Pages

Sunday, July 1, 2012

क्यों मैं गाऊँ

विश्व तुझे हँसाने तुझे मनाने को क्यों मैं गाऊँ 
मैं कवि क्यों तुझसे बंधने को ललचाऊँ 
तू विलासी मुट्ठी भर जीविका से
क्षण भर को तौल भर देगा मुझे
फिर क्यों अपना जीवन मैं
तुझे समर्पित कर जाऊं
बेमोल ही बिक जाऊं
क्यों तेरे अनुरोध पर कलम उठाऊं
 तुझे हँसाने तुझे मनाने को क्यों मैं गाऊँ 
जिनको तूने पूजा तूने माना
बिसरा बैठा तू उनकी अनमोल कहानी
जिनको तू पूजेगा तू गायेगा 
जीवित रहेगी क्या   उनकी कोई निशानी
फिर क्यों तुझे रिझाऊँ 
रूमानी सा वो गीत फिर दोहराऊँ
तेरे कहने पर क्यों कलम उठाऊँ
 तुझे हँसाने तुझे मनाने को क्यों मैं गाऊँ 
नश्वरता तेरी मैं पहचान पाया 
तेरे स्वार्थ को मैं जान पाया 
तू तो रुका ना सम्राटों की  समिधा पर
न रुका उस एक वस्त्रा फकीर के निस्वार्थ बलिदान पर
फिर तेरी श्रद्धा पाने को मैं क्यों ललचाऊँ
मैं कवि क्यों ह्रदय  जलाऊँ 
तेरे पाश्र्व के सुख को ललचाऊँ 
क्यों फिर कलम उठाऊं


Friday, June 22, 2012

उधेड़ बुन

बहुत दिन से एक उधेड़ बुन में हूँ 
मैंने तेरे प्यार में हूँ
 या
 तेरे ख्याल में हूँ
बहुत दिन से इस उधेड़बुन में हूँ
चंद काफी के प्यालो में हूँ 
कुछ मीठी बातो में हूँ
 उन बीती बातो में हूँ
बरसो से इस उधेड़ बुन में हूँ
मैं तेरे प्यार में हूँ या तेर ख्वाबों  में हूँ 

Wednesday, June 6, 2012

जब जब उतरती है


जब जब उतरती है
वसुधा के अंचल पर रात नई
मन को आलोडित करती है फिर फिर बात  वही 
यूं तो समय ने देखी होंगी 
कितनी  राते नई नवेली 
पर थम गया था एक पल को काल भी
देख वो मृदु छवि अनछुई 
मिलन था या वो थी बिछोह की रात  निर्मोही
मन आज भी उसांस भर रह जाता है
सोचता है उन नैनो में थी भी या नही बात कोई 

Saturday, June 2, 2012

कविता जन्म लेती है


मन भर आने पर जब बोल अन्दर ही घुटते हैं 
जब निरीह  पीड़ा  से आंसूँ नहीं झरते
तन्हाई में परायी पीर भी जब झकझोर जाती है
और ढलते सूरज के साथ आस की परछाई भी ढल जाती है
तब विवश  मन  में विचार घुमड़ते हैं 
और 
किसी खाली पन्ने की वेदना भरी मरुभूमि पर 
कविता जन्म लेती है

Monday, May 21, 2012

बचपन



नन्हा बचपन सच्चा बचपन
सूरज की किरणों सा खिलता बचपन
बचपन के कुछ पल ठिठोले
नटखट प्यारे से खेल खिलौने 
वो मम्मी की लोरी वोह पापा की बांहों के हिंडोले
वो मेरा बचपन, ये तेरा बचपन
नन्हा सा प्यारा सा मेरी गुडिया तेरा बचपन 
वो नाना के कंधे, नानी की कहानियाँ
दादी की पूजा से चुराया प्रसाद 
दादा की गोदी में बैठ चिढाई नाक 
कैसा प्यारा था वो बचपन 
वो मेरा बचपन ये तेरा बचपन
नन्हा सा प्यारा सा मेरी गुडिया  ये तेरा बचपन 
स्वप्न सा बीत गया जाने कब रूठ गया 
सोचती थी कही खो गया  
पर तुझमे देखा मैंने अपना बचपन 
तेरे मस्ती भरे खेलों  में , तेरी भोली से हंसी में , 
तेरे नन्हे बोलो में 
तुतलाता लौट आया मेरा बचपन