Pages

Thursday, November 29, 2012

दस्तक





बार बार उन बंद दरवाजों पर  दस्तक दे लौट आती हूँ 
बार बार अपनी वेदना से विवश फिर उसी देहरी पर लौट जाती हूँ 
अब परिचित सा लगता है वो दरवाज़ा 
खुलता तो नहीं है 
पर जैसे हर बार पूछ लेता है 
"कैसी हो तुम , फिर लौट आई हो तुम 
तुम एक दम मेरे जैसी हो 
अपने भीतर बंधी गांठो से विवश 
और मैं अपने भीतर मजबूती से लगी सांकल से "
मैं फिर धीमे से कभी जोर से दस्तक दे रूकती  हूँ देर तक 
और पौ  फटने से पहले लौट आती हूँ 

Tuesday, November 20, 2012

तुम ध्यान मत देना इन पर



हर साल चला आता है ये दिन
 हर साल सोचती हूँ
इस बार नहीं हूँगी उदास 
इस बार करूंगी मुस्कुरा के तुम्हे याद 
पर हर साल खुद ही चले आते हैं पलकों में ये आंसू 
और दिल में एक टीस सी उठ जाती है 
तब नज़र जाती है दीवार पर टंगे कैलेन्डर पर 
और तारीख़ नश्तर सी दिल में उतर जाती है  
साल बदले मौसम बदले 
बदले जाने कितने पल छिन 
बहुत कुछ बदला जीवन में भी 
कुछ बीता अच्छा कुछ बीता बुरा भी 
हर पल तुम याद आई 
कभी लगा तुम साथ हो मेरे 
कभी लगा जाने कहाँ खो गई तुम 
कभी तुम्हे हंस कर याद किया 
कभी तुम्हे एक बार फिर छूने का जी किया 
कहते हैं जी ऐसे बिछड़ जाते है 
हर साल लौट के फिर आते हैं इस दिन 
देहरी पर देखने कैसे जीते हैं लोग उनके बिन 
इसीलिए सोचती हूँ की इस साल मुस्कुरा कर करूं  स्वागत तुम्हारा 
पर ये बेईमान आंसू फिर भर ही आये हैं 
तुम ध्यान मत देना इन पर 
तुम आओ जब आज इस देहरी पर यहाँ से खुश ही जाना 
मैं खुश हूँ तुम्हारे बिना जीवन अधूरा सा तो है 
लेकिन फिर भी मैं खुश हूँ अपने आप में मैं पूरी हूँ 
तुमने जो सिखाया था बताया था उस राह को थामे चलती हूँ मैं 
जो रिश्ते तुमने बोए थे संजोये थे 
उन रिश्तों ने सम्भाला मुझे और मैंने भी संजोये हैं कुछ नए पुराने रिश्ते 
तुम्हारी और अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए 
तुम आओ जब आज इस देहरी पर यहाँ से खुश ही जाना 
तुम ध्यान मत देना इन पर 

Sunday, October 7, 2012

ऐ खुदा

जो मेरी  आँखों से बहते खारे पानी को मोती समझ कर सजा ले अपने कन्धों पर 
ऐसा एक दोस्त बक्श मुझे मेरे ऐ खुदा 
तो जानू तू गुनाहों को माफ़ किया करता है 

Tuesday, September 11, 2012

ये किस शहर में ला छोड़ा

ये किस शहर में ला छोड़ा  है मुझे मेरे खुदा
ना  रिवायतों का कुछ  पता है न भाषा की पहचान
हर शख्स ओढ़े हुए है कोई नकाब
ना अपनों का ही पता है न परायों की पहचान
मेरे सच को भी झूठा बतलाया है हर किसी ने
छीन ली है आज मेरे आईने ने  भी मेरी पहचान
इतनी तन्हा तो मैं उससे से बिछड़ने पर भी नहीं थी
जितनी तनहा उस से मिल कर हुई हूँ आज

Wednesday, August 29, 2012

तुम अपनी आशा

तुम अपनी आशा 
अपना विश्वास , अपनी उमंग सहेज लो
मुझे केंद्र नहीं बनना है
तुम्हारे उच्छाह का 
अपने दायरों में मैं सुखी नहीं यह कब कहा था मैंने तुमसे
जो तुम मेरे चारों ओर 
उग आई इन कंटीली झाड़ियो पर
फूल खिलाने लगे
तुम्हारे उत्साह की सुनहली धूप में मुझे 
अपेक्षाओं की जलन महसूस होती है
तुम्हारे उमंग के क्षितिज पर तुम्हारी ही 
इच्छाओं की इन्द्रधनुषी परछाईयाँ नज़र आती हैं 
जो अपने मिथकों की लपलपाती  जिव्हा लिए 
मेरे स्वछंद आकाश को लीलने के लिए आतुर हैं
पर 
मुझे केंद्र नहीं बनना है तुम्हारे अटूट भोले विश्वास का
नहीं चाहती हूँ की तुम
मेरी नीव पर अपना शीशमहल खड़ा करो
अपेक्षाओं की कसौटी पर खरोंच लग ही जाती है रिश्तों को
अपने अलंकृत जीवनमे
मुझे संवार कर मूर्तिवत किस कोने में खड़ा करोगे
नहीं तुलना है मुझे तुम्हारी
अतृप्त आकांक्षाओं के बाट से
इसलिए तुम अपनी आशाओं 
अपनी उमंगो और विश्वासों की पोटली बाँध लो
और सिरा दो उसे 
किसी और सुनहली सरिता में