Pages

Friday, March 4, 2022

लाज़मी तो नहीं

 उन्हे भी ख्याल हो तुम्हारा लाज़मी तो नहीं

इश्क मे ये जुनूं उन्हे भी हो लाज़मी तो नहीं


तुम तो बैठे हो हो कर दुनिया से बेज़ार 

वो आ कर पूछ ही लें खैरियत लाज़मी तो नहीं


तुम ने तो कर लिया अज़ीम यूं जान का सौदा

ये गैरत उनमें भी हो लाज़मी तो नहीं


ख्वाब में जिनके लुटाए जाते हो दुनिया

करे वो भी तेरी आरज़ू लाज़मी तो नहीं


जाते हो जिनके दर लिए पैगाम ए दोस्ती

कर लें वो भी बातचीत से मसला हल लाज़मी तो नहीं


#गुफ्तगू


मनीषा वर्मा

भूल गए

 बड़ी बड़ी बातों में 

छोटे छोटे किस्से भूल गए


कुछ कथा कहानियाँ ऐसी थीं

जिनको लिखने बैठे तो

हम अपना पराया भूल गए 


बीते कल की  कुछ परछाइयों में 

और आते कल की उम्मीदों में

हम आज की खुशियाँ भूल गए 


जीने मरने की कसमों में 

चाँद तारों के वादों में

हम मोहब्बत की रस्में भूल गए 


खोने पाने की आरज़ू में 

जीने मरने की कशमकश में 

हम कदमों की थिरकन भूल गए


#गुफ्तगू

मनीषा वर्मा

माँ

माँ ओढ़ लेती है धूप बारिश
और कर देती है  छाया 
पथरीली धरती और तुम्हारे बीच
रख देती है मृदुल नर्म गोद
जो माँ होती है बस माँ होती है
कभी मौसी कभी भाभी में होती है 
कभी बुआ कभी चाची बन जाती है
कभी बहन कभी बेटी हो जाती है
पर होती है  भीतर से बस माँ

#गुफ्तगू
मनीषा वर्मा



एक खत

 एक ख़त लिखूँ 

उसके नाम 

जो कभी पढ़ता  नहीं 

मेरे मन की बात

उसके लिए लिख रखूँ 

मैं हर वो बात 

जो वो सुनता नहीं 

लिख डालूँ हर वो 

बात बेबात 

मेरे दिन और रात 

जीवन की कदम ताल 

सांसों  की बारात 

एक एक पल की बात 

लिखूँ  उस चाँद की बात 

देखता है जो हमे 

अलग अलग 

हर रात 

लिखूं कैसे उस बिन 

आई रोज़ सुबह 

और कैसे हर घड़ी आई

 मुझे उसकी याद 

लिख दूँ उसे सब 

दिळ  की बात 

कैसे गुज़रे उसके  बिन 

ये दिन और साल 

जो सुनता नही 

अब मेरे क़दमों की थाप 


मनीषा वर्मा

#गुफ़्तगू

Monday, February 28, 2022

कुछ बीत गया

 कुछ बीत  गया ? समय था 

कुछ टूट गया ? एक भ्रम था शायद 

कुछ छूट गया? अब भूल जा 


पर दुःख ये कैसा, पूछा मैंने ?

अंतर मन को खूब टटोला मैंने


पल ये तो बीत ही जाना है

भ्रम हो या स्वप्न टूट ही जाना है 

रहगुज़र हो या साथ 

पीछे छूट ही जाना है 

फिर ये दुःख कैसा ?

ये वेदना ये क्रंदन कैसा


पर  हृदय  निरुत्तर था 

मौन था

विषाद बस असहनीय था


मनीषा वर्मा


#गुफ़्तगू