Pages

Monday, December 16, 2013

एक स्याह रात

मेरे भीतर एक स्याह रात पलती  है
तू अपनी दस्तकों से इसमें उजाले न भर
मुझे इन वीरानियों की एक आदत सी है
तू अपनी बगिया के इसमें फूल मत भर
मैं रोज़ सूरज सी उगती हूँ ,मरती हूँ कभी
तू मेरे लिए अपनी आँख के कोरे नम मत कर
सपने सा है तेरा आना मेरी दुनिया में
प्यार करता है तो कर पर इज़हार ना कर 

एक किरण

एक किरण रौशनी की 
भटक कर भीतर आ गई थी
मैंने सांकल तो कस के लगाई थी
फिर भी बिना आहट
वो चुपचाप चली आई थी
हल्के से मुझे छू  के बोली
तू मुस्कुरा मैं तेरे लिए आई हूँ
तेरे आंसू आसमाँ  ने गिने है
और कुछ तेरे लिए मोती  चुने हैं

लेकिन पराया था वो अहसास
मेरे भीतर तो सिर्फ तन्हा पन्ने रखे  थे
उसके उजास से डर  गई मैं
इतनी अजनबी थी ख़ुशी कि
इक पल के लिए मर कर जी उठी मैं
 फिर मैंने उसे धीरे से बाहर धकेला
उसकी यादों को एक एक कर उधेड़ा
और
अपने अंधेरो में फिर मस्त हो गई मैं
मनीषा 

Sunday, December 15, 2013

एक फरियाद

फिर पुकार मुझे
चुपके से  ले  मेरा नाम
डूब रही हूँ अपने ही मन के अंधेरों में
अपनी लौ से कर दे रौशन मुझे

बहुत झूठ जी चुकी हूँ
आज तेरे सच में जीने का हौसला हुआ है
तेरी बाँहो  के लिए तड़पी हूँ बेइंतहा
अपने आगोश में छिपा ले मुझे

तेरा साथ तो एक ख्वाब सा है
जानती हूँ फिर भी
मेरे ख्यालो में गुम हो जा और
अपने ख्वाबों में बसा ले मुझे 

Thursday, December 5, 2013

मन मीत

हुए  पथ अलग
अब चलती हूँ मन मीत
है पथ पथरीला
कुछ तुम्हारा
कुछ मेरा
फिर भी चलो
अपने अपने पथ पर
चलते हैं मनमीत
मुझे थामनी है
अपने इस रथ की कमान
तुम सम्भालो अपनी गांडीव
चलो चलते हैं
अपने अपने प्रशस्त पथ पर
हम और तुम मनमीत
तुम करो कर्त्तव्य पालन
मैं करती हूँ सप्तपदी के वचन पालन
अब बिछड़े
न जाने कब फिर ये पथ  मिलेंगे
चलो चलती हूँ मनमीत
मनीषा
शादी की  सालगिरह पर 

प्रभात

जाड़ो की नरम रज़ाई
और अलसाई सी एक अँगड़ाई
हाथों में गर्म चाय का प्याला
और पांव के  तलवे सहलाती नरम धूप
 ज़हन में तुम्हारा ख्याल
और नज़र में उतरता
आज का अखबार
बस इतनी सी कहानी में
बीत गई एक और खुशनुमा प्रभात
मनीषा