Pages

Monday, August 10, 2015

जिनकी नज़रों से देखी थी दुनिया

जिनकी नज़रों से देखी थी दुनिया कभी 
उन्ही को नज़रे चुराते देखा है 
जिनके कंधे पर रख सर रोया है ज़माना 
उन्ही को आंसू छिपाते देखा है 
जिनके दरवाज़े से ना लौटा था कोई हाथ खाली 
उन्ही से दुनिया को दामन बचाते देखा है 
जिन्होंने झेले है बदलते मौसमों को मुस्कुराते 
हमने तूफानों में उन्ही पुराने दरख्तों को 
लड़खड़ाते देखा है 
मनीषा

Sunday, August 9, 2015

शब्द मेरे, राग यह धरा सुनाती है

शब्द मेरे,  राग यह धरा सुनाती है
हौले हौले मेरे तुम्हारे संग गुनगुनाती है
सुनो, धरती गाती  है

तरुदल की हरियाली में
कभी पुष्प  की लालिमा में
भंवरों की मदमस्त गुंजन संग
पंछियों की सुर ताल में
धीम धीमे मुस्काती है
सुनो धरती गाती है


निर्झर के वैरागी गान में
सरिता  के शांत स्वर में
वादी की हवाओं के संग
मेघों के चपल स्वर में
धीमे  धीमे मुस्काती है
सुनो धरती गाती है


गर्मी की भीष्म उष्मा में
सर्दियों की गहन धुंध में
सावन की पहली बारिश के संग
कभी पतझर के रूठे स्वर में
धीमे  धीमे मुस्काती है
सुनो धरती गाती है

शब्द मेरे,  राग यह धरा सुनाती है
हौले हौले मेरे तुम्हारे संग गुनगुनाती है
सुनो, धरती गाती  है
मनीषा 

Friday, August 7, 2015

मेरी तरह भटक रही है

मेरी तरह भटक रही है आरज़ूऐं  मेरी
जाने किन सितारों तले मिलेंगी राहते मेरी
किस राह से पूछूँ  अपनी मंज़िलों का पता
क़ज़ा में लिखी ना हो 'गर खुदा ने ही पनाहें तेरी
मनीषा 

Wednesday, August 5, 2015

इतना ही सा तो है मेरा घर संसार

दाल चावल रोटी चपाती में
लिपटी मेरी कविता सारी
हल्दी नून और जीरे के छौंक ने
सिखाई मुझे परिभाषा सारी
उबलते दूध ने दिया मुझे दोस्ती का सार
तो पाया परसी थाली में जीवन का सार
चुटकी भर  हींग के तड़के सी पाई मैंने कशिश
कटोरी भर मीठे हलुवे सा मिला सबका प्यार
इतना ही सा तो है मेरा घर संसार
मनीषा

हथेली पर उतरी धूप का एक टुकड़ा

 हथेली पर उतरी धूप का एक टुकड़ा
या है ये बीते लम्हों का एक कतरा
आज में कल थोड़ा थोड़ा समाया हुआ
और कल में आज थोड़ा सा बिसराया हुआ
हथेली पर मेरी सुनहली  मेहँदी सा रच गया
धूप  का ये नन्हा सा कतरा
नभ  के आशीष सा मन में उतर  गया
अकेली सी बैठी थी मैं एक सदी से
मुझ अनजानी  से पहचान कर गया
हंस कर जाने कितनी बाते कर गया

मनीषा