Pages

Wednesday, July 27, 2016

हवा के झोंके सा

हवा के झोंके सा वो आया 
और मुझे छु कर गुजर गया
मै उसके अहसास की ओस मे 
भीगती रही देर तलक

उसकी बातें उसकी मुस्कान
तैरती रही देर तक घर में
हर पल मे जैसे गुंथ गया
उसके होने का बस एक वो पल
 उसका चेहरा छप  सा गया 
मेरे तकिए की गोद  में 
और सिमटी चादर की सलवटों से 
अब भी उठ रही है उसकी  महक 

वो जा कर  भी मेरे दर से 
जा नहीं पाया अब तलक 
मनीषा

Sunday, June 19, 2016

याद आते हैं पापा



एक थपकी एक दुलार
एक स्नेहिल कांधे से 
याद आते हैं पापा
कभी पुचकार कभी डांट
एक मजबूत आधार से
याद आते हैं पापा


थोङे से चुप
थोङे से शौकीन
माॅ की झिङकी से
बचाते याद आते हैं पापा
मम्मी को चिढाते
हम से ही रेस लगाते
अपने गम छिपाते
मुस्कुराते याद आते हैं पापा
हमारा हौसला बढाते
हमे सौ दस्तूर समझाते
भाई की परछाई मे नजर 
आते हैं पापा
मनीषा
19/06/2016

Sunday, April 24, 2016

मेरी व्यथा को अभी सोने दो

मेरी व्यथा को अभी सोने दो
छाई है अलसाई चाँदनी
मुझे मधु-मस्त रहने दो
जागा है भाव सागर
लहरों को अभी मचलने दो
कब कब आती है पूनो
अमा रही अब तक जीवन पर छाई
निकल आया है ये कैसे
भूले से आज उजास
ज़रा रंगोली सजोने दो
स्थिर जल में कम्पन
ज्वार उठा है तो जल चढ़ने दो
रंग जाए आज धरा
इतना रंग बिखरने दो
बांधो तोरण द्वार
दो ढोलक पर थाप
गा लो मंगल गान
नभ पर मेहंदी रचने दो
मेरी व्यथा को अभी सोने दो
मनीषा

Tuesday, April 12, 2016

एक झूठ

एक झूठ वो सुनता है
एक झूठ मैं कहती हूँ
इस तरह चलती है ज़िंदगी
सच को सुनने और कहने
की ज़रूरत नहीं
सिर्फ समझने की है
सच तो इस कैंची सा है
सब रिश्तों पर
इसलिए मूक रह जाना उचित
और फिर ज़रूरत है
एक झूठ कहने की
और एक झूठ सुनने की
और कुछ इस तरह
गुज़रती  है ज़िंदगी
मनीषा 

उन्हें अब

इतने  सितारे हैं उनके दामन पर
उन्हें हमारे पांव के छाले नहीं दिखते
इतने उजाले  हैं उनके ठौर
उन्हें अब हमारे अँधेरे नहीं दिखते

इतने फ़िदा  हैं वो हमारी मुस्कानों पर
उन्हें हमारी पलको के आंसू नहीं दिखते
इतने गुमराह हैं वो हमारी झूठी तसल्लियों पर
उनको अब हमारे सच नहीं दिखते
मनीषा