Pages

Sunday, December 22, 2013

रिश्ते

रिश्ते
'गर ये न होते
तो पंछी सा
मन मेरा भी स्वतंत्र होता
अपनी श्रद्धा से
मोती  या कंकर चुनता
काश! ये भूख न होती
प्यास न होती
न होती तड़प  कुछ पाने
और खो देने की
क्या होता जो सिर्फ मैं होती
नर  या नारी
कुछ ना  होती
तब क्या तृप्ति होती ?
By me मनीषा

Saturday, December 21, 2013

अपने प्यार से मुझे बाँधो मत

अपने प्यार से मुझे बाँधो  मत
लौट जाने दो
तुम्हारे शुभ्र उज्ज्वा कांतिमय प्यार की धूप  में
कुछ इस तरह भीग गई हूँ मैं
कि भूल ही जाती हूँ मैं
के तुम्हारे इस बंधन से अलग
मेरा कोई अस्तित्व भी है
इसलिए इससे पहले भूलूँ  मैं
वह जिसे याद करते ही
मेरे पास आ बैठते हैं
क्षोभ , लोभ ग्लानि और विषाद  से घिरे
कुछ खट्ट मिठ्ठे से पल
तुम मुझे लौट जाने दो
वहीं जहाँ  मैं  छोड़ आई हूँ
कुछ रेशम  के धागे
स्नेह भरे दायित्वों  से रंगे
जिन्हे बुन कर ही तैयार करना है
मुझे संसृति से संस्कृति  तक एक सेतु
क्योंकि तुम्हारे प्यार के  इंद्रधनुष के पार भी
 एक  क्षितिज है
जहाँ  कर्म की धरती पर
जीवन तना  सा खड़ा है
मेरा इम्तिहान लेता
एक अनंत रण  का पैगाम लिए
by me मनीषा

Friday, December 20, 2013

पीर

सब कुछ तो है पास तेरे 
सखियाँ कहती है 
दुनिया के सौ सुख 
मन बहलाने को कितने दिलासे 
कुछ मीठे पलों की यादे 
मेरी जायी दो नन्ही मुस्काने
पर जाने कैसी ये हूक अंतर की
कंठ तक उठती नही
हाँ सब कुछ तो है पास मेरे
फिर कैसी ये पीर मेरे
मन में रहती है
by me manisha

Thursday, December 19, 2013

माँ न करना मेरा कन्या दान

माँ  न करना मेरा कन्या दान
मैं तेरी बेटी
तेरी कोख  की जाया
तेरी ही परछाई
जानती हूँ
हूँ मैं बाबा कि दुलारी
पर हर क्षण क्यों  कानों में सीसा  सा  घोलता है
इक तीर सा मन में चुभता है
बेटी तो होती है पराई
जहां जन्मी वो बिछौना  मेरा नही है
तेरे घर का कोई कोना क्यों मेरा नही है
भैया करता है लाड़
पर हर पल होता है अहसास
मेरा इस घर में क्यों अपना कोई नही है
तुम और बाबा बात करते हो
इसे तो अपने  घर ही जाना है
सजन का  घर जा सजाना है
चुटकी भर हल्दी से कर  पीले हाथ
छिन  जाएंगे इस जन्मभूमि से सारे  अधिकार
बाबा कहेंगे अब वो ही घर तेरा है
तुम कहोगी जैसा भी हो निभाना बेटी
बहु  साक्षात् लक्ष्मी बन जाना बेटी
इस द्वार आने के लिए भी सोच विचार करना होगा
जिस ड्योढ़ी पर खेली हूँ
उसका त्याग करना होगा
अगर न लगे वो घर अपना सा भी
तब भी निर्वाह करना होगा
बार बार तिरस्कृति जब भी वहाँ से लौटूंगी
तुम कहोगी तुझ पर मेरा अधिकार नहीं है
यह अब तेरा संसार नही है
लौ जा बेटी सब ठीक हो जाएगा
विश्वास कर इस जग में पूरा सुखी कोई नहीं है
युग युग से हम सब चुप रह कर सहती  आई है
सच मान  बेटी सही व्यवहार यही है
पिया का घर  ही तेरा है
वो माँग  माफ़ी फिर तुझे लिवाने आया है
जा बेटी लज्जित न कर जग में मुझे
अब तेरा निर्वाह वहीं है
माँ  न जन्म देना फिर मुझे
और  इतना ज़रूरी करना हो मेरा गौ सा दान
तब ही देना सुहाग का आशीर्वाद मुझे
'गर दे सको फि घर लौटने का सम्मान मुझे
छिपा कर अपने आँचल  में फिर कर सको दुलार मुझे
दिला सको फिर जीने का अधिकार मुझे
मेरे कतरे पँखो  पर मलहम  रख दे सको उड़ान मुझे
फिर अपने घर के इक हिस्से  में कर सको स्वीकार मुझे
जब कह सको तू मेरी  अपनी है नही है पराई
तब ही देना अपनी कोख पर अधिकार मुझे
माँ मत देना तू तब तक जन्म मुझे
माँ मत देना तू तब तक जन्म मुझे
जब कह सको कि पराया नहीं
आज भी यह घर यह कमरा तेरा है
माँ तब ही करना मान सम्मान से
मेहँदी लगा पिया संग विदा मुझे
पर ना करना  माँ  कभी गौ सा दान मुझे
माँ मत करना मेरा कन्या दान
माँ मत करना मेरा कन्या दान
by me Manisha

टुकड़ा टुकड़ा धूप

टुकड़ा टुकड़ा धूप जब आँगन में आती है 
माँ हर टुकड़े पर रख देती है 
एक एक थाल 
कोई भीगे तिल से भरा 
कोई पापड़, कोई बड़ियों से भरा 
और फिर चुन कर एक टुकड़ा धूप
बैठ जाती है वह स्वयं भी
धीरे धीरे उसके हाथ बुनते हैं
नरम नरम ऊनी स्वेटर
कभी छज्जे पर खुल के आती धूप में
वो फैला देती है निचोड़ कर कपड़े
और किसी पुरानी सूती धोती से
ढक कर रख देती है
ताज़ी तोड़ी सेवइयां
एक समय था जब माँ को
धूप बटोरनी नहीं पड़ती थी
खुले आँगन में धूप नाचती फिरती थी
तब हमे धूप में लिटा कर माँ
धीमी धीमी बहती धार में
कपड़े धोया करती थी
फिर पता नहीं कब हम बड़े हो गए
इसने कि धूप भरा आँगन छोटा पड़ गया
अपने आँगन से , नन्हे से आँगन आँगन से
निकल भागे स्कूलों , कॉलेजों , दफतरों की ओर
और ना जाने कहाँ से उग आईं हमारे आंगन
के चारों तरफ
आकाश छूने को कसमसाती ये बिल्डिंगे
धूप अब किसी छिद्र से झाँकते
आकाश के टुकड़े से टपक भर पड़ती है आँगन में
और माँ अपने खटोले पर बैठे बैठे
ऊन के फंदों के बीच
टुकड़ा टुकड़ा धूप चुनती रहती है
कभी गीले कपड़ों के लिए
कभी आचार के लिए
कभी बड़ियों तो कभी पापड़ के लिए
वह सेंकती रहती है
उम्र से पके अपने बाल और कुम्हलाती देह
उस टुकड़ा टुकड़ा धूप से
जो अब आंगन में टपक भर पड़ती है

by me मनीषा
read this in a kavi sammelan long back and it was much appreciated by everyone