Pages

Sunday, March 8, 2015

कहां है किसी भी संस्कृति में मेरा स्थान

सच कहते हो
हाँ सच ही तो कहते हो
कहाँ है भारत की इस महान संस्कृति में
स्त्री का स्थान
कभी गढ़ दी गई देवी कह पत्थर की प्रतिमा में
कभी सीता बन कर भूमि में समाने को हो गई विवश
द्रौपदी का चीर , सीता का हरण
पौरूष की व्याख्या से ढक देते हो
और कितनी अग्नि परीक्षाएँ लेते हो
सच कहते हो
हाँ सच ही तो कहते हो
कहां है किसी भी संस्कृति में मेरा स्थान
सर से ले कर पाँव तक
सब श्रृंगार तुम्हारे नाम के जड़ देते हो
एक चुटकी सिन्दूर से
अस्तित्व की पहचान बदल देते हो
मेरे सब नाम बदल देते हो
जहां जन्मती हूँ उस आँगन को पराया कहते हो
जहाँ डोली से उतरती हूँ उस घर को अपना ही कहते हो
सच कहते हो
हाँ सच ही तो कहते हो
कहां है किसी भी संस्कृति में मेरा स्थान
सारे घर में सबका कमरा होता है
कोई बताए माँ का कमरा कौन सा होता है
माँ रहती है चौके से पूजा घर तक सीमित
खाना बनाना , घर सम्भालना उसी का दायित्व होता है
ऑफिस से घर तक सिर्फ दायित्व सुना देते हो
बहुत एहसान है जो प्रसव के बाद छः माह छुट्टी दे देते हो
सच कहते हो
हाँ सच ही तो कहते हो
कहां है किसी भी संस्कृति में मेरा स्थान
बस में मेट्रो में दो सीट सुरक्षित कर देते हो
दस डब्बों में एक अलग कर देते हो
बाहर निकलने का समय तय कर देते हो
और क्या पहनूँ तुम तो बुर्के में भी नंगा कर देते हो
उम्र मेरी चाहे हो दो या अस्सी तुम तो
मुझे सिर्फ योनि तक सीमित कर देते हो
सच कहते हो
हाँ सच ही तो कहते हो
कहां है किसी भी संस्कृति में मेरा स्थान
मैं अबला हूँ इसका अर्थ एक पंक्ति से बदल देते हो
क्या खाऊँ क्या खरीदूँ कितना पढ़ूँ कहाँ जाऊँ
किस से मिलूँ कब हँसू कितना बोलूँ
किसके संग जीवन बिताऊँ
तुम तो सब आयाम निश्चित कर देते हो
आँख खुलने से आँख बंद होने तक
अपने अहम में मेरी जुबां खामोश कर देते हो `
गार्गी, अपाला, घोषा, लोपामुद्रा के उदाहरण भुला दिए
रूपकुँवर की स्मृति में मंदिर बना जिन्होंने करोड़ों कमाए
जिस देश में इन्दिरा जैसी बेटी राज कर जाए फिर भी
कल्पना चावला सिर्फ एक अपवाद कहलाए
प्यार के नाम पर किसी लक्ष्मी पर कोई एसिड उड़ेल जाए
साल भर की बिटिया भी दामिनी की तरह तड़प तड़प मर जाए
उस संस्कृति में सच ही कहते ही
हाँ सच ही तो कहते हो
कहाँ है वहां स्त्री का स्थान
सच कहते हो
हाँ सच ही तो कहते हो
कहां है किसी भी संस्कृति में मेरा स्थान
मनीषा

Thursday, March 5, 2015

सपनों में सच का रंग मत घोलो

सपनों  में सच का रंग मत घोलो
तुम मेरे संग होली खेलो
मैं बिसराऊँ खुद को
तुम मुझमे खुद को भूलो
तुम मेरे संग होली खेलो

बन जाओ तुम अंबर
मैं धरा सी बिछ जाऊं
बिखेरे सुदूर क्षितिज पर
साँझ सुबह के रंग दोनों
तुम मेरे संग होली खेलो

बन जाना तुम कान्हा
मैं राधा हो जाऊं
हो वृन्दावन ये जग सारा
इस फाल्गुनी हवा में मस्ती घोलो
तुम मेरे संग होली खेलो

सपनों  में सच का रंग मत घोलो
तुम मेरे संग होली खेलो
मनीषा 

Tuesday, February 17, 2015

तुमसे मेरा नाता क्या

तुमसे मेरा नाता क्या
तुम पर मेरा अधिकार क्या

मन की पीड़ा को
तिनके सा आराम मिला
तेरे द्वारे आ पल भर को
तपती धूप से विश्राम मिला
मन का मन से ये नाता क्या

तुमसे मेरा नाता क्या
तुम पर मेरा अधिकार क्या

तेरी एक मुस्कान ने
जाने कितने इन आँखों के अश्रु धोए
तेरी मीठी बातों ने
जाने कितने मन पर मेरे हास बोए
शब्दों का शब्दों से ये रिश्ता क्या

तुमसे मेरा नाता क्या
तुम पर मेरा अधिकार क्या

कृतार्थ तुम्हारी तुमने जो
मेरे पग से कंटक बीने
साथी बन तुम जो
दो पग साथ चले
जन्मों  का जन्मो से वादा क्या

तुमसे मेरा नाता क्या
तुम पर मेरा अधिकार क्या
मनीषा 

Monday, February 2, 2015

इन आँखों ने

इन आँखों ने मंज़र तमाम देखे हैं

जाने कितने सुबह औ' शाम देखे हैं
रिश्तों के बदलते आयाम देखें हैं
जाने कितने जलते बुझते चिराग देखें हैं

इन आँखों ने मंज़र तमाम देखे हैं

तेरी आँखों में जो उतर आए थे
वो  सावन कई  बार  देखें हैं
जाने कितने सवाल बेज़ुबान देखें हैं

रस्मों रिवाज़ों में दम तोड़ते
अरमान हज़ार देखें हैं
दुनियावी आँखों में तंज हज़ार देखें हैं

इन आँखों ने मंज़र तमाम देखे हैं


मासूम कलियों के
मज़ार बेशुमार  देखें हैं
मोहब्बतों के इम्तिहान हज़ार देखें हैं
'
इन आँखों ने मंज़र तमाम देखे हैं

नफरतों के कारोबार
बदस्तूर चलते तमाम देखें हैं
जिस्मानी भूख के बाज़ार हज़ार देखें हैं

इन आँखों ने मंज़र तमाम देखे हैं

और क्या बाकी रहा है यहां  अब
देखने दिखाने  को ऐ  खुदा
तेरे इंसान की शक़्ल में  हैवान हज़ार देखें हैं

इन आँखों ने मंज़र तमाम देखे हैं
मनीषा 

Sunday, February 1, 2015

सप्तपदी के वो सात पग

हम मिलते हैं
सही गलत की सरहद के उस पार
जहां पाप और पुण्य एक हो जाते हैं
सभी परिधियों  नीतियों के उस पार
जहाँ  भेद विभेद मिट जाते हैं
बस तुम और मैं
स्वयं में गुम
कर्ता  और कर्म से परे
कुंडलियों और सितारों के उस पार
और चलते हैं सृष्टि के साक्ष्य में
सप्तपदी के वो सात पग
और मिट जाता  है फिर
 तुम और मैं का यह फर्क....
मनीषा