Pages

Tuesday, September 11, 2012

ये किस शहर में ला छोड़ा

ये किस शहर में ला छोड़ा  है मुझे मेरे खुदा
ना  रिवायतों का कुछ  पता है न भाषा की पहचान
हर शख्स ओढ़े हुए है कोई नकाब
ना अपनों का ही पता है न परायों की पहचान
मेरे सच को भी झूठा बतलाया है हर किसी ने
छीन ली है आज मेरे आईने ने  भी मेरी पहचान
इतनी तन्हा तो मैं उससे से बिछड़ने पर भी नहीं थी
जितनी तनहा उस से मिल कर हुई हूँ आज

Wednesday, August 29, 2012

तुम अपनी आशा

तुम अपनी आशा 
अपना विश्वास , अपनी उमंग सहेज लो
मुझे केंद्र नहीं बनना है
तुम्हारे उच्छाह का 
अपने दायरों में मैं सुखी नहीं यह कब कहा था मैंने तुमसे
जो तुम मेरे चारों ओर 
उग आई इन कंटीली झाड़ियो पर
फूल खिलाने लगे
तुम्हारे उत्साह की सुनहली धूप में मुझे 
अपेक्षाओं की जलन महसूस होती है
तुम्हारे उमंग के क्षितिज पर तुम्हारी ही 
इच्छाओं की इन्द्रधनुषी परछाईयाँ नज़र आती हैं 
जो अपने मिथकों की लपलपाती  जिव्हा लिए 
मेरे स्वछंद आकाश को लीलने के लिए आतुर हैं
पर 
मुझे केंद्र नहीं बनना है तुम्हारे अटूट भोले विश्वास का
नहीं चाहती हूँ की तुम
मेरी नीव पर अपना शीशमहल खड़ा करो
अपेक्षाओं की कसौटी पर खरोंच लग ही जाती है रिश्तों को
अपने अलंकृत जीवनमे
मुझे संवार कर मूर्तिवत किस कोने में खड़ा करोगे
नहीं तुलना है मुझे तुम्हारी
अतृप्त आकांक्षाओं के बाट से
इसलिए तुम अपनी आशाओं 
अपनी उमंगो और विश्वासों की पोटली बाँध लो
और सिरा दो उसे 
किसी और सुनहली सरिता में 
 

तेरे रिश्तो की डोर बहुत उलझी है


तेरे रिश्तो की डोर बहुत उलझी है
सुलझाते सुलझाते मेरे बालों की सफेदी भी अब थक सी गयी है
क्या गलत है जो थोडा ठहर कर मैं आराम करना चाहती हूँ
अपनी रूह में थोड़ी सी ताज़गी महसूस करना चाहती हूँ
तू मेरी मदमस्त हंसी को सुनना चाहता है
और मैं अपने आंसूओं को बहा  देना चाहती हूँ 
मेरे ज़ख्म अभी हरे हैं
और तेरे ये बंधन उन्हें कुरेद कुरेद कर भरने नहीं देते
मुझे तनहा छोड़ दे , गर तू मेरा सहारा नहीं बन सकता
मैं कुछ सुस्ता लूं तो चलूँ , फिर तेरे साथ
अब इन राहो की तपन झेली नहीं जाती मुझसे 
हर कदम  पर जब भी मुड़ के देखा तो अकेला ही 
पाया है मैंने खुद को
अगर अब थोडा खुदगर्ज़ मैं भी होना चाँहू तो  कहाँ गलत हूँ मैं
तू जो भी समझे इन राहों पर चली तो अकेली हूँ मैं
मेरे शिकवे तू ना समझ सके तो ना  समझ
कम से कम मुझे कायर कह कर ज़माने की मुखालत तो ना कर 

Tuesday, July 10, 2012

रचना रचनाकार की निजी सम्पत्ति है

रचना रचनाकार की निजी सम्पत्ति है
नहीं वह द्रविड़ , तमिल या हिन्दू की निधी है
वह स्वर है पीड़ामय  ह्रदय की पुकार का
नही मज़हब कोई विशेष है उसका

रचना रचनाकार की समर्पित नही किसी एक को
वह भेंट है उस एक व्यक्ति की समाज को
रचना सर्वश्रेष्ठ है वही  जिसमे निहित कोई सच्चाई हो
उद्देश्य जिसका समाज के प्रति उत्तरदायी हो
सर तुलसी मीरा या निराला श्रेष्ठ कवि कहलाए थे
वे स्वांत: सुखाय  रचनाओ से भी बहुजन हित  कर पाए थे
रचना मानव मन के भावों की गाथा कहती है
कहीं आक्रोश से कहीं व्यंग से विचारो को गति देती है
रचना केवल पन्नो पर उतरे काले अक्षर नहीं
नर्म-कोमल अनुभूति है
रचना केवल एक कल्पना नहीं
पूर्ण समाज के अंतर की गहराई है
जीवन के भीषण तापों को झेलती
नही वह सिर्फ एक जिंदगी की कहानी है
रचना तो समय चक्र से लड़ते
एक पूर्ण युग की ज़ुबानी है
भावना व शब्दों का आत्मीय मेल है
रचना शब्दों में उतरा जीवन म्रत्यु का खेल है


Sunday, July 1, 2012

क्यों मैं गाऊँ

विश्व तुझे हँसाने तुझे मनाने को क्यों मैं गाऊँ 
मैं कवि क्यों तुझसे बंधने को ललचाऊँ 
तू विलासी मुट्ठी भर जीविका से
क्षण भर को तौल भर देगा मुझे
फिर क्यों अपना जीवन मैं
तुझे समर्पित कर जाऊं
बेमोल ही बिक जाऊं
क्यों तेरे अनुरोध पर कलम उठाऊं
 तुझे हँसाने तुझे मनाने को क्यों मैं गाऊँ 
जिनको तूने पूजा तूने माना
बिसरा बैठा तू उनकी अनमोल कहानी
जिनको तू पूजेगा तू गायेगा 
जीवित रहेगी क्या   उनकी कोई निशानी
फिर क्यों तुझे रिझाऊँ 
रूमानी सा वो गीत फिर दोहराऊँ
तेरे कहने पर क्यों कलम उठाऊँ
 तुझे हँसाने तुझे मनाने को क्यों मैं गाऊँ 
नश्वरता तेरी मैं पहचान पाया 
तेरे स्वार्थ को मैं जान पाया 
तू तो रुका ना सम्राटों की  समिधा पर
न रुका उस एक वस्त्रा फकीर के निस्वार्थ बलिदान पर
फिर तेरी श्रद्धा पाने को मैं क्यों ललचाऊँ
मैं कवि क्यों ह्रदय  जलाऊँ 
तेरे पाश्र्व के सुख को ललचाऊँ 
क्यों फिर कलम उठाऊं