Pages

Sunday, December 29, 2013

मुझे तो चलना ही है इस डगर पर अकेले

मैंने तो  चलना ही था इस डगर पर अकेले ही
तुमने क्योंकर पुकार लिया यूँही
किसी अतीत के कोने से आकर दे दी दस्तक
मेरे मन के अंधेरो पर अपने उजालों  की

मेरे बिखरे मन को तुम आज क्यों समेटना चाहते हो
अपने वक्ष में क्यों मेरा वजूद बसाना चाहते हो
क्यों जकड़ना चाहते हो मुझे अपने बाज़ुओं में
मैं तो रो ही रही थी बरसों से हर बरसात में
तुम किसलिए  अब मुझे अपना कांधा  देना चाहते हो
ओ! आनेवाले अजनबी तुम क्यों मुझसे परिचित होना चाहते हो
मुझे तो चलना ही है इस डगर पर अकेले
तुम क्यों मेरा साथ देना चाहते हो

लौट जाओ ,
यहाँ बहुत कंटक है मन के भीतर
इनमे कैसे फूल खिलेंगे
मन में जो अब संवरते नही उन बेरंग मौसमों में कैसे रंग भरेंगे
तुम  थाम  तो रहे हो मेरा हाथ हम कैसे संग चलेंगे
तुम्हारे रास्तों पर फुलवारियां है
मेरे रास्ते बीहड़ो की ओर जातें  हैं
तुम लौट जाओ यहीं से
मेरे पास पाने को कुछ भी नही है
और तुम्हारे पास खोने को है बहुत कुछ
मुझे तो चलना ही है इस डगर पर अकेले
मनीषा

Saturday, December 28, 2013

मैंने तुमसे मोती पाए

मैंने तुमसे मोती  पाए
जीवन के इस संघर्ष में
रहे तुम एक सहज दिलासा
मैंने तुमसे मोती पाए
जब जब मुझे तम ने घेरा
तुमने मेरे पथ पर बिखेरा उजेला
मैंने तुमसे मोती  पाए
थक कर चूर हो गई जब पाँखे
तुमने मेरे लिए आसमां झुकाए
मैंने तुमसे मोती  पाए
बहुत  दुर्गम  थी मेरी राहें
तुमने मेरे हर पग मेरे छाले सहलाए
मैंने तुमसे मोती  पाए
हमकदम कैसे कहूँ  तुम्हें
तुम हो अनजान, पराए
फिर भी इस दुर्गम पथ पर 
तुमने मेरे सन्नाटे बुझाए
मैंने तुमसे मोती  पाए।।

मनीषा वर्मा

#गुफ्तगू

जन्मों का रिश्ता

सात फेरे और बस
बीते बीस साल
का जीवन नगण्य
ॐ भूर्भव: स्व:
की  ध्वनि के साथ
हवन कुंड कीअग्नि में स्वाहा
कितना असत्य है यह
या कितना सत्य था वह
कहते हैं सर्व त्याग दो
तन से , मन से , धन से सम्पर्ण
देहरी लाँघ बन जाना मर्यादा सबकी
बेटी से बहु
कन्या से ब्याहता
इक रात का सफर
और जन्मों  का रिश्ता
क्षण  में बंध गया
और एक कागज़ से टूट गया
कैसा नाता है यह ?
मानो तो सबकुछ
न मानो तो कुछ नहीं …
मनीषा 

Friday, December 27, 2013

मन करता है

गुज़र जाते हैं हमारे बीच कितने
अनकहे  दिन अनकही  रातें
कहो कब खत्म होंगी दीवारों से बाते
नयन जब भी पा जाते कुछ ऐसा
जो हर्षित तुमको भी किया करता
मन मचल जाता वहीं कहीं
तुमको पास बुलाने को
कितनी संचित स्मृतियाँ
अतीत के पुलिंदों  में दफन हुईं
कितनी सूनी रातें सपनीली बातें
सिर्फ करवटों में गुज़र गईं
अब एक
लम्बी सुनहली धूप चुराने को मन करता है
थोड़ी चाँदनी  छिटकाने को मन करता है
शाम की इन उदास क्यारियों में
एक नन्हा सुख उगाने को मन करता है
आज संग तुम्हारा पाने को मन करता है

by me मनीषा

टूटन

कच्च  से टूटा है कुछ
पर क्या?
सपना?
सपनों  के टूटने की आवाज़ नहीं  होती
कभी ध्यान से सुनो तो
सुनाई देती है सिर्फ
एक धीमी सी सिसकी
खिलखिलाते होंठों  के बीच दबी
देखो गौर से
तो शायद चमक जाएँ
पलकों के भीतर सूखे आँसू
और जानो तो
उस मस्त चेहरे पर नज़र आ जाएँगी
दर्द की गहरी लकीरें
उस हंसते चेहरे पर खिलते चुटकुलों के बीच
खाली सूनी गहरी आँखे
उसके अंतर का परिचय भी दे जाएँगी
और किसी सपने की ताज़ी लाश
अपना अक्स दिखा देगी
आँखों के नीचे पड़े काले गहरे गड्ढों में

by me मनीषा