Pages

Wednesday, June 3, 2015

शिकायत तो यही रही

शिकायत तो यही रही हमारे इस अफ़साने में 
हम आँखों से बोलते रहे वो हमारे लफ्ज़ सुनते रहे 
दिल टूटता रहा हर्फ़ दर हर्फ़ लब हमारे हँसते रहे 
वो पढ़ न सके हम कह न सके फासले यूं ही बढ़ते रहे 
मनीषा

Monday, June 1, 2015

टूट के जुड़ने का हुनर उसे आया

टूट के जुड़ने का हुनर उसे आया 
तो उसके काम भी आया बहुत 
हम जो बिखरे तो बस बिखर के ही रह गए 

समेटना ना 
थोड़ा आया  ना आया बहुत 

उसकी याद के लम्हे ज़िंदगी से उधेड़ते 
बैठे रहे 
फ़लसफ़ों में जीने का सलीका ना आया 
न सीखे 
ज़िंदगी के थपेड़ों ने सिखाया तो बहुत 
वो जो बिछड़ा तो नसीब में ना आया फिर 
पीरों में मज़ारों में मन्नतों में दुआओं में 
हमने उसे पुकारा तो बहुत 

खाली कोरे पन्ने ज़िंदगी के 
उसी के नाम से भरे जाते हैं 
वो एक शख़्स जो आज निगाहे 
मिलाने से भी कतराता है बहुत 

मनीषा

Sunday, May 10, 2015

बस एक तू ही नहीं मिलती

सारा जहां मिलता है
मुझसे आज हँस हँस कर
बस एक तू ही नहीं मिलती
प्रशंसा पत्र इनाम तो बहुत मिलते हैं
तेरी प्यार भरी झिड़की नहीं मिलती
सौ पकवान भरे दस्तरख़ान बहुत मिलते हैं
माँ तेरे हाथ की घी चुपड़ी रोटी नहीं मिलती
बहुत नरम बिछौने हैं मेरे इस घर में भी
पर तेरी दुलार भरी गोद  नहीं  मिलती
सोती तो हूँ माँ हर रात अपने इस सुख संसार में
पर जो तेरी लोरी सुन कर आती थी वो नींद नही मिलती
जहाँ भी जाती हूँ इस दुनिया में
घर जल्दी लौट आने की अब हिदायत नहीं मिलती
मनीषा

माँ

वो घर खाली मकां होते हैं
जहां माँ के मान नही होते हैं
मनीषा

एक फूँक से सारी चोट ठीक कर देती है
ईश्वर भी सुनता है
जब माँ आशीष से झोली भर देती है
मनीषा

माँ जब आती थी



जाने कैसे करती थी 
माँ  आती थी तो 
मेरे एक कमरे को घर कर देती थी 
बिस्तर की मैली चादर धो देती थी 
मेरी कुरती  में सितारे जड़  देती थी 
जाने  कैसे करती थी 
जिसमे मुझको बरसों लगते हैं 
हर वो काम माँ  चुटकी में कर देती थी 
सूखी दाल रोटी में अजब स्वाद भर देती थी 
जाने कैसे करती थी 
कितने बड़ी पापड़ गुझिया से वो 
सारे खाली डिब्बे भर देती थी 
पापा से छिपा के मेरे बटुए में 
ढेर से रूपये धर देती थी 
जाने कैसे करती थी 
माँ जब होती थी तो
साँझ को घर जल्दी आने का मन में चाव भर देती थी
घर के द्वार पर हल्दी कुमकुम की थाप कर देती थी
पूजा घर तुलसी में मान भर देती थी
हर दिन को वह त्यौहार  कर देती थी
माँ जब आती थी
तो मेरे घर को मंदिर कर देती थी 
मनीषा