Pages

Monday, July 21, 2014

आम हो गई हैवानियत

लूटी है अस्मत , हुआ है कत्ल
आम हो गई हैवानियत
पड़ी लाश सड़  रही
मर चुकी इंसानियत
धो डालो  अब ये दाग खून के
चलो मय्यत निकाली जाए
चूक चुके आंसू सब
कुछ मोम  पिघलाया जाए
चलो इक जुलूस निकाला जाए
मन को अपने फिर  बहलाया जाए

कर भी क्या सके कोई
आँख में शर्म अब उतरती नही
ये वो भूमि जहाँ
कोई गंगा उतरती नही
मर चुकी है कितनी गुड़िया , ज्वाला, दामिनी
खून पर कहीं खौलता नही
धो डालो  अब ये दाग खून के
चलो मय्यत निकाली जाए
चूक चुके आंसू सब
कुछ मोम  पिघलाया जाए
चलो इक जुलूस निकाला जाए
मन को अपने फिर  बहलाया जाए


सत्ता के गलियारों में खनक
टूटी चूड़ियों की गूंजती नहीं
कलेजे में माओं के हूक भी उठती नही
पहन ली हैं चूड़ियाँ  सभी भाईयों ने
नींद भी पहरेदारों की खुलती नही
मर चुकी है आत्मा कानूनदारों की
धो डालो  अब ये दाग खून के
चलो मय्यत निकाली जाए
चूक चुके आंसू सब
कुछ मोम  पिघलाया जाए
चलो इक जुलूस निकाला जाए
मन को अपने फिर  बहलाया जाए

मनीषा 

Monday, July 14, 2014

ज़रा चुप लगाइये

अच्छे दिन चल रहें है
क्यों भला माहौल बिगाडिये
बस ज़रा आप चुप हो जाइये

सोते को मत जगाइए
गफलत में ही सही जी रहे हम
मज़े में अभी हाट-दुकान चलाइये
 बस ज़रा भाई आप चुप लगाइए

खुश हैं लोग सभी आप मत दर्द दिखाइए
कड़वी दवा कुछ आप भी निगल जाइए
बस ज़रा अब ज़ुबां  को लगाम लगाइए

अच्छे दिन बड़ी खींचतान से
ले आए है लोग दुरुस्त
अपना बेराग मत अलापिए
ज़रा थोड़ा चुप लगाइये

बड़ी मुश्किल से मिलती है
दिल्ली में चार पैरों की
एक कुर्सी महाशय शौक फरमाइए
आप तो बस चुप लगाइए

अभी तो लगी भी नही आप के
नए बंगले में नई जाफरी
ज़रा सुस्ताइए
आप जनाब ज़रा सी तो चुप लगाइये

बड़े इंतज़ार से आएं
है मेरी किस्मत से अच्छे दिन
किरकिरी मत बजाइए
आप जनाब बस बहुत हुआ
मत कराहिए
जनाब  ज़रा चुप लगाइए

खाइये गलियां भी ज़रा मत घबराइये 
इश्क़ किया है वतन से तो कुछ थप्पड़ भी खाइये 
जनाब अब ज़रा चुप लगाइये 

अच्छे दिनों के कुछ तो आप भी मज़े उड़ाइए 
मुझे तो अपने साथ सरे आम न पिटवाइये 

जनाब अब ज़रा चुप लगाइये
जनाब अब ज़रा चुप लगाइये
मनीषा

Sunday, July 13, 2014

जमीँ की धूल थी

जमीँ की धूल थी आसमा की चाह कर बैठी । 
अपनेँ ही हाथोँ दिल की दुनिया तबाह कर बैठी । 
कभी खत्म न होँगी अब जिसकी सजाऍ, 
या खुदा ये मैँ कैसा गुनाह कर बैठी ।

Saturday, July 12, 2014

ज़िंदगी की दोपहर

ज़िंदगी की दोपहर में
कुछ दुःख तेरे होंगे
कुछ गम मेरे हैं
चल मिल कर बाँट ले
अपनी अपनी खुशियां
मनीषा  

भाँवरों के भंवर में

भाँवरों के भंवर में 
धीरे धीरे बंटती रही 
थोड़ी थोड़ी मैं 

भटकन लिए पाँव में 
फिरती रही आवारा सी मैं 

तुझमे सिमट कर इक पल में 
खुद में बिखर गई मैं 

मनीषा