Pages

Sunday, December 22, 2013

यदि हम संग रोते संग ही हँसते

कितना अच्छा  होता 
यदि हम संग रोते संग  ही हँसते 
संग ही भीगते बारिश  की बूंदों में 
और नहा जाते सर्दी की धूपों में 
कभी बच्चे बन जाते तो कभी 
रूठते तुम तो मनाती मैं 
और मेरे रूठने पर तुम रिझाते 
मन की उच्छ्रंखलता रहती चंचलता नैनो में 
कभी रजाई के भीतर बैठे दोनों देखा करते फिल्मे 
मैं डरती तो दुबका लेते तुम 
मेरी उलझनों को पल मे सुलझा देते तुम 
तुम्हारे मेरे दुःख साझे होते 
एक दुसरे  के बिन  बोल हमारे अधूरे होते 
जो तुम न कहते वो भाँप  लेती मैं 
मेरा अनकहा जान  लेते तुम 
कितना अच्छा  होता
यदि हम संग रोते संग  ही हँसते 

वचन

कहाँ चूक गई मैं ?
कहाँ हो गई भूल पथिक
जो कहते हो
मेरे अंचल से तुमने कंटक ही पाए

मैं तो पुष्प भर लाई थी
अपने इस मृदु अंचल में
पर कैसे यह चुभ गए तुम्हे ?
मेरे कोरे प्यार में
विष कहाँ घुल गया पथिक ?
मैंने तो बोना  चाहा था
तुम्हारे आंगन में एक
हरा भरा वृक्ष
जहां तुम शांत विश्राम कर सको
पर तुम कहते हो उसकी छाया
तुम्हे बबूल सी मालूम होती है
हा! पथिक क्षमा
क्षमा पथिक !
अब जान गई हूँ
मेरी आकांक्षाएँ  ही  शायद
इस अंजुरी में भरे फूलों  में
कंटक सी चुभ गई तुम्हें
और घुल गया मेरे प्रेम में स्वार्थ का विष
तभी उग आए हमारे आंगन में
बबूल
और मेरी राह  तकती आँखे तुम्हे
प्रश्न सी खटकने लगीं
पर पथिक , बस इतनी सी विनती है
मुझे मेरी भूल सुधार  लेने दो
बस एक बार फिर मुझे
तुम्हें  अधिकार से निहार लेने दो
बेल सी तुमसे नहीं  लिपटूँगी
वचन देती हूँ
उन्मुक्त तुम्हे तुम्हारे ही आकाश में विचरने दूँगी
और भी मिलेंगे तुम्हे हरे भरे वृक्ष
मुझे न शिकायत होगी
अपने आंचल में तुम्हे नहीं  समेटूंगी
पथिक नही बनूँगी
तुम्हारे पथ की बाधा
बस हाँ
हाँ पथिक केवल पवन सी
रहूँगी  तुम्हारी सहचरी

by me मनीषा

धान सी मैं

आई थी मैं उगने
धान सी
तुम्हारी अनजानी ,अनचीन्ही धरती पर
चाहती थी गहरे पैठ कर तुम्हारे भीतर
अपनी जड़े जमा लेना
पर रिश्तों की  धूप  बहुत प्रखर थी शायद
जो जीवन की  भोर भी
जेठ कि दुपहरी सी प्रतीत होती रही
क्या तुम्हारी प्रीत का
साया झीना था
या मेरी ही जड़े खोखली ?
किससे  पूछूँ  और क्या?
क्या कहीं उत्तर है भी कहीं ?

मनीषा 

रिश्ते

रिश्ते
'गर ये न होते
तो पंछी सा
मन मेरा भी स्वतंत्र होता
अपनी श्रद्धा से
मोती  या कंकर चुनता
काश! ये भूख न होती
प्यास न होती
न होती तड़प  कुछ पाने
और खो देने की
क्या होता जो सिर्फ मैं होती
नर  या नारी
कुछ ना  होती
तब क्या तृप्ति होती ?
By me मनीषा

Saturday, December 21, 2013

अपने प्यार से मुझे बाँधो मत

अपने प्यार से मुझे बाँधो  मत
लौट जाने दो
तुम्हारे शुभ्र उज्ज्वा कांतिमय प्यार की धूप  में
कुछ इस तरह भीग गई हूँ मैं
कि भूल ही जाती हूँ मैं
के तुम्हारे इस बंधन से अलग
मेरा कोई अस्तित्व भी है
इसलिए इससे पहले भूलूँ  मैं
वह जिसे याद करते ही
मेरे पास आ बैठते हैं
क्षोभ , लोभ ग्लानि और विषाद  से घिरे
कुछ खट्ट मिठ्ठे से पल
तुम मुझे लौट जाने दो
वहीं जहाँ  मैं  छोड़ आई हूँ
कुछ रेशम  के धागे
स्नेह भरे दायित्वों  से रंगे
जिन्हे बुन कर ही तैयार करना है
मुझे संसृति से संस्कृति  तक एक सेतु
क्योंकि तुम्हारे प्यार के  इंद्रधनुष के पार भी
 एक  क्षितिज है
जहाँ  कर्म की धरती पर
जीवन तना  सा खड़ा है
मेरा इम्तिहान लेता
एक अनंत रण  का पैगाम लिए
by me मनीषा