Pages

Friday, June 7, 2013

एक सोच :क्या फर्क पड़ता है

हम जाते हैं 
अफ़सोस जताने और करते है 
बहुत वाद विवाद उस पर जो 
जाने क्यों ज़रूरी है 

"चूड़ियाँ तोड़ दो 
बिछिये उतार दो 
बिंदी सिन्दूर मिटा दो 
चूल्हा मत जलाना 
बेटी से मत उठवाना 
जिस रस्ते गए थे 
उस रस्ते मत आना 
कपड़ा  मत धोना 
नया मत पहनना 
यह मत खाना 
अरे तुम  मत पकाना "

क्या फर्क पड़ता है 
इस  सब से 
क्या जाने वाला लौट आता है ?
मृत्यु हार जाती है जीवन से ?
इतने नियमों के पालन से 
संस्कारों को जीने मरने का प्रश्न मत बनाओ 
केवल उत्तरदायित्व निभाओ 


किस वेद  में लिखा है 
किस उपनिषद में 
मन को दुखाना उचित है?
फिर भी हम निभाते जाते है 
जाने किस मोक्ष के भ्रम में 
करते जाते हैं अनाचार 
वाद विवाद 
उस पर जो शायद अब सिर्फ रूढी  है 

बस करो , मन दुखता है ...
करो सिर्फ उतना जो ज़रूरी है 
एक नया जीवन 
जीने के लिए 
मनीषा 

Thursday, June 6, 2013

शब्द कितने अर्थहीन

शब्द कितने अर्थहीन
हारते जाना पल पल
इस  समय चक्र में
शब्द मय  भुलावे सभी
व्यर्थ का अदान प्रदान
दिलासे सभी
अश्रु पूरित चेहरों को लौटा नही
पाते फिर वही हँसी वही ख़ुशी
जीवन अंत या अनंत
शब्दों में बंधा एक प्रश्न चिन्ह
निरूत्तर सा सुबह शाम मन को घेरता सा

शब्द कोष वेद  उपनिषद
खंगाल डाले सभी
रीती -रिवाजों के बन्धन
भी डाले सभी
पर कहाँ मिलता है
उत्तर कहीं
मानो  तो सब है उस पार
न मानो  तो कुछ नहीं
अग्नि जल वायु आकाश धरा
सब खोजा बहुत पुकारा भी
मिलता है तो सिर्फ छलावा
एक भुलावा
जीने का बहाना
जीवन  में बस चलते जाना
अपने  पथ पर ढलते जाना
श्वास रुकने तक बस
उत्तर खोजते जाना


मनीषा 

Monday, March 4, 2013

एक ख़त लिखूँ

एक ख़त लिखूँ 
उसके नाम 
जो कभी पढ़ता  नहीं 
मेरे मन की बात
उसके लिए लिख रखूँ 
मैं हर वो बात 
जो वो सुनता नहीं 
लिख डालूँ हर वो 
बात बेबात 
मेरे दिन और रात 
जीवन की कदम ताल 
सांसों  की बारात 
एक एक पल की बात 
लिखूँ  उस चाँद की बात 
देखता है जो हमे 
अलग अलग 
हर रात 
लिखूं कैसे उस बिन 
आई रोज़ सुबह 
और कैसे हर घड़ी आई
 मुझे उसकी याद 
लिख दूँ उसे सब 
दिळ  की बात 
कैसे गुज़रे उसके  बिन 
ये दिन और साल 
जो सुनता नही 
अब मेरे क़दमों की थाप 
मनीषा 


Wednesday, February 27, 2013

याद है मुझे आज भी

याद है मुझे आज भी 
रात  में तुम्हे जान तकिये से यूं लिपटना मेरा 
वह  किसी और शख्स में तुम्हे देख ठिठकना मेरा 
कभी तुम्हारे ख्यालो में भटक मुस्कुराना मेरा 
और तुम्हारे खत को किताबो के बीच रख  पढना मेरा 

अक्सर तुम्हे याद कर और तन्हा हो जाना मेरा 
फिर दिल को बहला फुसला महफ़िल में खिलखिलाना मेरा 
हर सुबह डाकिए की राह  निहारना मेरा 
और हर शाम के साथ मायूस हो जाना मेरा 

तेरी जुदाई को इम्तिहान समझ सहना  मेरा 
उस  दर्द में भी वो सहेलियों संग मुस्काना मेरा 
कभी तनहा तनहा आँसू  बहाना मेरा 
कभी हर आहट  पर वो आँखों के अश्क छुपाना मेरा 

तेरे आने की खबर पर वो इतराना मेरा 
इन कदमो का थिरकना  वो हाथों का कांप  जाना मेरा 
तुमसे मिलने के लिए वो बहाने से घर से निकलना मेरा  
और तुम्हे सामने पा  वो रो पड़ना मेरा

मनीषा 

तुमने अंकित कर दिए शब्द

कितनी सरलता से तुमने 
अंकित कर दिए  शब्द 
और घुमड़ते भावों को दे दिया 
एक निश्चित आयाम 
एक कोरे कागज़ पर लिख दिया
 इस रिश्ते का नाम और अंजाम 
पर क्या यह  काफी है 
उन सभी मूक अभिव्यक्तियों 
को व्यक्त करने के लिए 
क्या मन के भाव बंधन में बंधे रह जाएँगे 
या व्यक्त हो उन्मुक्त हो जाएँगे 
शब्दमय अभिव्यक्ति केवल क्षणिक सुख देती  है 
अनकहे विचार मन में ज्वर भाटे से मचलते हैं 
मन के साहिल को कचोटते काटते 

क्या मैं इन शब्द सेतू के पार 
जान पाऊंगी  तुम्हे 
या तुम इन शब्दों की परम्परा से मुक्त हो 
पारदर्शी हो पाओगे
 शब्द सतही हैं 
कोरे अक्षर पंगु से सिर्फ 
रिश्तो के दायरे मापते हुए 

तुम और मैं 
इन  पूर्व निर्मित वाक्यों में उलझे 
मिल नहीं पाते , कहीं  गुम हो जाते है अर्थों  की सूची में 
फिर  सप्तपदी के इन वचनों को 
मैं क्यों यूं ही  मान लूं 
मैं क्यों और कैसे विश्वास  करूं 
और तुम भी क्यों स्वीकार करो 
इन भाव विहीन शब्दों में स्पष्ट होते अर्थ 

क्यों न तुम और मैं 
सिर्फ मूक भावों का ही सम्प्रेषण करें 
और मान ले शब्दोंकी असक्षमता को 
जो आज इस क्षण से पूर्व 
और इस क्षण के बाद 
या इस क्षण में भी 
हमारे बंधन को समेट  नहीं पाएंगे 
अपनी सीमित सार्थकता में 

एक बार फिर से पहचान करें 
मन से मन की बात करे 
कुछ तुम मेरी अनकही सुनो 
कुछ मैं तुम्हारी आप बीती सुनूँ 
फिर से वो पहली मुलाकात करें 
चलो शब्दों वाक्यों विधानों से परे 
आँखों की आँखों से  बात करें 

मनीषा