Pages

Sunday, January 7, 2024

श्वास है तो सब है

 श्वास है तो सब है

मन धौकनी की तरह 

चलता है तो जग है

हंसना हसाना

मिलना मिलाना

रूठना मनाना

जीवन है तो सब है

फिर क्या रहता है

कुहासे सा विराना 

एक अंतहीन शून्य

अभी था सब

अब कुछ नहीं है

वस्त्र आभूषण

ढेर से आडंबर

सब बेकार

हाथ में स्पर्श का

अहसास तक नहीं

आंखों में बस विदाई 

का वो एक आखिरी पल

मन की कितनी अधूरी बातें

अधूरे से सपनों की

टूटी पांखे

है और था में कितना अंतर

एक ना भरने वाला 

खालीपन

ये सारे सूने सूने पल

आंसू पी कर लगाना

ये ज़ोर के ठहाके 

अपने खाली मन को 

देना रोज़ दिलासे

ढूंढना जीने के 

फिर रोज़ नए बहाने

सबसे कहना 

सब ठीक है 

और दिन के साथ 

उगते जाना ढलते जाना

सच सांस है तो सब है

जीने का ये कैसा अधूरा सा

सबब है।।


मनीषा वर्मा

#गुफ़्तगू

Sunday, December 10, 2023

भुलावे

 उन्हें रोटी में उलझाए रखना 

मुंह खोलें तो 

जाति पांती में भुलाए रखना

वाद विवाद करता है प्रतिवादी

उसे हास्य पात्र बनाए रखना

ना कुछ कर सको तो 

शहरों के नाम बदल देना 

बहुत कोई बढ़ चढ़ बोले 

तो उस पर कई धाराएं लगा देना 

याद रहे ये भोली जनता है 

इसे भविष्य के वादों

और इतिहास की गलतियों में 

बहलाए रखना।।


मनीषा वर्मा

#गुफ़्तगू

Tuesday, November 21, 2023

तुम बिन

 थोड़ा सा पागल हो जाना 

स्वीकार मुझे 

तुम बिन जीना कितना दुश्वार मुझे।।

 

बिना पैर के चलती हूं

बिना हंसी के हंसती हूं

तुम बिन कहां कोई व्यवहार मुझे ।।


ना आसमां कोई सिर पर मेरे 

ना पैरों तले ज़मीन मिले 

तुम बिन त्रिशंकु सी हर ठौर मुझे ।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

उठो ना मां

 अजीब ही है

जैसे गले में एक शब्द घुट कर रह गया 

उस दिन...

मां

आज भी उतनी ही वेदना से 

भीतर घुड़मता है वही बार बार ।।

यहीं आ कर चेतना शून्य हो जाती है

मन तर्क कुतर्क से परे 

बस चीखना चाहता है... मां उठो।।


मन है कि बस 

देखना चाहता है वही  स्नेहिल मुस्कान 

महसूस करना चाहता है वही स्पर्श

जो पूरी प्रकृति में कहीं नहीं है

और अतीत की कोई स्मृति 

जैसे ही मन गुदगुदाती है

नजर घूमती है बगल में कि अरे मां को बताएं

लेकिन वो जगह तो खाली है

वहां कोई नहीं है सुनने को

और फिर मन चीख उठता है

मां... उठो।।


छुट्टियां आती हैं त्योहार आते हैं 

जिनके पास मां हैं वो लौटते हैं 

उनके पास घर हैं लौटने को 

हमारे पास भी है एक मकान 

एक घर हमारी संतानों के लिए 

पर हमारा घर ?

दिए की लड़ियां लगाते हुए 

मां की सब सावधानियां याद आती हैं

दूर से जगमग देख कर मन सोचता है

पूंछू ठीक लग रही है ना

लेकिन किससे

और फिर मन चीख उठता है 

मां ....सुनो ना

कहां गईं?

मां...उठो 

तुम्हारी संतानें अभी है 

तुम कैसे जा सकती हो?

किसने तुम्हें छूट दे दी कि

चल दो इस अंतिम सफर पर

ना नहीं

मां....उठो, 

उठो ना मां ।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ्तगू




Saturday, November 18, 2023

सुलगते शहर

 ये उठता धुंआ ये सुलगती लाशें

ये बच्चों की चीखें 

ये स्त्रियों का रूदन

ये खंडहर शहरों के 

ये मलबों में दबे मासूम हाथ

ये अध कटे बदन

ये सड़कों पर चीथड़े मांस के 

ये किस ने बारूद से उड़ा दी हैं

मानवता की धज्जियां?


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू