Pages

Monday, January 23, 2012

बहुत अच्छे थे मेरे पापा




मैने उनको हरदम हँसते देखा

मेरा संबल थे
मन के सच्चे थे 
बहुत अच्छे थे मेरे पापा
उनकी बाँहो मे झूली
उनके काँधे लग कर सोई
माँ कहती है

सारी रात घुमाते थे
दुलार कर मुझे सुलाते थे मेरे पापा
आज आँखे भर आती है
उनकी याद बहुत आती है

दादी कह्ती है
बहुत नटखट थे
ईश्वर को भी प्यारे थे मेरे पापा

Saturday, December 3, 2011

मैं और तुम



आँखों में तुम्हारी  भी तो हँसी उतर आती होगी 
जब याद की कोई लड़ी दिल से गुज़र जाती होगी
फिर खुद को समेट कर चुपके से तुम भी 
कोरो पे ठहरा वो  अश्क छुपाती तो होगी
कभी पुरानी सी वो ग़ज़ल जब कानो में पड जाती होगी
दिल की कली खुद ही खिल जाती होगी
लब पे एक आह आती तो होगी 
और मेरी तस्वीर तुम्हारी  आँखों में उतर जाती तो होगी 
हर एक  शख्स में मेरी छवि सी नज़र आती होगी
फिर नज़र चुरा के सबसे तुम आगे भी बढ़ जाती होगी 
कितना भी निभा लो तुम दुनिया की इन रस्मो को 
जानता है दिल हर मन्नत में मेरे लिए एक दुआ आती तो होगी

Wednesday, November 30, 2011

रिश्ते


ज़िन्दगी की आपाधापी में कुछ रिश्ते जो हाथ से छूट जाते हैं
तन्हाइयों में अक्सर याद आते हैं
मन करता है कभी उन्हें पुकार ले, धीरे से फिर वो नाम लें
फोन की तरफ बढ़ता हाथ थम सा जाता है
भीतर बैठा कोई टोकता  है "ये कोई वक़त है?"
"अभी नही फिर कभी"
"शायद कल "
और वो कल फिर नहीं आता और उम्र बीत जाती है
उस एक अधूरी बात में
 उस याद में , एक चाह में 
की कभी उन्हें पुकार लें
कभी तो धीरे से उनका नाम लें

Saturday, November 19, 2011

एक दिन जब हम साथ होंगे



एक दिन जब हम साथ होंगे 
एक पास होंगे 
तब शायद प्यार के ढंग बदल जायेंगे
कहने के अंदाज़ बदल जायेंगे
साथ साथ होगा तब 
हमें  हर एहसास
देखेंगे हम तब एक साथ
बारिश की बूंदों से नाम होती हरी घास
और सुनेंगे साथ-साथ 
पत्तों से ढुलकती शबनम की आवाज़
गंध भरेगी माटी
हमारे भीतर साथ-साथ 
और साथ ही भीग जाएँगे
हम किसी तेज़ फुहार में
कभी बहुत सवेरे 
आँगन बुहार मैं
जब भीतर आऊंगी 
तब पाऊंगी तुमने फिर
घर बिखरा दिया है
या गीला फर्श मिट्टी से भर दिया है
मैं झुन्झुलाऊंगी  और चिल्लाऊंगी भी तुम पर
तुम तब शायद हंस दोगे 
और एक घूँट में चाय ख़तम कर
चल दोगे अपने काम पर
मन में एक गुदगुदाता एहसास लिए
कभी किसी छुट्टी के दिन रसोई में खड़े हो कर
तुम , मुझसे कुछ बनवाओगे
और फिर
मेरी ही नुक्ताचीनी भी करोगे
यूंही कभी-कभी सताओगे मुझे तुम
मुझ रूठी हुई को मनाओगे भी तुम
कभी जब दस्तक सुन मैं किवाड़ खोलूँगी'
तब हवा के भीने झोंके से तुम मिलोगे
दरवाज़े के उस पार
कितनी ही शरारते होंगी
रोज़ कितनी ही बातें होंगी
घर की दफ्तर की
अनुभवों की
नित  नई- नई नोक झोंक होगी
कभी शायद जब हम साथ होंगे 
एक पास होंगे

Friday, November 18, 2011

प्रसंग


कहते हो की हमारे बीच का प्रसंग यूँ ही चलने दो
लेकिन सूनी रात , भीगी पगडंडियों पर 
घिसट घिसट चलने और रुकने की कोशिश में
जब कदम सहम जाते हैं
एक चुप्पी आवाज़
मेरे भीतर से फिसल 
पहुँच जाती है कहीं दूर
सुन पाती हूँ - प्रतिध्वनि मात्र
एहसास तब करती हूँ 
कितना फर्क है चलते रहने और रुक जाने में
तुम्हारे वे अंदाज़ जो मेरी समझ से बाहर हैं
पहेली से बन गए हैं
उन्हें बूझ ना पाने की लाचारी में
एहसास करती हूँ
कितना फर्क है समझ लेने में और ना समझ पाने में
जब मेरी ही अधरों से कहला कर और 
मुझे मेरी ही बातों में उलझा कर तुम हंस देते हो 
तब एहसास करती हूँ
कितना फर्क है कह देने और चुप रह जाने में
कभी अनचाही यादों के पुलिंदे 
छांटती हूँ और कोई बहका सा ख़याल 
मुझे बेचैन कर देता है 
तब एहसास करती हूँ. कितना फर्क है 
याद रखने और भूल जाने में