Pages

Monday, February 19, 2024

शब्द आघात करते हैं

 

शब्द आघात करते हैं।

जलते हैं, कुढ़ते हैं

मन पर मूक प्रहार करते हैं।।


शब्द आघात करते हैं।।



चुभते हैं शूल से 

सीने में सिल से गड़ते हैं

अस्तित्व पर बेहिचक सवाल करते हैं।।


शब्द आघात करते हैं।।


घूमते हैं दिलो दिमाग पर

गूंजते हैं बिस्तर की सलवटों पर 

रात दिन बस परेशान करते हैं।।


शब्द आघात करते हैं।।


तुम्हारे शब्द बस अब 

बार बार वही सवाल करते हैं

मन पर प्रहार करते हैं

शब्द आघात करते हैं।।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Sunday, January 28, 2024

इक तेरी खामोशी है एक मेरा इंतज़ार

 इक तेरी खामोशी है एक मेरा इंतज़ार।

ना वो टूटती है, ना ये ख़त्म होता है।।


मिलते हैं लोग क्यों  बिछड़ने को सदा।

ना मालूम इश्क में ये कायदा क्यों होता है।।


तेरी रूखस्त तक रुकी थी मैं वहीं तुझे देखते।

ना जाने तुझ से अब मिलना कब होता है।।


लिखती हूं मिटाती हूं रोज वही एक पैगाम।

ना जाने तुझ से कहने का हौसला कब होता है।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Friday, January 26, 2024

जो तुम आओ

 कितने रत्न पहनूं

कितने चिन्ह सजाऊं

चौखट पर 

जो तुम आओ ।।


कहो तो, मंत्र जपूं और 

तीर्थ कर आऊं नंगे पांव

जो तुम आओ।।


क्या वास्तु दोष है 

या जाऊं किसी बामन से

पत्री बचवाऊं

जो तुम आओ ।।


नसीब का है 

क्या ये खेला ?

क्या ये  कोई साजिश है

दुनिया की?

करूं क्या उपाय

कि मेरी तकदीर में 

जो तुम आओ।


मनीषा वर्मा

#गुफ़्तगू

Saturday, January 13, 2024

इश्क तो हो सकता है ना

इश्क तो हो सकता है ना

खिली सी धूप हो और 

हवा से एक जुल्फ बिखर जाए 

एक उन्मुक्त हंसी जाने 

कब मन को छू जाए 

तब इश्क तो हो सकता है ना?


घोर कुहासा हो

कांपती ठंड में 

लाल टोपी और सफेद मफलर में 

कब कोई दो आंखे टकरा जाएं

तब इश्क तो हो सकता है ना?


किसी टपरी पर साथ बैठे 

चाय के प्यालों के बीच 

उठते ठहाकों में 

जब मन मिल जाएं 

तब इश्क तो हो सकता है ना?


किसी रेल के सफर में 

किताबों के पन्ने पलटती तुम

कभी मिल जाओ

तब इश्क तो हो सकता है ना?


सड़क किनारे बातों बातों में

सामने आसमां पर 

जब चांद में तुम्हारा अक्स दिखने लगे 

तब इश्क तो हो सकता है ना?


भरी भीड़ में 

सड़क पार करते तुम जब

मेरा हाथ थाम लो

तब इश्क तो हो सकता है ना?


अजनबी शहर में 

एक दस्तक से खुलते 

दरवाजे पर जब तुम मिल जाओ

तब इश्क तो हो सकता है ना?


तब एक शायर बुदबुदाया 

हां शायद इश्क तो कहीं भी 

कभी भी किसी से भी 

हो ही सकता हैं

ये आँसा होगा बस ये शर्त मत रखना।।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Thursday, January 11, 2024

मैं पूछना चाहती हूं

 मैं पूछना चाहती हूं

नदी से क्यों चुप सी बहती है?

पूछना चाहती हूं पहाड़ से 

क्यों दर्प से तना है ?

पूछना है मुझे समुद्र से 

क्यों इतना बेचैन है?

ओर पूछना है इस धरती से 

क्यों सब सहती है?


पूछना तो मुझे यह भी है

ईश्वर से

निष्पक्ष क्यों नहीं है तुम्हारा न्याय?

किंतु परंतु से हट कर 

चुप है ईश्वर 

निरुत्तर खड़ा है 

एक  स्वर्णद्वार के परे 

शायद अपनी ही कृति पर विस्मित

अचकचाया सा प्रश्नों से बचता हुआ।

आखिर कहे भी तो क्या?

शायद उसने भी नहीं सोचा था 

सूर्य और चन्द्र के बीच 

मन का इतना गहन अंधेरा होगा।

और मैं

एक प्रश्न चिन्ह सी

हाशिए पर खड़ी हूं

निरुत्तर

निःतांत अकेली।।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू