Pages

Saturday, September 11, 2021

एहसास

 कुछ रिश्ते दरकी हुई दीवारों के सहारे भी टिके रहते हैं

मां होती है इसलिए घर मंदिर बने रहते हैं।।


दरख़्त हैं तो साए भी इन राहों पर बने रहते हैं

घर के बुज़ुर्ग ही घर का पता देते हैं।।


सुनते नहीं हैं आजकल बच्चे कथा कहानियां

बात बात पर  उम्र का उलाहना देते हैं।।

 

मनीषा वर्मा


गुफ़्तगू

Friday, September 10, 2021

वो सदियों से प्यासा था

 सदियों से प्यासा था इसलिए

जमीं पर आग बो रहा है वो।


एक सूनी पगडंडी है उस तरफ

जहां से तूफान सा गुज़र रहा है वो।


सुनते नहीं हैं हुकुमरान हुंकार

इसलिए इतिहास लिख रहा है वो।


आसमां ने रची हैं कुछ ऐसी साजिशें

आज बारिशों को तरस रहा है वो ।


ईमान की बस बातें उसके हिस्से आई 

अपने हक के लिए तरस रहा है वो ।


क्रांति महलों के रास्ते नहीं आती

इसलिए खेतों में उग रहा है वो।


मनीषा वर्मा 




Friday, August 7, 2020

जब तुम लिखना

 जब तुम लिखना तो कोई गीत लिखना

सतरंगी प्रीत लिखना ।।

आस्था विश्वास के गीत लिखना

तुम अमावस में चांदनी लिखना 

वो लिख रहें है नफरतें तो लिखें

जब तुम लिखना तो सतरंगी प्रीत लिखना ।।

मनीषा वर्मा


Thursday, January 2, 2020

झूठ

घात  प्रतिघात आघात
क्षण क्षण अंतर्नाद
दायरे  बस केवल दायरे
मान  के
मर्यादा के
अहं  के
दायरे
झूठ और सिर्फ झूठ
प्यार झूठ मान झूठ
संबंध बनावट
मनुहार बनावट
कैसे जिए जाएं ये
इतने सारे  बंधन
आह! अंतर्नाद मूक अंतर्नाद
दव्न्द  विध्वंस दव्न्द 
आह ! आह! आह!
 मनीषा वर्मा

Monday, October 28, 2019

कोई एक चराग़, उम्मीद का जलाया तो होता

कोई एक चराग़, उम्मीद का जलाया तो होता
मेरी तीरगी को अपनी लौ से बुझाया तो होता

बहुत दूर निकल आए, अपनी ही रौ में हम
तुमने  आवाज़ दे कर ज़रा बुलाया तो होता

क्या मुश्किल था ज़ुस्तज़ू में तुम्हारी, जां लुटा देना
था इश्क तुमको भी  कभी फ़रमाया तो होता

कर दिया  बस कलम,  जो सर झुकाया हमने
तुमने  गवाहों को अदालत में बुलाया तो होता

माना ये इल्ज़ाम, बड़े नादां नासमझ थे हम
तुमने  प्यार से  मगर समझाया तो होता

#गुफ़्तगू

मनीषा वर्मा