Pages

Saturday, March 18, 2023

तुम्हारा जाना

 जो तुम गए होली के रंग सारे कहीं उड़ गए

एक दिन में कभी इतनी तो उदासी तो ना थी 

बस तुम्हारे वो ठहाके कहां गुम गए?


दिन उगता है रात ढलती है 

पल पल चलता है ये जहां दुनिया रुकती तो नहीं

ये मेरे ज़हन के सारे सितारे क्यों बुझ गए ?


मनीषा वर्मा


#गुफ़्तगू

Monday, March 6, 2023

तुम लौटो तो सही

 तुम लौटो तो लौटे

बसंत का मौसम

मान मनुहार का मौसम

लौटें रौनकें, रतजगे और 

बज उठे फिर उदास पड़ा सरोद

तुम से कितना कुछ कहना है

तुम से कितना कुछ सुनना है

तुम लौटो तो लौटे 

पहचानें , उधड़े से कुछ रिश्ते

कुछ हक अदा करें हम तुम

कुछ लड़ें और कुछ झगड़े भी

पुराने नाम दोहराए थोड़ा प्यार जताएं

ये जो नई नई कोपलें आई है

पीढियों के वृक्ष पर 

उनसे कुछ परिचय हो अपनापा हो

तुम लौटो तो सही

अपने घर अपने देस

एक पल को भी।


मनीषा वर्मा 


#गुफ्तगू

Monday, January 30, 2023

बापू तुम कहते

 बापू तुम कहते और हम सुनते यदि

तुम से सीखते हिम्मत और दृढ़ विश्वास

सच के लिए लड़ने का अदम्य साहस 

तुम से शायद हम बहस भी करते 

और समझते तुम्हारे नियम और नीतियां।

कभी शायद हम कहते तुम गलत हो

और तुम अपनी सरल सीधी बातों से

समझा देते अपनी  हर बात

बापू तुम कहते और हम सुनते यदि।।




लाल धब्बे

 हिंसा और अहिंसा एक ही क्षण में 

एक दूसरे से ऐसे बंध गए,

ज़िक्र एक का तो बात दूसरे की भी उठे।

जैसे रात और दिन 

जिसने रात की स्याही देखी हो

उसे दिन के उजाले आंखों में चुभते हैं

और आंखे मूंद कर वो फिर एक बार 

अंधेरों में अपने खो जाता है।

उन अंधेरों में सुकून है

अंधेरे महफूज़ हैं

दिन में सच दिखता है और 

सफेद चादर पर पड़े लाल धब्बों का 

सच अब कौन देखना चाहता भी है?


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Sunday, November 20, 2022

तुम छूटीं तो जग छूटा

 तुम छूटीं तो जग छूटा।

जो था अपना हुआ सब पराया।

जग भर घूमी,

अपना, एक, आंगन ना पाया

तुम छूटीं तो मेरी धूरी छूटी,

किसी ठौर ठिकाना ना पाया।


ना पसरा फिर कोई आंचर

ना किसी ने अंक लगाया 

आशीष मिले प्यार मिला

तुम सा दुलार बस नहीं पाया

तुम छूटीं तो देहरी छूटी

किसी द्वार फिर ना शीश नवाया।


तुम छूटीं तो जग छूटा 

जो था अपना हुआ सब पराया।


मनीषा वर्मा 

#गुफ्तगू