Pages

Sunday, November 20, 2022

एक डोर

 मां से एक डोर सी बंधी रहती है

कहीं भी उड़ लें वापिस 

घर लौट जाने की बेचैनी बनी रहती है।


छुट्टियों की आस रहती है

आंगन की याद बनी रहती है 

छोटे बड़े सबकी खबर मिलती रहती है

अड़ोस पड़ोस की गप्प पता रहती हैं


मां से एक डोर सी बंधी रहती है

कहीं भी उड़ लें वापिस 

घर  लौट जाने की बेचैनी बनी रहती है।


मुलाकातों का मकसद सा रहता है 

फ़ोन करने उठाने का नियम सा बना रहता है।

बाबूजी से शिकायत सी बनी रहती है

बटुए भरे भी हों पर  मां से  मांगने की ज़रूरत बनी रहती है 


मां से एक डोर सी बंधी रहती है

कहीं भी उड़ लें वापिस 

घर  लौट जाने की बेचैनी बनी रहती है।


मनीषा वर्मा 

#गुफ्तगू

मन भर आया

 तुम कितना खुश होती

बस यही सोच कर दिल भर आया।

कभी सोचा तुम इस पर ज़रूर डांटती

और फिर दिल भर आया।


ना तुम नहीं ऐसा करती

अरे कभी नहीं मानती मेरी

बस यही सोच कर दिल भर आया ।


मुझे तो आज जरूर डांटती,

अभी होती तो जरूर समझाती

और फिर मेरा दिल भर आया।


तुम से पूछ लेती सलाह कर लेती,

यह बात तो तुम्हीं से कह सकती थी

हर अनकही बात पर दिल भर आया।


आज ज़रा सा तुम मेरा सिर सहला देती

मेरी दुखते मन को बहला देती

बस यही सोच कर मन भर आया।


मेरी खुशी में तुम इतराती 

मेरे दुःख से दुखी हो जाती

तुम होती तो त्योहार होते 

कुछ ना कुछ भाई भाभी से मान मनुहार होते 

बस आज यही सोच कर मन भर आया।


मनीषा वर्मा


गुफ्तगू


20.11.2000

Saturday, October 1, 2022

तुम कहती तो...

 तुम कह देती तो

मैं सुन लेती।
यूं आंसुओं का,
पलकों के भीतर सूख जाना
अवरुद्ध कंठ का
रह रह भर आना
बहुत तकलीफ़ भरा होता है।
जैसे
मरूस्थल में प्यासा कोई मर रहा हो
धीरे धीरे।
तुम कहती तो,
शायद
तुम्हारे बोल हवा में तैरते,
पहाड़ों में गूंजते
और नदी के पानी से
समय की धार में बहते जाते।
तुम कहती तो,
कोई कहानी बनती।
शायद
कोई ग़ज़ल या कविता बनती।
तुम्हारी चुप,
लगातार मन की दीवारों
पर चोट देती रहती है।
तुम्हारी अनकही,
कानों में सीसे सी
पिघलती रहती है।
और मैं खुद से पूछती रहती हूं
तुम कहती तो,
शायद
मैं सुन लेती?
मनीषा वर्मा

Friday, September 23, 2022

गुमनाम याद

 मैं नहीं सोचती तुम्हें,

मन कांप जाता है,सोच कर ,

कैसे! हवा सा एक व्यक्तित्व

गुम हो गया देखते ही देखते।

अभी थे,अब नहीं हो

कहीं नहीं हो, धरा से आकाश तक

तुम्हें पुकार लें , खोज लें

तुम.... नहीं लौटोगे।

तुम्हे एक बार छूने , महसूस करने 

और सुनने की चाह लिए

जीवन रीत जाएगा,

लेकिन तुम नहीं आओगे।

इसलिए तुम्हें नहीं सोचती

लेकिन तुम हावी रहते हो,

और किसी ज़िद्दी सूर्य किरण से 

आ बैठते हो मन के अंधेरे कोनों में 

और चमकते दर्पण से,

मिला देते हो मुझे मेरी विगत स्मृतियों से।


मनीषा वर्मा 


#गुफ़्तगू

Saturday, September 17, 2022

चल बटोही

 चल बटोही, पथ प्रतीक्षा रत है 

समेट ले बिखरे अर्थ,

और चल, पथ प्रतीक्षा रत है ।।

कम नहीं  होती 

पथ पर, क्लांत धूप ।

हर पड़ाव से बाँध ले थोड़ी छाँव 

और चल,

चल बटोही पथ प्रतीक्षा रत है ।।


मंज़िल कोई नहीं  तेरी,

कदमों  से लिपटी है बस 

अनुभव की कोरी धूल।

तू साथ ले चल सर्व कंटक फूल,

और चल, 

चल बटोही, पथ प्रतीक्षा रत है ।।


सृष्टि के प्रथम अहसास से 

अंतिम श:वास  तक,

चलना ही तो है जीवन ।

धर तू सिर  पर संबंधो की गठरी 

और चल,

चल बटोही, पथ प्रतीक्षा रत है ।।


निश्छल, निश्चिन्त तू चल,

गंतव्य कोई नही तेरा 

कर्म पथ ही बस  है प्रशस्त,

सांसो की  अंतिम माला तक 

चिता की अंतिम ज्वाला तक 

तुझे चलना है ।

तू चल,

चल बटोही, पथ प्रतीक्षा रत है।।


मनीषा वर्मा

#गुफ़्तगू