Pages

Sunday, May 3, 2015

माँ का घर भाभी का आँगन

माँ का घर भाभी का आँगन
सखियों का साथ
वो झूलों की ऊंची ऊंची पींगें
वो रात भर चहकना
वो दिन भर मटकना
वो हमारे नाज़ और नखरे
वो दादी का 'हाय राम! ये लड़की!' वाली घुड़कियाँ
वो गिट्टे वो टप्पे वो माँ की साड़ियाँ
वो चादर ढकी मेज़ के नीचे  वाली दोपहरियां
वो गुड़िया की  शादी  पर सखियों से लड़ाईयां
हम और हमारी कारगुजारियां
वो माँ का चोरी से आँखें दिखाना
वो पापा की आड़ में डांट से बच जाना
वो चाचू की साईकिल पर
पूरी दोपहरिया गली में चक्कर लगाना
वो बुआ का आना
और सारे घर का खिलखिलाना
बहुत याद आता है
बचपन की नटखट गलियों में
हर बार खींच ले जाता है
ये आँगन में लगे
आम के दरख्त पर बौर का आना
मनीषा

Friday, May 1, 2015

अमृता



भीगी माटी से उठा कर 
अक्षरों को कागज़ पर रख दिया 
कविता महक गई 
रचना अमृता हो गई

फूली सरसों के बीच से 
गुज़र कर आई हैं पंक्तियाँ 
और मेरे देश की ज़ुबां हो गई 
तुम अक्षर अक्षर होती रही 
मुल्क बनता रहा बिगड़ता रहा 
दर्द पिरोती साँझ उतरती रही 
तुम स्वयं मसीहा होती रही

कोरे कागज़ पर बिखरे 
एक मुठ्ठी अक्षर 
किरणों को तराशते सूरज 
की खोज में भटकते रहे 
साहिल दर साहिल 
जाने कब तुम दरगाह हो गई 
मनीषा

31 October 2005

दर्द जब हद से गुज़र जाए


आप ही अपनी दवा हो जाए 
ये ज़नाज़ा -ए -आशिक है या रब 
महबूब की गली से जो गुज़र जाए 
तो जान -ए -तरब में बदल जाए 
मनीषा
जान -ए -तरब -life of joy

Monday, April 27, 2015

किस किस पीड़ा को बाँधू शब्दों में

किस किस पीड़ा को बाँधू शब्दों में
किस किस  ज़ख्म पर रख दूँ मलहम
हर आँख से  टपका हर अश्रु
शूल सा चुभता है
शब्दों में सड़ते जिस्मों की सड़ांध भरूँ तो कैसे ?
कितने कफ़न और बुनवा  लाऊँ
सोग मनाने के लिए शहर इकठ्ठा है
इस शहर का हर शख्स बहरा है
सियासत ज़िंदा रहती है लाशों के ढेर पर
कुछ गिद्ध जा बैठे हैं उस प्राचीर पर
शहर के बागीचों में तैर रही सुरा की धार
वहाँ  किसान सूखा खेत तकता है
बच्चों को दे ज़हर जा पेड़ से लटकता है
चीखते रहते हैं रात और दिन
जनतंत्र की चिता दहकती  रहती है
रोज सिर्फ मुद्दों के चेहरे बदल जाते हैं
कहाँ किन कानों  में उगल दूँ
इस छाती का ज़हर
मुर्दों की बस्ती से क्या करूँ उम्मीद
यहाँ इन्साफ महँगा खून सस्ता है
इंसान की कीमत वहाँ क्या होगी
जहाँ ज़मीर कौड़ियों के भाव बिकता  है
जहाँ ज़मीर कौड़ियों के भाव बिकता  है
मनीषा

Saturday, March 28, 2015

लिखना है तो दिल की बात लिखो

लिखना है तो दिल की बात लिखो 
सूनी राहें तकते 
सूखे जो आँसू नम आँखों में 
उसकी याद लिखो 
लिखना है तो उन कांपती हथेलियों की 
सिरहन की बात लिखो
लिखना है तो
रात के सन्नाटों में उठती
हूक की बात लिखो
उन बूढ़ी बातों से झरते
प्यार की बात लिखो
लिखना है तो मन पर जो
अपने जाए ने जो दिए
आघात उसकी बात लिखो
लिखना है तो चोट खाए माँ के दिल से
निकले आशीष की बात लिखो
मनीषा