Pages

Monday, December 31, 2012

हे नारी ! तू पहचान

जीवन साथी ने तज दी  तो सीता कहलाई
दरबारों में लुटी तो द्रौपदी कहलाई 
किसी ने चुराया किसी ने दांव पर हराया 
पर मत भूल तू 
लिया जब रौद्र रूप तो दुर्गा काली कहलाई 
हर सीता को मर्यादा पुरोषोत्तम राम नहीं मिलता 
हर द्रौपदी को कृष्ण का चीर नही मिलता 
पर मत भूल तू 
किसी पुरुष को सिंह सवारी का मान नहीं मिलता 
तू  स्रष्टि तू ही काल 
तू जग जननी तू ही विनाश 
तूने ही पोसा है पुरुष का पुरुषार्थ 
पर मत भूल 
तू एक पल को बंद कर ले मुट्ठी 
रुक जाएगी धरती, रुक जाएगी  उस सृष्टा की सृष्टि 
जब तक भूली है तू अपनी ताकत 
तब तक ही तेरा विनाश 
हे नारी ! तू  पहचान 
हे नारी ! तू  पहचान 

Sunday, December 30, 2012

अजन्मी बच्ची



खरोंच कर कोख से तुमने निकाल दिया जिसे 
माँ तेरी वेदना से निकली अजन्मी बच्ची हूँ मैं 
जीना तो मैंने भी चाहा था पर मूक थी 
क्योंकि विशाता ने गढ़ी नही थी तब तक मेरी जुबां 
नही जानती थी जिनके मुँह  में रख भी देता है वो जुबां 
उस जन्मी बेटी की चीखे सुन सके ऐसे कर्ण वो नही गढ़ता 
आज धन्य मानती हूँ की मैं जन्मी ही नहीं 
जब मुझे ऐसे ही मिट मिट कर जीना था 
लोहे की सांखल से विक्षिप्त हो मरना था 
जीती तो भी क्या करती 
माँ  तेरे समाज की रीतियों की बलि चढ़ती 
शायद दो जून पूरे खाने को तरस जाती 
या दहेज की वेदी पर जल जाती 
जब तक जीती तब तक 
नोची खासोटी जाती 
आसपास से घूरती गंदी नज़रों  से कब तक बच  पाती 
मैं अजन्मी रही तो शायद अच्छा ही है 
तू माँ  अकेली मुझे कैसे पाल पाती 
कब तक मुझे बचाती 
जब तू भी तो विवश है 
मिट मिट कर जीने को 
फिर आऊँ माँ तब भी मुझे गिरा देना 
तेरी इस दुनिया से रूठ गई हूँ मैं 
जहाँ मुझे मेरे लिए  कोई देहरी नही मिलती 
तुझसे प्यार तो बहुत करती हूँ मै 
पर रोज़ रोज़  मरने  से बहुत डरती हूँ मैं 

मनीषा 


केदारनाथ

जब फलक तक दुआ उठे और नामंजूर हो जाए 
क्या करे इंसान जब खुदा  ही मजबूर  हो जाए 

Saturday, December 29, 2012

दामिनी

तेरी हैवानियत के आगे मेरी ज़िन्दगी  हार तो जाती है 
पर नही मिट्टी फिर भी ये जीने की चाह 
तू रौंद तो सकता है तन को मेरे 
पर मेरे वजूद को कुचल सके वो ताब तुझमे नही है 
मैं मर ही  गई तो क्या 
मुझ पर तूने सियासत कर भी ली तो क्या 
मुझे चुनवा दे चाहे तू अपनी मिनारों  में तो क्या 
मैं तेरे इतिहास के हर पन्ने से 
उभर आऊँगी 
मैं इस मिट्टी में मिल कर 
इस मिट्टी की बेटी बन उग आऊँगी 
तू मेरे एक अस्तित्व को नकार सके तो नकार 
मैं तुझे हर घर हर चौराहे पर खडी मिल जाऊँगी 
तू मुझे मिटा सके तो  मिटा 
मैं तेरे भीतर 
तेरी आत्मा की आवाज़ बन जाऊँगी 
मनीषा 

Monday, December 24, 2012

नेता जी का कथन


यह  कुर्सी बहुत प्यारी है 
उसे न छोड़  पाऊँगा 
सब हथकंडे अपनाऊँगा 
तुम आवाज़ उठाना चाहते हो 
और क्रांति लाना चाहते हो 
तुम शोर बहुत मचाते हो 
कभी लगता है मेरी कुर्सी ही 
उखाड़ना चाहते हो 
बस और नही मैं सह सकता 
ये शोर बहुत डिस्टर्बिंग है 
मैं सुन नहीं सकता 
बहुत समझाया है तुम्हे 
तुम नग्न शून्य हो 
मेरे लिए केवल कुर्सी का पथ -मार्ग हो 
जरा से वोटो की गिनती हो 
तुम सोचते हो तुम ही सारी सृष्टी हो 
क्या उखाड़ लोगे 
थोड़ा झंडा जो फहरा लोगे 
और चीख पुकार लोगे 
मेरे पास सत्ता है बहुमत है 
ये संविधान  है 
और मेरे पास सौ विधान है 
तुम्हारी हर समस्या का जानता हूँ
 बस एक निदान है 
लाठी बम और गोले बहुतायत में हैं 
तुम्हारे संग रोने को अश्रु भी मेरे लालयित हैं 
कहो किस बात से मानोगे 
पिसोगे रोज़ी की चक्की में
 या इस बार सैन्य  बल से हारोगे 
मेरी कुर्सी बहुत प्रिय है 
माफ़ करना तज नही सकता  
फिलहाल तुम्हारे लिए 
कुछ कर नही सकता 
मनीषा