Pages

Wednesday, January 6, 2016

इक क्षण को सिर्फ इंसां बन जाएँ

क्या ये इतना मुश्किल है ... ?

कभी तो हिन्दू मुसलमां  से  परे इन्सां  बन जाएं
मैं तुम्हारी आयतें पढ़ूँ  तुम मेरी गीता  कंठस्थ कर लो
जिस भूमि पर गिरा लहू कुछ मेरा कुछ तुम्हारा
चलो उस भूमि पर कुछ धान लगाएं
संगीने छोड़ आज एक बार हल उठाएं
ये जो जलाती  है हर बस्ती हर घर को निसदिन
उस लगी आग को मिल बुझाएं
जो बीत चुकी सदियों पहले वो बीती बिसरायें
आज इक क्षण को सिर्फ इंसां बन जाएँ
मनीषा 

Sunday, January 3, 2016

बदलेगा सैयाद इंतजार में परिन्दे बैठे हैं

हम भी बेज़ार बैठे हैं 
उनके झूठ पर हैरान बैठे हैं 
मुल्क में हैं मुफलिसी बहुत 
फिर भी नौजवान बेकार बैठे हैं
माना खूबसूरत है ख्याल आपका 
पर किस गफलत में आप बैठे हैं
दे कर कातिल के हाथ में खंज़र
गरदन झुकाये मज़लूम बैठे हैं
ले कर गुहार न्याय की हाकिमों से
लोग फिर धरने पर बैठे हैं
लुट गया इस बहार में चमन
बदलेगा सय्याद
 इंतजार में परिन्दे बैठे हैं
मनीषा

Thursday, December 31, 2015

लोग कहते हैं मुबारक हो साल बदला है

ना चाल बदली है ना हाल बदला है
लोग कहते हैं मुबारक हो साल बदला है

अपनी तो वही  मस्ती फ़ाक़ापरस्ती है
बस कुछ अपनों के देखने का अंदाज़ बदला है

वो आज भी पास से नज़र बचा के  निकल जाते है
न हम बदले ना अपना आशिकी का अंदाज़ बदला है

मुफलिसी ने बदल दिए  है कुछ हालात ऐसे मेरे
दोस्तों के मिलने का बस ज़रा अंदाज़ बदला है

ना चाल बदली है ना हाल बदला है
लोग कहते हैं मुबारक हो साल बदला है
मनीषा 

Friday, December 18, 2015

क्या कहूँ के जलता है लहु मेरा

इस शहर में एक रात  दफन है
यहाँ  अब सूरज नहीं  उगता
चांदनी मर चुकी है एक भयावह मौत
चाँद सिर्फ बुझ के रह गया
चीख कर थक  चुके अब परिंदे खामोश हैं
तर्क से तर्क न्याय से न्याय ही
हार के रह गया
जिन्होंने जलाई थी मोम  की बत्तियां
उन हाथों में मोम  पिघल  के रह गया
सेक ली सब सियासत दारों ने अपनी अपनी रोटियां
हम  कमनसीबों के भाग में जूनून रह गया
क्या कहूँ  के जलता है लहु  मेरा
आज फिर एक द्रौपदी के भाग्य पर
पितामह भीष्म चुप रह गया
मनीषा

Friday, November 20, 2015

माँ तू बहुत याद आती है

हर मौके पर कमी खल जाती है
माँ तू  बहुत याद आती है
सुख में सोचती हूँ तू कितना खुश होती
दुःख में तेरी गोदी याद आती है
लगती है पांव में ठोकर तो
उफ़ तेरी दुहाई निकल आती है
जब आती है किसी बात पे हँसी
तेरी ही कसम काम आती है
सुनती हूँ जब अपने खाने की तारीफ़
तो जो तूने खाई थी बड़े प्यार से
वो जली रोटी याद आती है
थक कर जब सोती है मेरी बेटी
तो तेरी ही लोरी  याद आती है
जिनसे फुसला लेती तू मुझे
तेरी वो कहानियाँ याद आती हैं
मेरे देर से आने पर तेरी बाल्कनी में टहलने
की वो आदत आज भी आँखे नम कर जाती है
सच अब गलतियों पर जो नही पड़ती
ज़ोर की फटकार वो याद आती है
जो तू समझ जाती थी मेरे बिना कहे
वो हर बात याद आती है
मान सम्मान या व्यवहार
हर बात अनकही रह जाती है
तेरे बिना अब सच माँ
हर ख़ुशी अधूरी ही  रह जाती है

मनीषा
20 /11 /2015