Pages

Monday, December 16, 2013

एक किरण

एक किरण रौशनी की 
भटक कर भीतर आ गई थी
मैंने सांकल तो कस के लगाई थी
फिर भी बिना आहट
वो चुपचाप चली आई थी
हल्के से मुझे छू  के बोली
तू मुस्कुरा मैं तेरे लिए आई हूँ
तेरे आंसू आसमाँ  ने गिने है
और कुछ तेरे लिए मोती  चुने हैं

लेकिन पराया था वो अहसास
मेरे भीतर तो सिर्फ तन्हा पन्ने रखे  थे
उसके उजास से डर  गई मैं
इतनी अजनबी थी ख़ुशी कि
इक पल के लिए मर कर जी उठी मैं
 फिर मैंने उसे धीरे से बाहर धकेला
उसकी यादों को एक एक कर उधेड़ा
और
अपने अंधेरो में फिर मस्त हो गई मैं
मनीषा 

Sunday, December 15, 2013

एक फरियाद

फिर पुकार मुझे
चुपके से  ले  मेरा नाम
डूब रही हूँ अपने ही मन के अंधेरों में
अपनी लौ से कर दे रौशन मुझे

बहुत झूठ जी चुकी हूँ
आज तेरे सच में जीने का हौसला हुआ है
तेरी बाँहो  के लिए तड़पी हूँ बेइंतहा
अपने आगोश में छिपा ले मुझे

तेरा साथ तो एक ख्वाब सा है
जानती हूँ फिर भी
मेरे ख्यालो में गुम हो जा और
अपने ख्वाबों में बसा ले मुझे 

Thursday, December 5, 2013

मन मीत

हुए  पथ अलग
अब चलती हूँ मन मीत
है पथ पथरीला
कुछ तुम्हारा
कुछ मेरा
फिर भी चलो
अपने अपने पथ पर
चलते हैं मनमीत
मुझे थामनी है
अपने इस रथ की कमान
तुम सम्भालो अपनी गांडीव
चलो चलते हैं
अपने अपने प्रशस्त पथ पर
हम और तुम मनमीत
तुम करो कर्त्तव्य पालन
मैं करती हूँ सप्तपदी के वचन पालन
अब बिछड़े
न जाने कब फिर ये पथ  मिलेंगे
चलो चलती हूँ मनमीत
मनीषा
शादी की  सालगिरह पर 

प्रभात

जाड़ो की नरम रज़ाई
और अलसाई सी एक अँगड़ाई
हाथों में गर्म चाय का प्याला
और पांव के  तलवे सहलाती नरम धूप
 ज़हन में तुम्हारा ख्याल
और नज़र में उतरता
आज का अखबार
बस इतनी सी कहानी में
बीत गई एक और खुशनुमा प्रभात
मनीषा 

Saturday, November 23, 2013

आदत

तेरे आँगन की छाँव  नहीं सहन होती
मुझे धूप की तपिश की  आदत सी  हो गई है

कुछ टूटा सा था तो
मन के आगे कुछ सलाखें सी बो दी थी
कुछ मौसम पहले
इन बरसातों में पहरों  की उसे आदत सी हो गई है

अब मत खटखटाना मेरा द्वार
मत पुकारना मुझे
अपने भावुक बोलों से
मुझे सन्नाटों कि आदत सी हो गई है

बहुत दूर निकल आई हूँ इन राहों में
अकेले चलते चलते
अब तेरी आदत कुछ छूट सी गई है

बड़ी देर से आए हैं
वो सुलझाने बिगड़ी बात
अब तो इस दर्द की आदत सी हो गई

मन पर लगी  सांकल है
बहुत भारी
अब किवाड़ खोलने में डर  लगता है
इन दस्तकों की आवाज़ से काँप  जाती हूँ
तन्हाईयों  कि आदत सी हो गई है
मनीषा