Pages

Tuesday, April 9, 2024

तुम मिलना मुझे तब उस पार

 क्षितिज पर लालिमा जब घुल जाएगी

अंधकार भरी कई रातें भी ढल जाएंगी

तुम मिलना मुझे तब उस पार 

जब किरणों की ताल पर लहरें इठलाएंगी।।


चांदनी जब तुम्हे विकल कर जाएगी

वो एक शाम तुम्हें भी जब सताएगी

तुम मिलना मुझे तब उस पार 

जब विदा की वो बेला पास आएगी।


एक दिन लेन देन जब सब चुक जाएंगे

बही खाते सब बंद हो जाएंगे

तुम मिलना मुझे तब उस पार

जब नींद भरी ये पलकें मुंद जाएंगी।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

इतिहास में लिखा है

 सुना है इतिहास में लिखा है

किसी तानाशाह की जद में 

बहुत से चिन्हित लोग

बंदूकों की नोक पर

लाक्षागृह में स्नान के लिए चले गए

हाथों में साबुन की बट्टियाँ लिए

चुपचाप भेड़ों की तरह गर्दन झुकाए

उस गृह में जहां पानी नहीं 

मृत्यु  कर रही थी उनका इंतजार

और समाज निर्लिप्त था अपने ही

अहम में।।

आए बहुत बाद में 

संवेदना लिए बहुत लोग

तब जब लाशें सड़ चुकी थीं

मानवता जल चुकी थी

एक चुप की कीमत बहुत 

भयंकर होती है

इतिहास में ही पढ़ा है

कि काल चक्र घूमता है

मानुष की फितरत नहीं।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Sunday, March 3, 2024

तुम तक आने के सब रास्ते

 तुमने बंद कर दिए 

तुम तक आने के सब रास्ते

अब किस हवाले से 

हक जताते हो।।


मैं कोई  पुराना वृक्ष नहीं

आंगन का 

जो प्रस्तुत हो रहूं

हर प्रहार का 

और भीतर ही भीतर 

हर गाड़ी कील का

दंश सहती रहूं

ताकि तुम उनसे बांधी रस्सी पर 

सुखाते रहो अपने दंभ 

और मेरे तने पर कुरेदते रहो

अपने प्यार की परिभाषाएं।।


मीत मेरे मैं क्षण क्षण 

मिलती इस उपेक्षा से 

छलनी हो चुकी हूं।

मेरे पास कोमल स्पंदन महसूस 

करने की सभी संभावनाएं

मिट चुकी हैं।


तुम्हारी क्या अपेक्षा है 

अब मुझे नहीं मालूम

तुम्हारे शाब्दिक तीरों और 

क्रूर कटाक्षों की ग्लानि को

पुनः पुनः सहलाने को 

मैं तैयार नहीं हूं।


बहुत देर हो चुकी मेरे मीत

 इस जीवन संध्या तक

तुम्हारे संग और चलने को अब

मैं तैयार नहीं हूं।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Monday, February 26, 2024

जीवन घट

 इस जीवन घट के दर्पण में 

सिर्फ  तुम्हारा ही अक्स नज़र  आता है 

मेरे जीवनकी मरुस्थली में 

तुम 

एक वटवृक्ष से खड़े हो 

हर पल अपनी डालियों में समेटे 

प्यार कि छाया देते तुम 

जीवन मीत  का अहसास देते तुम 

खड़े हो 

गौर करती हूँ कभी तो लगता है 

इस जीवन सरिता का सागर तुम हो 

पर 

यात्रा अभी अधूरी है , 

मुझे अपने किनारों 

की तृषा मिटानी है 

औ' तुम्हे संसार में अमृत बरसाना है 

हम तय कर रहे हैं अपना अपना यह सफ़र 

इंतज़ार शायद लम्बा हो जाए 

हो सकता है सांझ हो जाए 

पर याद रखना 

हर रात सुबह का पैगाम होती है 

फिर सरिता को तो विलीन होना ही सागर में 

चाहे अमावस छ  जाए 

तुम इंतज़ार करना

 बहता पानी 

चट्टानों में भी  राह  खोज लेता है 

जानती हूँ तुम चाँद को देख कर बेसब्र हो जाओगे 

पर सुबह आने पर 

तुम्हारे चेहरे की धीर मुस्कान 

मेरे मन दर्पण में भी झलकेगी 

इस आसर संसार में 

वह  मूक मुस्कान 

जो तुम्हारी और मेरे आँखों में दमकेगी 

हमारे इस  मिलन का द्योतक होगी 

इसलिए साथी तुम इंतज़ार करना 

विश्वास करना 

मेरे आने का 

तुम में विलीन होने का 

तुम इंतज़ार करना 


मनीषा

Tuesday, February 20, 2024

आज भोर सूरज उगा है

 आज भोर सूरज उगा है

रक्तिम लालिमा लिए

कुछ अपराधी सा

स्वयं को दुत्कारता सा

शायद उदास है 

कल फिर एक मासूम झूल गया था

एक फंदे से ।

गुस्से में आ कर विरोध से उसने

स्कूल की बेंच तोड़ी थी

उसने पुकारा था 

मेरी तरफ देखो

मुझे सुनो

मैं अकेला हूं 

तन्हा हूं

शायद सबसे बुरा हूं

पर मेरी सुनो

सबको इजाज़त दे दी है तुमने 

बोर्ड में बैठने की

मुझे भी तो दो एक मौका ।

मेरी गलतियां उफ्फ

कैसे मेरी पीठ

पर कंटीली झाड़ियों सी उग आई हैं

मां की आंखे 

पिता के प्रश्न

कैसे होगा प्रायश्चित।

मेरी छोटी छोटी भूलें 

जंगल सी आज खड़ी हैं

मेरे सामने

मैं चिल्ला रहा हूं

मेरे साथी तुम मेरी आवाज़

क्यों नहीं सुनते।।

 आह! ये पीड़ा

मृत्यु आओ मुझे अपना लो।


कल एक जीवन हार गया

कड़े नियमों के आगे

पता नहीं था उस एक बेंच की कीमत

इतनी अनमोल थी।


अरे रोको कोई इसे

कोई तो कहो

इन आशाओं की बलिवेदी

पर खड़े इन मासूमों से...

सुनो बच्चों

तुम तोड़ दो सारे बेंच

फांद जाओ ये स्कूलों

की दीवारें

छू लो आसमां

और ये जो रस्सियां बुलाती हैं ना तुम्हे

बांधने को,फंदे बुनने को

उन्हें जला डालो

ग्लानि के हर पौधे को

कुचल डालो


सुनो बादलों को गरजते

देखो हवाओं को बदलते 

जीवन बड़ा है 

मृत्यु से कहीं अधिक विशाल

तुम आवाज देना 

ये नीला आसमां 

बहुत दूर तक फैला है

इसके नीचे तुम्हारे लिए भी है

एक जगह

चांद सी शीतल

नर्म सी 

सुनो मेरे बच्चे

मृत्य जब जब तुम्हें बुलाए

तुम जीवन को चुनना।।

अभी बहुत कुछ है 

जो जीने लायक है।।

तुम कल तक रुको तो 

देखोगे,

कल उगने वाला सूर्य 

सुनहला होगा 

रक्तिम लाल नहीं।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू