Pages

Monday, April 27, 2015

किस किस पीड़ा को बाँधू शब्दों में

किस किस पीड़ा को बाँधू शब्दों में
किस किस  ज़ख्म पर रख दूँ मलहम
हर आँख से  टपका हर अश्रु
शूल सा चुभता है
शब्दों में सड़ते जिस्मों की सड़ांध भरूँ तो कैसे ?
कितने कफ़न और बुनवा  लाऊँ
सोग मनाने के लिए शहर इकठ्ठा है
इस शहर का हर शख्स बहरा है
सियासत ज़िंदा रहती है लाशों के ढेर पर
कुछ गिद्ध जा बैठे हैं उस प्राचीर पर
शहर के बागीचों में तैर रही सुरा की धार
वहाँ  किसान सूखा खेत तकता है
बच्चों को दे ज़हर जा पेड़ से लटकता है
चीखते रहते हैं रात और दिन
जनतंत्र की चिता दहकती  रहती है
रोज सिर्फ मुद्दों के चेहरे बदल जाते हैं
कहाँ किन कानों  में उगल दूँ
इस छाती का ज़हर
मुर्दों की बस्ती से क्या करूँ उम्मीद
यहाँ इन्साफ महँगा खून सस्ता है
इंसान की कीमत वहाँ क्या होगी
जहाँ ज़मीर कौड़ियों के भाव बिकता  है
जहाँ ज़मीर कौड़ियों के भाव बिकता  है
मनीषा

Saturday, March 28, 2015

लिखना है तो दिल की बात लिखो

लिखना है तो दिल की बात लिखो 
सूनी राहें तकते 
सूखे जो आँसू नम आँखों में 
उसकी याद लिखो 
लिखना है तो उन कांपती हथेलियों की 
सिरहन की बात लिखो
लिखना है तो
रात के सन्नाटों में उठती
हूक की बात लिखो
उन बूढ़ी बातों से झरते
प्यार की बात लिखो
लिखना है तो मन पर जो
अपने जाए ने जो दिए
आघात उसकी बात लिखो
लिखना है तो चोट खाए माँ के दिल से
निकले आशीष की बात लिखो
मनीषा

Friday, March 27, 2015

सदियों से सांझी ये पीर पुरानी है

सदियों से सांझी ये पीर पुरानी है
सखी  तेरी और मेरी एक ही कहानी  है
कुछ अश्रु तेरी आँखों के मेरी आँख में उतर आए
कलम है मेरी पर यह तेरी ज़ुबानी है
सदियों से सांझी यह पीर पुरानी है

मन में विक्षोभ लब पर ख़ामोशी उतारी  है
सखी तूने मैंने जो झेली वही पीर बतानी है
कितने मर्यादा के ज़ेवर पहने रस्में उतारी  हैं
फिर भी दाह  में जलती काया की चीख सुनानी  है
सदियों से सांझी यह पीर पुरानी है

कभी सफेद कभी लाल ओढ़नी में जो दब जाती है
उन  घुटती  सूखी आँखों की तडप आज बतानी है
सौ पर्दों के बीच जो घूरती उन आँखों की लौ बुझानी है
हैवानी पंजो की पकड़ से अपनी लाज छुडानी है
सदियों से सांझी यह पीर पुरानी है

सखी आखिर तो तेरी और मेरी एक ही कहानी है
सदियों से सांझी यह पीर पुरानी है
मनीषा


Wednesday, March 25, 2015

कुछ आँचल के साये

कुछ आँचल के साये इस कदर रूठ जाते हैं 
बात बात पर याद आते हैं 
दिल पूछता है हर लम्हें से 
जाने वाले क्या हमारी सदा सुन पाते हैं 
ऐसे जाते हैं जो क्यों मुँह फेर जाते हैं 
जाने वाली क्यों कभी लौट कर नहीं आ पाते हैं 
कहते हैं वो आसमां के तारों में मुस्काते हैं 
उनकी याद में जब हम अश्रु बहाते हैं 
हमसे मिलने के लिए शायद वो भी छटपटाते हैं
और जब भी उन्हें याद कर हम मुस्काते हैं 
धरा की हर शह में वो हमारे संग गुनगुनाते हैं 
मनीषा

Monday, March 23, 2015

दुनिया का दस्तूर

दुनिया का दस्तूर निभाना पड़ता है 
ना चाहते हुए भी मुस्कुराना पड़ता है 
आँख में छलके आँसू को छिपाना पड़ता है 
हो मन में घोर संताप जीवन में हो कोई विषाद 
फिर भी है सब ठीक बताना पड़ता है 
दुनिया का दस्तूर निभाना पड़ता है
मनीषा