Pages

Thursday, October 15, 2015

वाह रे ! इंसान

अजन्मी कन्या  के नसीब में गर्भ में मुक्ति
फिर नौ दिवस कन्या रूप देवी भक्ति
वाह रे ! इंसान

कर्म और भगवान दोनों की चुप्पी
थोड़े दान थोड़ी भक्ति पांच वक्त की नमाज़
पाप मुक्ति  कर दी कितनी आसान
वाह रे ! इंसान

हज तीर्थ सब जन्नत के द्वार
पंडित मोमिन पादरियों ने
थमा दी एक कुंजी आसान
वाह रे ! इंसान

जीव हत्या तो पाप
संगसार तो जन अधिकार
धर्म हत्या हुई कितनी आसान
वाह रे ! इंसान

क्षुधा विवश करती तो जानवर लेता है प्राण
लालच लोभ बना देती है मनुष्य को हैवान
फिर भी बताता है खुद को महान
वाह रे ! इंसान
मनीषा

Sunday, October 11, 2015

फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की

कड़क खादी कुर्तों में सजे हैं
फिर से कतार बांधे खड़े हैं
गली कूचों में नेता अभिनेता
हाथ जोड़े खड़े हैं
लगता है
फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की 
कौन सी आपदा पिछली सरकार की वजह से फूटी है
शहर में बिजली पानी की कितनी कमी है
महिला विकास की बात फिर उठी है
एक दुसरे के कच्चे चिठ्ठे गिनाने लगे हैं
किसने किए कितने घोटाले सभी बताने लगे हैं
लगता है 
फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की 
लगा लेते हैं जन गण को सीने से
उठा लेते हैं गोद में गली के बच्चो को प्यार से
लुभा रहे हैं कातिल मुस्कान से
चाशनी सी टपक रही है इनकी बातों से
लगता है 
फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की 
भाषणों में गरजते हैं
विरोधियों पर बरसते हैं
करते हैं सियासत बात बेबात पे
कभी मंदिर मस्जिद कभी गौमांस पे
आरोप प्रत्यारोप के बादल हैं बहार पे
लगता है 
फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की 
मनीषा

Thursday, October 8, 2015

एक पुरानी एलबम में

एक पुरानी एलबम में कैद रखे हैं कुछ लम्हे
 जब ज़िंदगी से कुछ वक़्त  मिलता है तो जी लेते है
तस्वीर दर तस्वीर
कुछ मुस्कुराहटें लौट है होंठो पर
कुछ आँसू  पलकों  में झिलमिला  जाते हैं
मनीषा 

Tuesday, August 18, 2015

चलो बंद करे द्वार प्रतीक्षा के

चलो बंद करे द्वार प्रतीक्षा के
लौट चले हम फिर अपनी अपनी दुनिया में
ना पट  तुम थपथपाना
ना मैं राह  तकूँ
अब मत पुकारना तुम
मुझे अपनी तन्हाईयों में
और मैं खुद को भूलूँ तुम्हे भुला देने में
मनीषा 

Saturday, August 15, 2015

बरस बाद फिर वही दिन आया

बरस बाद फिर वही दिन आया
आज सबको अपना वतन याद आया
जश्न -ए -आज़ादी मनाई सबने
एक बार फिर सबको इतिहास याद आया
अलमारी में रखा खादी का कुरता पायजामा 
कड़क इस्त्री हो इतराता बाहर आया
हर दरो दीवार पर सजा तिरंगा
शाम तक सड़कों पर फिर गिरा पाया
किसी को गांधी किसी को भगत सिंह याद आया
किसी ने सीधा तो फिर किसी ने उल्टा ही तिरंगा लहराया
कितने भूले बिसरों को खबरों की तरह
कारगिल युद्द और अट्टारी बॉर्डर याद आया
जो खा गया है दीमक की तरह मुल्क को
वो भी आज शहीद-ए -मज़ार पर फूल चढ़ा आया
मनीषा