Pages

Friday, August 15, 2014

बिटिया मेरी सौगात है





बिटिया मेरी सौगात है 
किस्मत का अनमोल उपहार है 
मेरे घर आया त्यौहार है 
घर भर का श्रृंगार है 

थकी माँ के हाथ में थमा पानी का गिलास है 
पापा के आने पर खिलखिलाता स्वर है 
भैया की कलाई पर सजी राखी है 
भाभी के साथ मृदु गप्पों का अहसास है 

हर कोने में गूंजती पायलो की रुनझुन है 
कमरे में सजी रंगबिरंगी चूड़ियों की खनक है 
घर में फैली कच्ची रोटियों की महक है 
रसोई में नन्हे हाथों से बनी पहली दाल का स्वाद है 

घर की दीवारों पर सजी उसकी कला है 
सहलियों के साथ उसकी गुनगुनाती आवाज़ है 
मन को हंसा देने वाली उसकी तुतली बातें है 
कितने भोले घर घर वाले उसके ये खेल हैं 

जब से आई है मन में कुछ बदल गया है 
जग जैसे सारा मेरा खिल गया है 
ईश्वर का वरदान है 
एक खूबसूरत गुदगुदाता एहसास है 
बिटिया मेरी 
मेरे घर की जान है 

मनीषा



Thursday, August 14, 2014

गुम हो गई 'गर

गुम हो गई 'गर दुनिया की भीड़ में 
लौट के फिर ना आऊँगी मैं
तुम खुशबू सा बसा लो अपने दिल में 
इन तेज़ हवाओं से बिखर जाऊँगी मैं 
मनीषा

Thursday, August 7, 2014

तुम्हे क्या समझूँ


तुम्हे क्या समझूँ ?
और कैसे ?
अपने से हो
पर पराए  लगते हो
कभी रख देते हो
मेरी आँखों में आकाश
कभी कदमों  तले बिछी
धरती भी छीन लेते हो
तुम्हें  ओढ़ लेती हूँ
हर रात ख़्वाब  बुनने से पहले
तुम हो कि  मेरी नींद भी छीन लेते हो
रोज़  दिलासों से सी लेती
हूँ अपना उधड़ा  हुआ रिश्ता
तुम हो कि फिर
नए सिरे  से चीर देते हो
मनीषा 

Tuesday, July 22, 2014

रेप हुआ रेप हुआ है

चीखो मत , चिल्लाओ मत
रेप हुआ है रेप हुआ है
गलती तुम्हारी है
चुप रह कर सिर्फ भुगतो तुम
चीखो मत सड़कों पर यूं बेकार में
रेप हुआ है रेप हुआ है

घर से बाहर क्यों निकली थी
इतनी ऊंची सेंडिल क्यों पहनी थी
स्कर्ट पहन कर घूमो तुम
टाइट जींस में इतराओ तुम
फिर क्यों चिल्लाओ तुम ही
रेप हुआ है रेप हुआ है

माना ओढ़नी तुमने ली थी
दादी तेरी साड़ी  ज़रा  कमर से  नीची  थी
बुर्के में ढका छिपा तुम्हारा अक्स बेहद लुभाऊ था 
कुरता घुटने से थोड़ा ऊंचा था 
चूड़ीदार किसने कहा  था पहनो तुम
अब चिल्लाओ चीखो मत
रेप हुआ है रेप हुआ है

सुबह 4 बजे खेतों में क्या करने गई थी
शाम 5 बजे कोई टाइम है घर आने का
भरी दोपहर में क्या ज़रूरी था बाज़ार जाना
12 बजे रात में क्यों नही सात तालों में सोयी थी
अब क्या होगा चीखने चिल्लाने से
रेप हुआ है रेप हुआ है

चलती हो तो कमर हिलती है
ये चोटी  तो घुटनो, तक लटकती है
बाल कटा कर फैशन करती हो
काजल लाली लिपस्टिक का शौक रखती हो
किसलिए इतना सजती हो
अब भुगतो तुम मत चिल्लाओ तुम
रेप हुआ है रेप हुआ है

बड़े मोबाइल ले कर निकलती हो
कालेज स्कूल के सपने देखती हो
बड़ी कम्पनी चलाओगी क्या तुम
मजूरी कर के कंधे से कंधा क्यों मिलाओगी  तुम
देखो कह  दिया था पछताओगी तुम
अब कैसे चीखो चिल्लाओगी  तुम
रेप हुआ है रेप हुआ है

 गलती तो हो जाती है बच्चों से
जवां खून है नसों में कर जाता नादानी है

बेचारे भोले है हैं चिकन मीट की गर्मी चढ़ जाती है
ये टीवी फिल्मे देख बिगड़ जाते हैं
मर्द तो आखिर बेलगाम घोड़े हैं
तुमको ही ख्याल रखना था
इस तरह घर में नही फिरना था
कुछ भारतीय संस्कारों  का भी ख्याल रखना था
अब चुप भी करो इस चीत्कार को
और बेइज़्ज़त न करो माँ -बाप को
रेप हुआ रेप हुआ है

हम अब इसमें कर ही क्या सकते है
तुम्हे नोचने मारने वाले तो मासूम बच्चे है
अबोध उम्र में जेल नही उन्हें दे सकते हैं
इसको तो ईश्वर भी नही रोक सकते हैं
गलती तो सिर्फ तुम्हारी है
पैदा होते न मारा हाँ  ये भूल ज़रूर हमारी है
अब चुप चाप कहीं डूब मरो तुम
बस बहुत हो चुका  मत बेफिजूल शोर करो तुम
अराजक मत बनो तुम मत चीखो चिल्लाओ तुम
रेप हुआ है रेप हुआ है
 मनीषा 

Monday, July 21, 2014

दुःशासन का कहीं तिरस्कार नही है

अब उन आँखों में हाहाकार नही है
द्रौपदी का चीर लुट चुका
कृष्ण का इस नगरी में वास नही है
दुःशासन  का कहीं तिरस्कार नही है

अब नाचती फिरती है हर आँख में दरिंदगी
सीता के तिनके में अब आड़ नही है
लक्ष्मण का इस नगरी में वास नही है
रावण का कहीं तिरस्कार नही है

उतर  आई है हर आँख में वहशत इतनी
माँ  बेटी का भी अब सम्मान नही है
बंधे किन कलाइयों में राखियाँ
पद्यमिनी अब यहां हुमायूँ का वास नही है

मनीषा