Pages

Friday, December 27, 2013

सौंपती हूँ स्वयं को

ले आई थी कभी मैं भी माणिक पुष्प भर
इस मानस  घट से
और तुमने लौटा दिया था द्वार से
मेरा धरा बन  जाना ही यदि  तुम्हारे
अधरों पर मृदु हास का उजास बिखेर सकता है
तो अब धूमिल हो जाना ही मेरी साध है
लो आज सूत्र नही सौंपती हूँ स्वयं  को
उस सूखी ज़मीन के रूप में
जिस पर तुम बिखर सको टूटे कांच से

मनीषा 

अनकही

एक अधूरी  कहानी
कुछ चुप से शब्द
छतें टापती  वो बातूनी आँखों
शरमा  कर झुकती  पलकें
और चहचहाते पक्षियों के पंखो के नीचे
फागुनी मौसम की अंगड़ाई में
कपकपाती अँगुलियों के पोरों  को  महसूस
करते दो हाथ
और अनजाने डर  का  वो नाज़ुक सा स्पंदन
बस यही तो
इतनी सी कहानी है
अनकही  अनबूझी पहेली सी
ज़िंदगी की

by me मनीषा


व्यक्त

कहाँ  व्यक्त कर पाती हूँ
बस भरती  ही जाती हूँ
अपने मन की फैली झोली में
सहेजती जाती हूँ
सारी मौन व्यथाएँ
और दिन दिन बढ़ते आते हैं
असंख्य अनगिनत
हादसों से कँपाए  लोग
अपने अनाम चेहरों पर
दर्द की लकीरें लिए
कांधो पर दुःखती  स्मृतियों का
बोझ लिए
छलके ही आते हैं
मेरे साथ बाँटने स्वयं  को और मुझे
कब जान पाई हूँ मैं
इन निराश व्यक्तित्वों की पीड़ाओं का माप
फिर भी सर झुकाए
बांटे ही चली जाती हूँ
दिए ही जाती हूँ अपना एक हिस्सा
इन इतिहास और अनुभव की हर कहानी पर
जो समोए है एक जिंदगी अपने ही भीतर
हर इतिहास हर किस्सा जीवित है
अपनी ही नक्काशी लिए
फिर भी मानों  सब है अलग
जैसे किसी शहर में बसे पुराने खंडहर हों
और मेरी लेखनी से उतरते शब्द भी
इस अथाह संसार में
डूबती उतरती बूंदे हैं
जो बहती हैं किसी मोती  कि तलाश में
और हर सागरिक
अपनी ही तृषा बुझा इनसे चल देता है
हाथ पोंछ अपने ही किनारे की खोज में

by me मनीषा

Sunday, December 22, 2013

मैं

मैं बार बार लहरों  सी तेरे तट
से लौट जाती हूँ
सागर में हूँ समाहित
फिर भी प्यासी रह जाती हूँ 

मेरे लिए सजन तुम आए ही कब पास मेरे

मेरे लिए सजन तुम आए  ही कब पास मेरे
शून्य ही तो था हमारे मध्य
और शून्य के दायरों में ही विलीन हो चला है
हमारा संबंध
तुम आए ही कब रिश्तों के धागे जोड़ने
मेरे लिए सजन तुम आए  ही कब पास मेरे

फिर  न जाने कितने पल हमारे मध्य
इस अंतराल में जुड़ते चले गए
और हम-मैं और तुम में बदलते रहे
तुम आए ही कब सजन
अपने मैं को मेरे मैं से जोड़ने
मेरे लिए सजन तुम आए  ही कब पास मेरे

अंतहीन प्रतीक्षाओं के उपरांत भी
रीता  ही रह जाना था पथ
पथ -धूलि से केवल कैसे भरती  यह झोली
रिक्त ही रह जानी थी मेरी मांग
मेरे लिए सजन तुम आए  ही कब पास मेरे

यह जान कर  भी सजन मेरे
मैंने की थी प्रतीक्षा , बाँधा था स्वयं  को तुमसे
और तुम्हारी नि:संगतता को चाहा था
मेरे लिए सजन तुम आए  ही कब पास मेरे
मझे सहेजने सजन मेरे
मुझे समझने सजन मेरे
मेरे लिए सजन तुम आए  ही कब पास मेरे

by me मनीषा