Pages

Tuesday, August 8, 2023

लेखनी मेरी

 अक्सर पूछ लेते हैं लोग

तुम लिखती हो तो इसे छपवाती क्यों नहीं?

उन्हें क्या बोलूं कागज़ पर स्याही से नहीं

छापनी मुझे अपनी अभिव्यक्ति।

मुझे छापनी है मानस पर 

मानस की अपनी भाषा में

जिनमे बू तो हो मेरी अभिव्यक्ति की

लेकिन प्राण मानस के हों

कभी तो लिखूंगी एक सार्थक रचना 

जो किसी मन में उतर कर बस जाएगी।

जाने कब लिखूंगी वो एक कविता, तब तक 

शब्दों को ढलने दो,

जैसे ढलते हैं दिन और रात ।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Monday, August 7, 2023

मुझे उस दर जाना भी नहीं है

 मुझे उस दर जाना भी नहीं है

पर मेरा ठिकाना भी वही है।

कर तो लूं किस्मत पर भरोसा

पर ये रास्ता पहचाना भी नहीं है।।

मुझे उस दर जाना भी नहीं है।

पर मेरा ठिकाना भी वहीं है।।


खंडहर है तो तब भी वो भी मेरा है

बीते दिनों का अफसाना भी वहीं है

कर तो दिया उसे नजर किसी और की

पर मेरा आशियाना भी वही है।।

मुझे उस दर जाना भी नहीं है

पर मेरा ठिकाना भी वहीं है।


लिख कर कर देती हूं जिस्म से दूर 

दर्द का कोई पैमाना तो नहीं है।।

कर तो लिया है पत्थर दिल 

पर ये फैसला मर्ज़ी मुताबिक भी नहीं है।।

मुझे उस दर जाना भी नहीं है

पर मेरा ठिकाना भी वहीं है।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Friday, August 4, 2023

इस रात को खबर क्या

 इस रात को खबर क्या दिन की बेचैनियों की

लम्हा लम्हा कर के गुजरती जाती है।।


रक्खी हैं पेशानी पर संभाल के उम्र की कुछ लकीरें

जिंदगी बस यूं तितर बितर सी कटती जाती है।।


उस से मिलने और बिछड़ने का सुरूर कुछ ऐसा है

दोपहर ख़ामख़ाह शाम के इंतजार में निकल जाती है।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Thursday, July 20, 2023

आह! कब तक!

 शर्म शायद मर गई

उन्हें नहीं किया नंगा

खुद हुए तुम नंगे

वे तो ढक लेंगी तन को

मन के घाव भी सह लेंगी

पर तुम? तुम कैसे देखोगे खुद को 

अपने भीतर के उस अट्टहास

लगाते दुशासन को

जो तुम में समा गया है

और डराता है तुम्हारे आस पास 

रहती मां बहन और बेटियों को

जानती हूं कृष्ण अब नहीं आते 

ना कोई जागता है भीम किसी के भीतर 

इसलिए तुम्हें तो जीना ही होगा 

अपने इस पिशाच रूप में 

तुमने लिया है ना जन्म इस राम की धरती पर 

तो यही दंड है तुम्हारा

तुम्हारे आस पास रहने वाली 

कोई स्त्री कभी महफूज़ नहीं रहेगी

सदियों तक विलाप गूंजेगा इस ब्रह्मवृत भूमि पर 

और द्रौपदी की तरह हर स्त्री ढोएगी

इल्जाम अपने हास्य का , तंज सिर उठाने का 

और संकोच जन्म का।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Wednesday, July 19, 2023

उम्मीद के चिराग

 उम्मीद के चिराग भी अंधेरे भर देते हैं

ये तेरे ख़्वाब, कभी नींदें भर देते हैं।।


ज़िक्र करते हैं तेरा बहुत बेरूखी से

रोज़ बहाने से तेरी खबर लेते हैं ।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू