Pages

Monday, February 25, 2013

मेरे गीत भी मुस्कुराते हैं

ज़िन्दगी की संकरी गलियों में 
कुछ रिश्ते अनायास ही आँचल से लिपट जाते हैं 
और मेरी तन्हाई कुछ अकेली हो जाती है 
मन को छूते हैं कुछ पल  हौले हौले से 
और एक  सुबह निखरी निखरी धूप  
मेरे कंधो पर रख देती है हाथ 
कितना सुखद होता है 
कभी अपने ही अतीत से मिलना 
अपने बचपन में लौटना 
जब मिलते हैं मीत पुराने 
मुझे मेरी याद दिलाते हैं 
और मेरे गीत  भी मुस्कुराते हैं 

Tuesday, February 19, 2013

रस्ते पर चलती लोगों की भीड़


रस्ते  पर चलती लोगों की भीड़ 
और भीड़ के बीच पसरे दो हाथ नन्हे काले भद्दे हाथ 
हाथों पर  नाखून चटक कर काले पड़  चुके हैं 
और हथेलियों पर बिखरी पड़ी है 
परत दर परत गर्द 
हाथ पसरते ही रहते हैं  
हर तेज़ कदम की धमक के आगे 
उन हाथों पर रखी  है 
एक बेचारी सी खामोश आवाज़
 जिसकी उम्मीदगी में  झलकती है 
एक अठन्नी की खनक 
भीड़ के आगे फैले हाथ फैलते ही चले जाते हैं 
लाचारी भरी मासूम आंखे देखती रहती हैं 
और भीड़ गुम  होती जाती है 
न जाने कहाँ से कहाँ तक आती है जाती है हर रोज़ 
अब भीड़ में चेहरे नज़र नहीं  आते 
बस आता है नज़र तो बस उस भीड़ के हिस्से बने लोग 
और उनके आगे दया याचना करते  
दो जोड़ पसरे हाथ 
हर तरफ बस सिक्कों की खनक ढूंढते 
हाथ ही हाथ 
भीड़ सिक्के खनकाती कहीं गुम  हो जाती है 
उसे रुकना ठिठकना मंज़ूर न हो जैसे 
रह जाती है तो मन मसोसे 
कूड़े के ढेर में पत्तलें ढूंढते दो  हाथ 
और गर्द फांकती  प्रश्नभरी दो आँखे 
मनीषा 



जब जब उतरती है

जब जब उतरती है 
       वसुधा  के अंचल पर रात नई 
मन को आलोड़ित  करती है 
       फिर फिर बात वही 
यूँ तो समय ने कितनी देखी  होगी 
        रातें नई  नवेली 
पर रुक था क्षण भर काल भी 
        देख वो छवि सलोनी 
मिलन था वो पल या बिछोह की थी राह बनी 
        जब नैनो की नैनो से थी तकरार हुई 
मन आज भी उसांस  भर रह जाता है 
        सोचता है बावरा 
 उन नैनो में थी भी या नहीं बात कोई 
मनीषा 

Sunday, February 17, 2013

वक्त की कलम से

वक्त की कलम 
से ज़िन्दगी के पन्नों पर 
अक्षर अक्षर बिखरती रही मैं 
कभी जीती कभी थोड़ा मरती रही मैं 
बहुत सोचा सब पा लेना मेरे बस में है 
नियति से भिड़ती लडती रही मैं 
तुझे जीतने को 
हर कदम पर खुद को हारती रही मैं 
कभी चुप रही 
कभी बोली भी , तुझसे मन का भेद छुपाती रही मैं 
बहुत टूटी बहुत  बिखरी 
फिर भी तेरे लिए हँसती  मुस्कुराती रही मैं 
मुझे ढूंढना मेरे गीतों में 
तेरे लिए जिंदगी भर गाती रही मैं 
मनीषा 

Wednesday, February 6, 2013

शब्दों का नाता तो रहने दो

शब्दों का नाता तो रहने दो, एक छलावा तो रहने दो 
वेदना से मेरी, भीगी होंगी तुम्हारी भी आँखे 
आछन्न मन से फूटी होंगी बोझल आहें 
मौन एक दिलासा तो रहने दो 

जब भी अश्रु छलकाने को कान्धा  तलाशेंगी मेरी आँखे 
जीवन के समर में  खंड खंड हो जाएँगी  मेरी पाँखे  
बनकर आधार थाम लोगे मुझे तुम 
एक नन्ही सी आशा तो रहने दो 
शब्दों का नाता तो रहने दो, एक छलावा तो रहने दो 

फिर इसी मोड़ पर प्रतीक्षारत तुम्हे पाऊँगी  मैं 
दूर हो कर भी तुमसे तुम तक फिर लौट पाऊंगी मैं 
हर राह पर मेरी मंजिल से होगे तुम 
एक चुप सा विश्वास  तो रहने दो 
शब्दों का नाता तो रहने दो, एक छलावा तो रहने दो 

जिनके अपने हैं जग में उन्हें कटु सत्यों से भय कब लगा 
मेरे लिए तो बस यह भुलावा ही जीने का बहाना हुआ 
सांसों का तारतम्य तो रहने दो 
बोल चालों  में अपनत्व की परिभाषा तो रहने दो 
शब्दों का नाता तो रहने दो, एक छलावा तो रहने दो 
मनीषा