Pages

Monday, April 3, 2023

संगिनी

 बहुत इच्छा होती है वो

दो पल पास बैठे हाथ पकड़े

थोड़ा चलो साथ सैर ही कर आएं

थोड़ा गुनगुनाएं

नौकरी में था अब तक

कहां फुरसत थी

फिर बच्चे और दुनियादारी

वक्त ही कहां मिला

रिटायर हो गया तो वक्त ही वक्त

अब सोचता हूं वो पास बैठे 

हम कुछ बात करें

उसकी बातें शायद चुक चुकी हैं

वो व्यस्त है सुबह का नाश्ता दिन का खाना 

महरी से लगाई बुझाई

इधर साफ उधर पोछ

ना उसे वक्त नहीं मिलता

कितने तो आने जाने वाली हैं

महरी सब्जी वाली कूड़ा ले जाने वाला

सामने गली बुहारने वाला 

दोपहर में आने वाली वो पड़ोसन

कीर्तन मंडली

सबको समय देती है 

मेरे समय हाथ झटक कर कहती है

'जाने दो, बहुत काम है

तुम्हारा क्या फुर्सत ही फुर्सत'

कहीं ले जाना चाहता हूं उसे 

कितना कहती थी चलो ना 

इस बार गर्मी की छुट्टियों में नैनीताल

अब पूछता हूं तो बोलती नहीं है

बस देखती है मुझे जैसे मुझसे परिचय ना हो।

जैसे शायद सारी इच्छाएं उसकी 

मर चुकी हों

अब उसकी  दिनचर्या में 

मैं अपना कोना खोजता रहता हूं

उसके वक्त में अपने हिस्से का समय ढूंढता

 इस पार्क की बेंच से 

नाता जोड़ रहा हूं।


#गुफ़्तगू 


मनीषा वर्मा

Saturday, March 18, 2023

तुम्हारा जाना

 जो तुम गए होली के रंग सारे कहीं उड़ गए

एक दिन में कभी इतनी तो उदासी तो ना थी 

बस तुम्हारे वो ठहाके कहां गुम गए?


दिन उगता है रात ढलती है 

पल पल चलता है ये जहां दुनिया रुकती तो नहीं

ये मेरे ज़हन के सारे सितारे क्यों बुझ गए ?


मनीषा वर्मा


#गुफ़्तगू

Monday, March 6, 2023

तुम लौटो तो सही

 तुम लौटो तो लौटे

बसंत का मौसम

मान मनुहार का मौसम

लौटें रौनकें, रतजगे और 

बज उठे फिर उदास पड़ा सरोद

तुम से कितना कुछ कहना है

तुम से कितना कुछ सुनना है

तुम लौटो तो लौटे 

पहचानें , उधड़े से कुछ रिश्ते

कुछ हक अदा करें हम तुम

कुछ लड़ें और कुछ झगड़े भी

पुराने नाम दोहराए थोड़ा प्यार जताएं

ये जो नई नई कोपलें आई है

पीढियों के वृक्ष पर 

उनसे कुछ परिचय हो अपनापा हो

तुम लौटो तो सही

अपने घर अपने देस

एक पल को भी।


मनीषा वर्मा 


#गुफ्तगू

Monday, January 30, 2023

बापू तुम कहते

 बापू तुम कहते और हम सुनते यदि

तुम से सीखते हिम्मत और दृढ़ विश्वास

सच के लिए लड़ने का अदम्य साहस 

तुम से शायद हम बहस भी करते 

और समझते तुम्हारे नियम और नीतियां।

कभी शायद हम कहते तुम गलत हो

और तुम अपनी सरल सीधी बातों से

समझा देते अपनी  हर बात

बापू तुम कहते और हम सुनते यदि।।




लाल धब्बे

 हिंसा और अहिंसा एक ही क्षण में 

एक दूसरे से ऐसे बंध गए,

ज़िक्र एक का तो बात दूसरे की भी उठे।

जैसे रात और दिन 

जिसने रात की स्याही देखी हो

उसे दिन के उजाले आंखों में चुभते हैं

और आंखे मूंद कर वो फिर एक बार 

अंधेरों में अपने खो जाता है।

उन अंधेरों में सुकून है

अंधेरे महफूज़ हैं

दिन में सच दिखता है और 

सफेद चादर पर पड़े लाल धब्बों का 

सच अब कौन देखना चाहता भी है?


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू