Pages

Friday, September 8, 2023

कुछ उनको खबर है कुछ हमें भी

 एक बात अनकही सी कहे जा रहे है

कुछ उनको खबर है कुछ हमें भी ।।


लम्हा लम्हा साथ बैठे शाम गुजरती जा रही है

कुछ उनको खबर है कुछ हमें भी ।।


काम निकाल कर मिलने के जो बहाने बना रहे हैं

कुछ उनको खबर है कुछ हमें भी ।।


नजरें चुरा रहे हैं वो जिस बेचैनी को छिपा रहे हैं 

कुछ उनको खबर है कुछ हमें भी ।।


चलने को दोनो कहते हैं फिर भी देर किए जा रहे है

कुछ उनको खबर है कुछ हमें भी ।।


ये जो वक्त बेवक्त की गुफ्तगू  में जो कर रहे इशारे हैं 

कुछ उनको खबर है कुछ हमें भी ।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Wednesday, September 6, 2023

नाम में क्या रक्खा है?

 नाम में क्या रक्खा है?

कुछ रख दो।


नहीं नहीं ऐसे कैसे

नाम है तो पहचान है ना

बिना नाम पहचान कैसे 

कुछ भी कह लोगे क्या?


नाम से मान बढ़ता है

कितना अजीब होगा ना 

नाम अनुचित हो पुकार का हो 

टीटू, छोटू कुछ

इसलिए कहती हूं बदल डालो।


अच्छा सा सुंदर सा

सही नाम ना हो तो 

भाव ना मिलेगा 

कभी सुना है किसी धनाढ्य का नाम 

छोटू बंटी जैसा कुछ?

लेकिन हम तो...


उहूं नाम बदलेंगे तो पहचान बदलेगी

वो जो गली के आगे खुली नाली है ना 

किसी का ध्यान नहीं जाएगा उस पर

लगेगा किसी बड़ी कोठी से हो।

अरे! तो क्या हुआ खाने को कमाने को ना है

नाम रखो बड़ा सा जोरदार सा।

कोई पूछेगा ही नहीं,

बस मान सम्मान के लिए 

इतना ही तो चाहिए।


कहो तो रेडियो टी वी में चलवा दें,

नाम के आगे सुश्री सुकुमार लगवा दें

आगे डागदर उकील कुछ लिखवा दें।

कोई नही पूछेगा,कितनी उधारी चढ़ गई

उम्र के सत्तर पिचहतर सालों में?

बस एक बड़ी सी तख्ती लटका देंगे,

थोड़ा लाइट वाइट लगवा देंगे ।


ना ना अरे!घर के आगे सड़कों पर ठेला ना लगाना ।

वो सुखिया के घर के आगे बहुत गंदगी है,

गरीब की बस्ती है,

कुछ लीपा पोती कर दो,

चलो एक ऊंची दीवार खड़ी कर दो,

उस पर खूब चित्रकारी कर दो।

बस काम हो जाएगा।


नाम में बस वजन होना चाहिए 

क्या नही हो सकता।

इसलिए नाम सोच समझ कर बदल डालो।

बस मान सम्मान के लिए 

इतना ही तो चाहिए।


आखिर घर में भी तो चद्दर गिलाफ पर्दे बदलते हो ना

जो मन आए सो बदल दो 

लगे तो तुम भी थोड़े विकसित हो।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Saturday, August 26, 2023

काश! मैं एक भेड़ होती

 काश! मैं एक भेड़ होती

लकीर की फकीर

चलती चुपचाप,

बिना प्रश्न, सिर झुकाए

एक दायरे में रहती

लक्ष्मण रेखा के भीतर

जीती एक आम सी जिंदगी

खटती रहती चूल्हे के आगे 

और चलती नटनी सी

 रिश्तों की रस्सी पर

चारदीवारी की धूरी पर घूमती

चिंता होती केवल अब क्या पकाना है

ओह चादर फिर बदलाना है

खिड़की पर की धूल झाड़नी है

सवेरे सबको दफ्तर स्कूल जाना है

पड़ोसन की कटोरी भर चीनी लौटाना है

एक सरल सा जीवन 

अपने में सिमटा हुआ मैं जीती

काश मैं भेड़ होती

तुम्हारे मन की होती तब

तुमको मैं कितनी पसंद होती।।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Friday, August 11, 2023

तुम्हारा साथ

 किसी ने रख दिया हो दुर्दिन में 

जैसे कंधे पर हाथ

कुछ ऐसा ही है तुम्हारा साथ।।

 परिभाषाओं में जो नहीं बंधता

मर्यादा के परे भी जो नहीं जाता

कुछ ऐसा ही है तुम्हारा साथ।

मन करता है तुम्हारी हथेली पर 

अपनी हथेली रख दूं

और खेलूं तुम्हारी अंगुलियों से 

और कहूं तुम बांट लो अपना दर्द।।

तुम्हारे सिर को अपनी गोद में रख कर 

सहलाते हुए तुम्हारे बाल 

तुम्हारी सुनूं और कुछ अपनी कहूं

दिन भर की थकन के बाद 

सिर टिकाने को जो मिलता है

उस कांधे सा है तुम्हारा और मेरा साथ। 

शब्दों की परिधि से अलग

कुछ अपना सा ।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Wednesday, August 9, 2023

तुम्हे क्या समझूँ ?

 तुम्हे क्या समझूँ ?

और कैसे ?

अपने से हो

पर पराए लगते हो।

कभी रख देते हो,

मेरी आँखों में आकाश।

कभी कदमों तले बिछी

धरती भी छीन लेते हो।

तुम्हें ओढ़ लेती हूँ

हर रात ख़्वाब बुनने से पहले,

तुम हो कि मेरी नींद भी छीन लेते हो।

रोज़ दिलासों से सी लेती

हूँ अपना उधड़ा हुआ रिश्ता,

तुम हो कि फिर

नए सिरे से चीर देते हो।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू