Pages

Sunday, August 17, 2014

अब कोई घर बुलाता नहीं

रात भर रौनकें लगाता नहीं
अब कोई घर बुलाता नहीं
सूना बीत जाता है त्यौहार
अब कोई इधर आता नही
सिमट जाती है आँगन में उतरी धूप
कोई सांकल खटखटाता नही
बीत जाते हैं दिन महीने साल
अब कोई प्यार से पुकारता नही

सिमट कर रह गए घड़ी के काँटों 

में सब व्यवहार 
अब कोई साथ वक़्त  बिताता  नहीं
दिलों में उतर चुके जाने कितने मलाल
अपनों को देख अब कोई मुस्काता नही
मनीषा

मेरे घर की सूनी देहरी पर




मेरे घर की सूनी देहरी
पर कुछ उजाले रखे हैं
यादों के पन्नों पर उतरे
कुछ अफ़साने रखे हैं

झड़ती दीवारों की दरारों पर
गुदगुदाते ठहाके रखे हैं
फर्श पर बिखरी धूल पर
अलक्तक कदमों के निशां रखे हैं

उन दो कमरों में बंद
मानमनुहार के तराने रखे हैं
बालकनी में पड़े टूटे तख्त पर
तुम्हारे गुनगुनाते गान रखे हैं

उस घर में सन्नाटों में गूंजते
कुछ तुम्हारे मेरे स्वर रखे हैं
एक दराज़ में सम्भाल माँ ने
तुम्हारे वो ख़त रखे हैं

पुराने आले में सजे
तुम्हारे कुछ उपहार रखे हैं
छीन झपट होती थी जिनके लिए
कुछ उदास थाल रखे हैं

रात दिन हुए तेरे मेरे  बीच के
हास परिहास रखे हैं
उस छत के नीचे आज भी
माँ पापा के आशीर्वाद रखे हैं


सीढ़ियों पर कुछ भूले
पदचाप रखे  हैं
दरवाज़ों पर हल्दी
कुमकुम  के थाप रखे  हैं

मंदिर में अब भी
माँ  के भगवान  रखे हैं
लाल कपड़े में लिपटे
गीता पुराण रखे हैं

ड्योढ़ी पर आस भरे
इंतज़ार रखे हैं
पुरानी अलमारी में संभाल कर
दर्द के अहसास रखे हैं

हर ज़र्रे ज़र्रे में कुछ
अधूरे अरमान रखें है
आँगन की  सूखी तुलसी में
दर्द के अहसास रखे हैं

कैसे सहेजूँ और क्या क्या सम्भालूँ
उस घर में जाने कितने बुझे चिराग रखे हैं

मनीषा

Friday, August 15, 2014

बिटिया मेरी सौगात है





बिटिया मेरी सौगात है 
किस्मत का अनमोल उपहार है 
मेरे घर आया त्यौहार है 
घर भर का श्रृंगार है 

थकी माँ के हाथ में थमा पानी का गिलास है 
पापा के आने पर खिलखिलाता स्वर है 
भैया की कलाई पर सजी राखी है 
भाभी के साथ मृदु गप्पों का अहसास है 

हर कोने में गूंजती पायलो की रुनझुन है 
कमरे में सजी रंगबिरंगी चूड़ियों की खनक है 
घर में फैली कच्ची रोटियों की महक है 
रसोई में नन्हे हाथों से बनी पहली दाल का स्वाद है 

घर की दीवारों पर सजी उसकी कला है 
सहलियों के साथ उसकी गुनगुनाती आवाज़ है 
मन को हंसा देने वाली उसकी तुतली बातें है 
कितने भोले घर घर वाले उसके ये खेल हैं 

जब से आई है मन में कुछ बदल गया है 
जग जैसे सारा मेरा खिल गया है 
ईश्वर का वरदान है 
एक खूबसूरत गुदगुदाता एहसास है 
बिटिया मेरी 
मेरे घर की जान है 

मनीषा



Thursday, August 14, 2014

गुम हो गई 'गर

गुम हो गई 'गर दुनिया की भीड़ में 
लौट के फिर ना आऊँगी मैं
तुम खुशबू सा बसा लो अपने दिल में 
इन तेज़ हवाओं से बिखर जाऊँगी मैं 
मनीषा

Thursday, August 7, 2014

तुम्हे क्या समझूँ


तुम्हे क्या समझूँ ?
और कैसे ?
अपने से हो
पर पराए  लगते हो
कभी रख देते हो
मेरी आँखों में आकाश
कभी कदमों  तले बिछी
धरती भी छीन लेते हो
तुम्हें  ओढ़ लेती हूँ
हर रात ख़्वाब  बुनने से पहले
तुम हो कि  मेरी नींद भी छीन लेते हो
रोज़  दिलासों से सी लेती
हूँ अपना उधड़ा  हुआ रिश्ता
तुम हो कि फिर
नए सिरे  से चीर देते हो
मनीषा