Pages

Friday, November 20, 2015

माँ तू बहुत याद आती है

हर मौके पर कमी खल जाती है
माँ तू  बहुत याद आती है
सुख में सोचती हूँ तू कितना खुश होती
दुःख में तेरी गोदी याद आती है
लगती है पांव में ठोकर तो
उफ़ तेरी दुहाई निकल आती है
जब आती है किसी बात पे हँसी
तेरी ही कसम काम आती है
सुनती हूँ जब अपने खाने की तारीफ़
तो जो तूने खाई थी बड़े प्यार से
वो जली रोटी याद आती है
थक कर जब सोती है मेरी बेटी
तो तेरी ही लोरी  याद आती है
जिनसे फुसला लेती तू मुझे
तेरी वो कहानियाँ याद आती हैं
मेरे देर से आने पर तेरी बाल्कनी में टहलने
की वो आदत आज भी आँखे नम कर जाती है
सच अब गलतियों पर जो नही पड़ती
ज़ोर की फटकार वो याद आती है
जो तू समझ जाती थी मेरे बिना कहे
वो हर बात याद आती है
मान सम्मान या व्यवहार
हर बात अनकही रह जाती है
तेरे बिना अब सच माँ
हर ख़ुशी अधूरी ही  रह जाती है

मनीषा
20 /11 /2015


घर अब मकान हो गया है

तेरे जाने से सब उदास हो गया है
जिसे बनाया संवारा करती थी तू कभी
वो घर अब मकान हो गया है

दरवाज़े पर कोई पद्चाप नही है
छत पर पड़ी दरार वहीं है
उस आखिरी दीपावली पर लगाया थाप वहीं है
मुंडेर पर पड़ा अधजला दीप भी अब उदास हो गया है
वो घर अब मकान हो गया है

कोई डोलियां उतरती नहीं
शहनाइयाँ अब वहां बजती नहीं
ढोलक पर थाप पड़े एक अरसा हो गया है
देहरी पर  खिलखिलाहट  गूँजे एक ज़माना हो गया है
 वो घर अब एक मकान हो गया है

दीवारें अब धीरे धीरे झरने लगी हैं
गुलाबी फ़र्श पर पड़ी काई अब छुटती नहीं है
सीढ़ियों पर आने जाने  के निशां अब मिटने लगे हैं
तेरी यादों से भरा बेमोल आँगन बिकने को तैयार हो गया है
वो तेरा घर अब मकान हो गया है
मनीषा
20 /11 / 2015

Thursday, October 15, 2015

बात करो

गौमांस और पुरुस्कार छोड़ो जो मार दिया तुमने सरेआम उस निर्दोष इंसान की बात करो मनीषा

वाह रे ! इंसान

अजन्मी कन्या  के नसीब में गर्भ में मुक्ति
फिर नौ दिवस कन्या रूप देवी भक्ति
वाह रे ! इंसान

कर्म और भगवान दोनों की चुप्पी
थोड़े दान थोड़ी भक्ति पांच वक्त की नमाज़
पाप मुक्ति  कर दी कितनी आसान
वाह रे ! इंसान

हज तीर्थ सब जन्नत के द्वार
पंडित मोमिन पादरियों ने
थमा दी एक कुंजी आसान
वाह रे ! इंसान

जीव हत्या तो पाप
संगसार तो जन अधिकार
धर्म हत्या हुई कितनी आसान
वाह रे ! इंसान

क्षुधा विवश करती तो जानवर लेता है प्राण
लालच लोभ बना देती है मनुष्य को हैवान
फिर भी बताता है खुद को महान
वाह रे ! इंसान
मनीषा

Sunday, October 11, 2015

फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की

कड़क खादी कुर्तों में सजे हैं
फिर से कतार बांधे खड़े हैं
गली कूचों में नेता अभिनेता
हाथ जोड़े खड़े हैं
लगता है
फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की 
कौन सी आपदा पिछली सरकार की वजह से फूटी है
शहर में बिजली पानी की कितनी कमी है
महिला विकास की बात फिर उठी है
एक दुसरे के कच्चे चिठ्ठे गिनाने लगे हैं
किसने किए कितने घोटाले सभी बताने लगे हैं
लगता है 
फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की 
लगा लेते हैं जन गण को सीने से
उठा लेते हैं गोद में गली के बच्चो को प्यार से
लुभा रहे हैं कातिल मुस्कान से
चाशनी सी टपक रही है इनकी बातों से
लगता है 
फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की 
भाषणों में गरजते हैं
विरोधियों पर बरसते हैं
करते हैं सियासत बात बेबात पे
कभी मंदिर मस्जिद कभी गौमांस पे
आरोप प्रत्यारोप के बादल हैं बहार पे
लगता है 
फिर चली है आज मेरे शहर में हवा चुनाव की 
मनीषा