Pages

Wednesday, April 18, 2012

मेरी इन लकीरों में पीरों को दिख जाते हो

तुम बिछड़े हुए मीत से 
मेरी  इन लकीरों में पीरों को दिख जाते हो
हर कोई पूछ बैठता है किसे खो दिया था तुमने 
और मन विकल सा फिर भी तुम्हे नकार  जाता है
एक टूटे हुए सम्बन्ध से 
तुम मेरी हथेलियों में  रच गए हो, उस मेहँदी से 
जो शहनाईयो की गूँज में कभी धुल गयी 
उम्र भर बस एक सवाल से तुम मेरे भीतर घुमड़ते हो 
उन बादलों से ओस से हर रात बरसते रहे 
इन आँखों में  जाने कितने पतझड़ समाए 
सावन आया भी  था कभी, पता ही न चला इन्हें 
और अतीत में उलझे हम अपने अपने वर्तमान जीते रहे 
manisha

Monday, February 27, 2012

मुझे, तुम्हे भूलना होगा !

नाज़ था मुझे मेरी मोहब्बत पर

उस बेपरवाह से मगर उम्मीद थी कुछ कम

पूछा मैंने, उस से हंस कर

"याद भी करोगे कभी तुम मुझे,

मेरे जाने के बाद?"

उसने कहा , "कैसे?,

उसके लिए पहले मुझे तुम्हें भूलना होगा !"

और आज तक नहीं भूली उसकी वो बात।

रौशनी पकड़ना चाहते हो


रौशनी पकड़ना चाहते हो ,
तो अपनी उँगलियाँ फैला दो
बंद मुठ्ठी  में अंधेरो के सिवा कुछ न पाओगे 
ख्वाहिश है अगर 
आसमान को छूने की 
धरा में अपने पांव बो दो वृक्ष सा उग जाओगे
समुद्र पी जाना चाहो अगर
तो मरुस्थल कि प्यास भी रखो
अन्यथा मन के भीतर 
थुलथुले सरोवर के सिवा कुछ न पाओगे
सच कहने कि चाह  रखते हो अगर तो
सच सुनने कि ताब भी रखो 
धरती में  चेहरा छुपाओगे  तो 
तप्त पत्थरों और आग के सिवा 
कुछ न पाओगे

अनायास मिले उस अजनबी के नाम जो मुझे सूरज दिखा गया 

मैं प्रतीक्षा रत थी

मैं प्रतीक्षा रत थी यह जानते हुए भी
 कि तुम नहीं थे इस पथ के बटोही,
पर फिर भी प्रतीक्षा थी कि 
कभी राहें भटक कर 
इस पथ से यूं ही मिल जायेंगी
और यह सूना पथ 
किसी पदचाप से बज उठेगा
शायद इसीलिए
मैं प्रतीक्षा रत थी,
बाँधे मैंने बंदनवार
पथ पर बिछा दिए खिले हरसिंगार,
और सजाए दीपों भरा थाल 
मैं प्रतीक्षा में रही खड़ी
तुम आए भी,
मेरी स्वागत तृषा बुझाने तुम आए भी 
पर तब,  जब पूजा के फूलों 
में कंटीली झाड़ियाँ फूट आयी थी
रास्ते पर कितने ही पथिक 
अपनी धूलि उतार गए थे
और बचा था 
मेरे प्रतीक्षारत नैनों में 
केवल  स्वागत भाव 
हर अपरिचित अजनबी के लिए ,
जो फेंक जाता था ,
मेरे लिए भूख मिटाने का सामान 

Friday, February 24, 2012

फुर्सत

सुबह की उजली धूप और गर्म चाय का कप


ज़िन्दगी में फुर्सत के बस इतने लम्हे काफी है