Pages

Friday, May 24, 2024

तुमसे कितनी बातें हैं करनी

 अपने आप में तुमसे कितनी बातें करती हूं

फिर भी कितनी बातें रह जाती हैं तुमसे से कहनी

तुम्हारे जवाब मालूम हैं फिर भी कितना कुछ है कहना

चलती हूं रुकती हूं मन ही मन गुनती हूं

और धप से रोक लेती हूं जुबां से फिसलते शब्द।।


कितनी बार लिखीं तुम्हें छोटी छोटी पर्चियां 

कभी लिखूंगी एक लंबी सी चिट्ठी भी।।

लेकिन तब तक मेरे इन ख्यालों को तय करना है 

शब्दों के एक लंबे सेतू का सफ़र 

कुछ विराम कुछ प्रश्नचिन्ह और कुछ संबोधनों

में पिरोना है  इन्हे और सौंप देना है तुम्हे।।

विचारों का क्या! 

ये तो बेलगाम घोड़े से हैं एक आध छलांग में 

तुम तक पहुंच जाते हैं 

लेकिन जब शब्दों में इन्हें रोपूंगी ना,

तब तुम सुनना या पढ़ना 

मेरे प्रेम की अबूझी भाषा

जानना मुझे और विस्मय से आह्लादित हो जाना।।


तब तक मेरी चुप्पी पढ़ सको अगर  तुम

तो चांद को कह देना मेरी छत पर उतर आए।।


मनीषा वर्मा

#गुफ़्तगू

Tuesday, April 9, 2024

दोहे

 कोई पीटे  झांझ मंजीरे कोई आज़ान उठाए 

कर ना सके जो मोल जीव का कैसे दरस वो पाए ।।


कोई करे उठक बैठक कोई सौ स्वांग रचाए

जो किसी का मन दुखाए सो कैसे ज्ञानी कहलाए।।


मन्दिर के ताले खोले , मस्जिद के दरवाज़े खोले 

मन का ताला खोल न सके बड़ ज्ञानी कैसे होए ||


माला धारो कण्ठ में दाढ़ी मूँछ बढ़ाए सब ज्ञानी बोले 

जो ना बोली बानी प्रेम की भजन अजान सब व्यर्थ होए ||


मनीषा वर्मा 

#गुफ्तगू 






तुम मिलना मुझे तब उस पार

 क्षितिज पर लालिमा जब घुल जाएगी

अंधकार भरी कई रातें भी ढल जाएंगी

तुम मिलना मुझे तब उस पार 

जब किरणों की ताल पर लहरें इठलाएंगी।।


चांदनी जब तुम्हे विकल कर जाएगी

वो एक शाम तुम्हें भी जब सताएगी

तुम मिलना मुझे तब उस पार 

जब विदा की वो बेला पास आएगी।


एक दिन लेन देन जब सब चुक जाएंगे

बही खाते सब बंद हो जाएंगे

तुम मिलना मुझे तब उस पार

जब नींद भरी ये पलकें मुंद जाएंगी।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

इतिहास में लिखा है

 सुना है इतिहास में लिखा है

किसी तानाशाह की जद में 

बहुत से चिन्हित लोग

बंदूकों की नोक पर

लाक्षागृह में स्नान के लिए चले गए

हाथों में साबुन की बट्टियाँ लिए

चुपचाप भेड़ों की तरह गर्दन झुकाए

उस गृह में जहां पानी नहीं 

मृत्यु  कर रही थी उनका इंतजार

और समाज निर्लिप्त था अपने ही

अहम में।।

आए बहुत बाद में 

संवेदना लिए बहुत लोग

तब जब लाशें सड़ चुकी थीं

मानवता जल चुकी थी

एक चुप की कीमत बहुत 

भयंकर होती है

इतिहास में ही पढ़ा है

कि काल चक्र घूमता है

मानुष की फितरत नहीं।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू

Sunday, March 3, 2024

तुम तक आने के सब रास्ते

 तुमने बंद कर दिए 

तुम तक आने के सब रास्ते

अब किस हवाले से 

हक जताते हो।।


मैं कोई  पुराना वृक्ष नहीं

आंगन का 

जो प्रस्तुत हो रहूं

हर प्रहार का 

और भीतर ही भीतर 

हर गाड़ी कील का

दंश सहती रहूं

ताकि तुम उनसे बांधी रस्सी पर 

सुखाते रहो अपने दंभ 

और मेरे तने पर कुरेदते रहो

अपने प्यार की परिभाषाएं।।


मीत मेरे मैं क्षण क्षण 

मिलती इस उपेक्षा से 

छलनी हो चुकी हूं।

मेरे पास कोमल स्पंदन महसूस 

करने की सभी संभावनाएं

मिट चुकी हैं।


तुम्हारी क्या अपेक्षा है 

अब मुझे नहीं मालूम

तुम्हारे शाब्दिक तीरों और 

क्रूर कटाक्षों की ग्लानि को

पुनः पुनः सहलाने को 

मैं तैयार नहीं हूं।


बहुत देर हो चुकी मेरे मीत

 इस जीवन संध्या तक

तुम्हारे संग और चलने को अब

मैं तैयार नहीं हूं।।


मनीषा वर्मा 

#गुफ़्तगू