाम करने लगे

तो ज़रूरी है मिजाज़ अपना नरम रखिए हुजूर।


बाज़ार लगा चुका है कीमत सबकी

ईमान खरीदने के लिए जेब में दाम रखिए हुजुर।


चलाने को काम मिल तो जाते हैं मजूर

हुनर  आंकने के लिए पारखी नज़र रखिए हुजूर।


लिख तो देते हैं आप उनकी शान में कसीदे 

ज़रा अदब से  घर के बुजुर्गों को साथ  रखिए हुजूर।


लगा तो रहे हैं तोहमते ज़माने भर में 

रिश्तों को निभाने का कोई कायदा तो रखिए हुजूर।


आसमां में उड़ना अच्छा है परिंदों की मानिंद

मगर अच्छा हो कि ज़मी के लोगों से भी वास्ता रखिए हुजूर।


वादा तो कर रहे हैं मोहब्ब्त में ताजमहल बनाने का

सिर छुपाने  के लिए एक अदद मकां तो रखिए हुजूर।


लाए थे बड़े शौक से  हाथी पर ब्याह कर मुझे 

अब बुहारने को घर एक कामवाली तो रखिए हुजूर।


उम्र पैंसठ की हो चुकी है अब जनाब आपकी

इतराने को ना  बाल ये काले  रखिए हुजुर।


बुरा जो मानिएगा आप होली पर दिल्लगी का इतना 

हाथ से  गुजिया तो  तुनक कर प्लेट पर वापिस रखिए हुजूर।


बुला तो लिया है मुशायरे में  मुझे सुनने को ग़ज़ल

अब हाथ पर  मेरे कुछ मेहनताना तो रखिए हुजूर।


कुर्सी ना निकल जाए कहीं फिर हाथ से 

कांख में दबा कर विपक्ष का एक आध घोटाला रखिए हुजूर ।



और बहुत पड़ेंगे जूते अगर कहा कोई और मिसरा 

यहां से चुपचाप निकलने का कोई रास्ता रखिए हुजूर।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Friday, March 4, 2022

लाज़मी तो नहीं

 उन्हे भी ख्याल हो तुम्हारा लाज़मी तो नहीं

इश्क मे ये जुनूं उन्हे भी हो लाज़मी तो नहीं


तुम तो बैठे हो हो कर दुनिया से बेज़ार 

वो आ कर पूछ ही लें खैरियत लाज़मी तो नहीं


तुम ने तो कर लिया अज़ीम यूं जान का सौदा

ये गैरत उनमें भी हो लाज़मी तो नहीं


ख्वाब में जिनके लुटाए जाते हो दुनिया

करे वो भी तेरी आरज़ू लाज़मी तो नहीं


जाते हो जिनके दर लिए पैगाम ए दोस्ती

कर लें वो भी बातचीत से मसला हल लाज़मी तो नहीं


#गुफ्तगू


मनीषा वर्मा

भूल गए

 बड़ी बड़ी बातों में 

छोटे छोटे किस्से भूल गए


कुछ कथा कहानियाँ ऐसी थीं

जिनको लिखने बैठे तो

हम अपना पराया भूल गए 


बीते कल की  कुछ परछाइयों में 

और आते कल की उम्मीदों में

हम आज की खुशियाँ भूल गए 


जीने मरने की कसमों में 

चाँद तारों के वादों में

हम मोहब्बत की रस्में भूल गए 


खोने पाने की आरज़ू में 

जीने मरने की कशमकश में 

हम कदमों की थिरकन भूल गए


#गुफ्तगू

मनीषा वर्मा