Pages

Friday, February 24, 2012

फुर्सत

सुबह की उजली धूप और गर्म चाय का कप


ज़िन्दगी में फुर्सत के बस इतने लम्हे काफी है

Thursday, February 23, 2012

गुनगुनी धूप में




गुनगुनी धूप में बेतक्कलुफ़ से कुछ लम्हे 
मन को सहलाते हुए कहते हैं
ज़िन्दगी इतनी ग़मगीन भी नहीं की तेरे 
बगैर उम्र गुजारी भी न जा सके
जा तेरा इंतज़ार छोड़ दिया 
मेरे हाल की खबर मुझे नहीं 
पर तेरे हाल पर तुझे छोड़ दिया  
ज़िन्दगी में मेरी आये ना आये 
दुआ है तेरी ज़िन्दगी में 
पतझड़ भी आये तो वसंत की तरह 

Wednesday, February 22, 2012

पुरानी डायरी



पुरानी डायरी के कुछ पीले पन्नो से 
बीते लम्हे कभी दस्तक देते हैं 
उन पन्नो के बीच रखा 
सूखा गुलाब
फिर महक जाता है
और एक पुराना ख़त
माफ़ी का, दिल को फिर छू जाता है
और उस बीती सुबह की सुनहली धूप 
मेरी खिड़की पर  फिर उतर आती है
और तुम्हारे साथ गुजरी हर  रात 
मेरी पलकों में ग़ज़ल सी गुनगुनाती है 

अ-मानव




मानव तुम, 
नहीं , पशु समान भी !
गढ़ कर दो पंक्तियाँ 
प्रशंसा में अपनी ही 
बतलाते हो 
स्वयं को ब्रह्म का उपहार
भली है तुमसे 
जड़-जीव , प्रकृति ही 
तुम तो हो केवल 
नृशंस -स्वार्थ  मूर्तिमान 

धरती ने कहा आकाश से


एक बार धरती ने कहा आकाश से
 मुझे अपना लो 
सितारों के इस जहान में बैठा लो
आकाश हंसा
दंभ से 
धरती की ओर झुका भी
पुलकित सी धरती दूर क्षितिज तक 
दौड़ती चली गई 
आकाश पाने को
तब आकाश पुनः हंसा 
और पहुँच गया एक नए छोर पर 
धरती फिर दौड़ी ,आकाश और ऊंचा उठा
और फिर एक दौड़ और फिर एक हंसी 
दौड़ और हंसी 
हंसी और दौड़
नए छोर नए क्षितिज खिंचते  चले गए
पाने में आकाश को धरती रही खुद को खोती
और आकाश निर्विकार रहा हंसता
उसकी पुलकों पर फिर भी रही धरती दौडती
पर, पर क्यों रही धरती दौड़ती ???
एक नई रचना एक नई संसृति जनमती रही दौड़ती 
धरती आकाश में लीन रह आकाश पाने को