Pages

Monday, November 6, 2023

मैं भूखा हूं

 मुझसे अधिकार और अन्याय की बातें मत करना 

मैं भूखा हूं

बात मुझसे सिर्फ रोटी की करना ।।


ना शर्म नहीं ग्लानि नहीं

कोई लाज लज्जा नहीं

मैं भूखा हूं 

बात मुझसे सिर्फ रोटी की करना ।।


क्या बाबू तुम क्या जानो

खाली पेट की खाली बातें

भूख से तड़प वो

आंत दाब नशीली नींद सोना ।।


घूंट भर पानी गट गट पीना

रोज़ जीना रोज़ सौ बार मरना 

बाबू मैं भूखा हूं 

मुझे चाहे सौ गाली देना 

बस बात मुझसे सिर्फ रोटी की करना ।।


और बात ही क्यूं

अगर हो सामर्थ तुम्हारी तो 

पहिले एक रोटी देना

फिर पीछे चाहे जितने आश्वासन देना  ।।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Sunday, November 5, 2023

वो मुझको मेरी नजर से कब देखता है

 वो मुझको मेरी नजर से कब देखता है

वो जब भी देखता है मुझमें आईना देखता है।।


यूं तो मालूम है उसको मेरी मजबूरियां

फिर भी मुझसे मिलने के ठिकाने देखता है।।


क्यों मिलता है वो ऐसे खुलकर मुझसे

ऐसे तो हर शख्स अपनी कैफियत देखता है ।।


कह कर भी वो कुछ कहता नही है 

वो जमाने की नजर देखता है ।।


यूं तो है ये शहर उसके लिए अजनबी

वो मुझे क्यों फिर अपनों में  देखता है।।


लिख कर भेजा है एक खत मेरे नाम

मुझसे बतियाने के वो बहाने देखता है।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू


Tuesday, October 24, 2023

तन्हा तन्हा चलते रहे

 तन्हा तन्हा चलते रहे 

एक सफर से हम भी गुजरते रहे।

सुबह बुनते रहे कुछ रेशमी धागे

रात  भर गिरह खोलते रहे।।


ना समझा इश्क ने कभी हमें

ना हम समझ सके कभी इश्क को।

इस तरफ़ लिखते रहे हम खामोशियां

उस तरफ वो चुप्पियां सुनते रहे।।


हाथ थाम कर इस तरह बेबस किया

उन्होंने, हम ना किसी काबिल रहे।

इस तरह गुजरा उम्र का सफर

हम राह तकते रहे और वो आते ही रहे।।


मनीषा वर्मा


#गुफ़्तगू

Sunday, September 17, 2023

अंतिम विदाई अंतिम प्रणाम

आज फिर मैं जो सफर पर चला

किसी ने लौट कर आने को ना कहा

ना माथा चूमा ना दोनो हाथ उठा आशीष भरा

किसी ने आंचल से नाम आंखे पोछते विदा ना किया

आज फिर जो मैं सफर पर चला।।


ना हाथ में डब्बा था नमकीन भरा 

ना घी चुपड़ी रोटी और आचार 

ना थी घर की वो पुरानी नेमते

थोड़ी सी रोली चावल की गोदी

और झूठमूठ के वादे और 

वो सच्ची कसमें और सख़्त हिदायते

आज जो फिर मैं सफर पर चला।।


ना लौट कर आने को कहने वाले पिता थे 

ना ठीक से रहना कहती अम्मा 

ना फिर आने को कहती भाभी  

ना पीठ थपथपाते  भईया 

था बस एक सूना द्वार

जर्जर होती जा रही दीवार से झड़ता पलास्तर

और जंग खाता चुप सा जंगला

आज जो फिर मैं सफर पर चला।।


मनीषा वर्मा


#गुफ़्तगू

Saturday, September 16, 2023

द्वार बंद कर आई हूं

द्वार बंद कर आई हूं

सब चाबियां समेट लाई हूं

लेकिन ताले कहां रोक सकेंगे

बदलते समय के प्रवाह को

फिर भी एक समंदर अपने भीतर

समेट लाई हूं।।

अब द्वार बंद कर आई हूं।।


सांकल चुप थी दीवारें उदास 

हां एक पंखा था पूरी शिद्दत के साथ घूमता

एक  अधूरे दिलासे की तरह रोकता

उसे भी अलविदा कह आई हूं।

अब द्वार बंद कर आई हूं।।


आकाश बहुत नीला था उस छत पर

चांद सदा पूरा था उस आंगन  पर 

शाम उतरती थी सुनहरी भोर होती थी रूपहली 

एक पैगम्बर था आगे पीछे  एक ईश्वर था

अज़ान और घंटियों से भरी भोर छोड़ आई हूं

अब द्वार बंद कर आई हूं।।


तन पर पगधूलि लपेट आई हूं

छत पर थोड़ा भीग आई हूं

एक आखिरी बार छज्जे से 

उतरता सूरज देख आई हूं

चिर परिचित वो शाम बटोर लाई हूं।

अब द्वार बंद कर आई हूं।।


फर्श पर धूल के बीच थे वो गढ्ढे 

जो हमने तुमने मासूम उंगलियों से कभी भरे थे

एक चौखट थी कच्ची सी, मां के हाथ की बनी

उस पर इतराता बंदनवार छोड़ आई हूं

अब द्वार बंद कर आई हूं।।


एक गठरी बातें उन दीवारों की समेट लाई हूं

थोड़ी खुशी थोड़ी राहतें संग ले आई हूं

पूजा घर से भगवान उठा लाई हूं 

हमारी उस देहरी पर शीश नवा आई हूं

तुम्हारे लिए मां के पुराने खत संभाल लाई हूं

अब द्वार बंद कर आई हूं।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू