Pages

Thursday, October 8, 2015

एक पुरानी एलबम में

एक पुरानी एलबम में कैद रखे हैं कुछ लम्हे
 जब ज़िंदगी से कुछ वक़्त  मिलता है तो जी लेते है
तस्वीर दर तस्वीर
कुछ मुस्कुराहटें लौट है होंठो पर
कुछ आँसू  पलकों  में झिलमिला  जाते हैं
मनीषा 

Tuesday, August 18, 2015

चलो बंद करे द्वार प्रतीक्षा के

चलो बंद करे द्वार प्रतीक्षा के
लौट चले हम फिर अपनी अपनी दुनिया में
ना पट  तुम थपथपाना
ना मैं राह  तकूँ
अब मत पुकारना तुम
मुझे अपनी तन्हाईयों में
और मैं खुद को भूलूँ तुम्हे भुला देने में
मनीषा 

Saturday, August 15, 2015

बरस बाद फिर वही दिन आया

बरस बाद फिर वही दिन आया
आज सबको अपना वतन याद आया
जश्न -ए -आज़ादी मनाई सबने
एक बार फिर सबको इतिहास याद आया
अलमारी में रखा खादी का कुरता पायजामा 
कड़क इस्त्री हो इतराता बाहर आया
हर दरो दीवार पर सजा तिरंगा
शाम तक सड़कों पर फिर गिरा पाया
किसी को गांधी किसी को भगत सिंह याद आया
किसी ने सीधा तो फिर किसी ने उल्टा ही तिरंगा लहराया
कितने भूले बिसरों को खबरों की तरह
कारगिल युद्द और अट्टारी बॉर्डर याद आया
जो खा गया है दीमक की तरह मुल्क को
वो भी आज शहीद-ए -मज़ार पर फूल चढ़ा आया
मनीषा

जिन कंधों ने संगीन उठाई उनके साथ ही द्रोह हुआ

जिन कंधों ने संगीन उठाई
 उनके साथ ही द्रोह हुआ
उस पर उनके अपने ही
आज हाथ उठाते है
सम्मान कभी मिलना था जिन्हें
 घूँट अपमान का पी रह जाते हैं
जिन कंधों ने संगीन उठाई
 उनके साथ ही द्रोह हुआ

अपना ही अधिकार मांगना
हो अपराध कब से गया
तिरंगा जिस के शव का हो अधिकार
वह इतना विवश क्यों हो गया
देश के पूर्व प्रहरी को
जो आँख दिखाते हैँ
याद करें कभी उसकी निगरानी में
सपने सुखद सजाते थे
जिन कंधों ने संगीन उठाई
उम्र के बोझ तले झुके जाते हैं


सीमाओं की रक्षा के लिए उसने
जीवन भर संघर्ष किया
घर जो लौटा तो पाया
भाई ने भाई से भेद किया
जिस घर गांव की रक्षा में
उसने अपना सर्वस्व दिया
वहीं कभी नदिर ने कभी नस्जिद ने
एक दूजे को ख़ाक किया
जिन कंधों ने संगीन उठाई
 उनके साथ ही द्रोह हुआ

हंस कर उसने हर वेदना में
जिनका साथ दिया
उसी देशवासी ने
उससे कैसा घात किया
नेताओं की बपौती
आज उसका देश हुआ
आज  रूपया हर बात में सर्वोपरि हुआ
उसने जाना उसके बलिदान का मूल्य
कितना अब क्षीण हुआ
जिन कंधों ने संगीन उठाई
 उनके साथ ही द्रोह हुआ

मनीषा

है ये देश अपना इस पर गर्व ज़रूरी है





है ये देश अपना इस पर गर्व ज़रूरी है
हो संकट कितना ही गहन पर प्रयास ज़रूरी है
बहुत कुछ काला है यहाँ
माना है बहुत घोटाला यहाँ 
इन अंधेरो में दीप जलाना ज़रूरी है
है ये देश अपना इस पर इतराना ज़रूरी है

आरोप प्रत्यारोप है आम यहां
संसंद में है रोज़ करतब यहां
इन गलियारों में सच को दोहराना ज़रूरी है
है ये देश अपना इस पर इतराना ज़रूरी है
धर्म के हैं विविध रंग यहाँ
ढोंग का भी लगा नित बाज़ार यहाँ
इंसा का इंसा पर विश्वास ज़रूरी है
है ये देश अपना इस पर इतराना ज़रूरी है

आसमानों सी ऊँची उड़ान यहाँ
बीती सदियोँ का है ज्ञान यहाँ
बल -शक्ति से दुश्मन का दिल दहलाना भी ज़रूरी है
है ये देश अपना इस पर इतराना ज़रूरी है

रंग केसरिया भी शान यहाँ
हरे रंग का भी है मान यहाँ
अपने सब रंग बिसरा,लहराना एक तिरंगा ज़रूरी है
है ये देश अपना इस पर इतराना ज़रूरी है
है ये देश अपना इस पर गर्व ज़रूरी है
हो संकट कितना ही गहन पर प्रयास ज़रूरी है
मनीषा