Pages

Friday, April 25, 2014

ज़रूरत

ज़रूरत तो किसी बात की कभी नही होती
ज़रूरत ज़िंदगी में फिर भी कम नही होती
शामिल हूँ एक उलझन सी आपकी महफ़िल में
देखा जाए तो ज़रूरत आपको तो मेरी भी नही होती



मॉँग लेती हूँ तुझे रोज़ टूटते सितारों से 
देखती हूँ कब तलक़ रखती है 
ये कायनात भी तुझे जुदा मुझ से 
मनीषा

Wednesday, April 23, 2014

बाग़ यूँ उजड़ गया

बाग़ यूँ उजड़ गया
बागबाँ देखता रहा
कली कली सिहर उठी
आंसू जो थिरक उठे
शबनमें ढुलक गई
सुर्ख लाल रक्त सा
गुलाब यूँ मुरझा रहा
बूटा बूटा कराह गया
कोहरा ऐसा छा गया
हवाएँ भी रो पड़ी
माटी तर हो गई
रक्त समुद्र में भरा
चाँद सिसकिया ले रहा
तारे भी सहम गए
रात वहीं ठहर गई
अँधेरा किरण निगल गया
रात से दिन डर गया
भोर का सिन्दूर छिपा
गगन का चन्द्रमा डूबा
ज़िंदगी मौत से ढँप गई
रोए नन्हे फूल प्यारे
झुलसी कोपलें कँवारी
कहर ये कैसा आ पड़ा
धरा हृदय रो पड़ा
मानवता तेरी सो गई
ज़िंदा लाशे दिख रही
विहार में बहार व्योम थी
माली शून्य मन से तक रहा
गगन रक्तिम हो चला
उषा पे वैधव्य छाया
सूर्य भी सिमट चला
खो गई हर ख़ुशी
तमन्नाएँ सब मर गई
जाग मानव जाग जा
प्यार क्या है प्रीत क्या
जीवन का है गीत क्या
गीत का है सार क्या
गुरबानी की अरदास क्या
क्या लिखा कुरान में
क्या कहा तेरी बाइबल ने
मीत से मीत मिला
दिल से दिल को मिला
खिला दे बस इक हंसी
जाग उठेगी बहार भी
प्रेम प्रीत बहेगी
हर साँस जी उठे
ऐसा गीत कोई गा
नया सुर तो आज सजा
खिला दे नई रौशनी
झूम उठे ज़िंदगी
मनीषा

मेरी व्यथा को अभी सोने दो

मेरी व्यथा को अभी सोने दो
छाई है अलसाई चाँदनी
मुझे मधु-मस्त रहने दो
जागा  है भाव सागर
 लहरों को अभी मचलने दो

मेरी व्यथा  को अभी सोने दो

कब कब आती है पूनो
अमा रही अब तक जीवन पर छाई
निकल आया है ये कैसे
भूले से आज उजास
ज़रा रंगोली सजोने दो

मेरी व्यथा  को अभी सोने दो

स्थिर जल में कम्पन
ज्वार उठा है तो जल चढ़ने दो
रंग जाए आज धरा
इतना रंग बिखरने दो
बांधो तोरण द्वार
दो ढोलक पर थाप
गा लो मंगल गान
नभ पर मेहंदी रचने दो

मेरी व्यथा  को अभी सोने दो
मनीषा

वो रह तो लेता है खुश मेरे बिना

वो रह तो लेता है खुश मेरे बिना
फिर भी अक्सर मुझे पुकारता क्यों है
लगता तो है की उसे मेरी फ़िक्र नही
फिर भी इस तरह निहारता क्यों है
चाहती हूँ भूल जाऊँ  उसे सदा के लिए
फिर भी ख्यालो में वो मुस्कुराता क्यों है
मनीषा

जब मिलते हो तब कहते हो "चलो"

जब मिलते हो
तब कहते हो "चलो"
हर बार
पर कहाँ  ?
और कहाँ  तक ?
कैसे जा सकते हैं ?
तुम और मैं
साथ साथ
क्षितिज से परे
स्नेहिल धागों
के दायरों के पार
कोई अस्तित्व
कैसे रच सकते हैं पुनः
अपनी एक परिधि ?
जो बंध गए बंधन
तुम्हारे और मेरे
दायित्व उत्तरदायित्व
कर्म अकर्म  की भाँवरें'
जो स्वयं ही बाँध ली
अपने पैरों में -
जाने अनजाने
कैसे चल सकते हैं
अब हम साथ साथ
अपने लिए एकमात्र
अभी तो जीबन जीना है
हमे अलग ही रहना है
अपनों में अपनेपन के रंग भरने है
और साथ साथ
एकसाथ
मगर दूर रहना है
तुम मिला करो
मुझे हर पल
मैं मिलती रहूँ तुम्हे
हर क्षण
दिनभर की कड़ियों में
से कुछ कुछ लम्हे चुरा
यूं ही साथ रहना है
दूर दूर मगर
साथ साथ
जुदा  जुदा
पर पास पास
एकदूसरे के  आसपास

मनीषा