Pages

Sunday, February 17, 2013

वक्त की कलम से

वक्त की कलम 
से ज़िन्दगी के पन्नों पर 
अक्षर अक्षर बिखरती रही मैं 
कभी जीती कभी थोड़ा मरती रही मैं 
बहुत सोचा सब पा लेना मेरे बस में है 
नियति से भिड़ती लडती रही मैं 
तुझे जीतने को 
हर कदम पर खुद को हारती रही मैं 
कभी चुप रही 
कभी बोली भी , तुझसे मन का भेद छुपाती रही मैं 
बहुत टूटी बहुत  बिखरी 
फिर भी तेरे लिए हँसती  मुस्कुराती रही मैं 
मुझे ढूंढना मेरे गीतों में 
तेरे लिए जिंदगी भर गाती रही मैं 
मनीषा 

Wednesday, February 6, 2013

शब्दों का नाता तो रहने दो

शब्दों का नाता तो रहने दो, एक छलावा तो रहने दो 
वेदना से मेरी, भीगी होंगी तुम्हारी भी आँखे 
आछन्न मन से फूटी होंगी बोझल आहें 
मौन एक दिलासा तो रहने दो 

जब भी अश्रु छलकाने को कान्धा  तलाशेंगी मेरी आँखे 
जीवन के समर में  खंड खंड हो जाएँगी  मेरी पाँखे  
बनकर आधार थाम लोगे मुझे तुम 
एक नन्ही सी आशा तो रहने दो 
शब्दों का नाता तो रहने दो, एक छलावा तो रहने दो 

फिर इसी मोड़ पर प्रतीक्षारत तुम्हे पाऊँगी  मैं 
दूर हो कर भी तुमसे तुम तक फिर लौट पाऊंगी मैं 
हर राह पर मेरी मंजिल से होगे तुम 
एक चुप सा विश्वास  तो रहने दो 
शब्दों का नाता तो रहने दो, एक छलावा तो रहने दो 

जिनके अपने हैं जग में उन्हें कटु सत्यों से भय कब लगा 
मेरे लिए तो बस यह भुलावा ही जीने का बहाना हुआ 
सांसों का तारतम्य तो रहने दो 
बोल चालों  में अपनत्व की परिभाषा तो रहने दो 
शब्दों का नाता तो रहने दो, एक छलावा तो रहने दो 
मनीषा 


Wednesday, January 30, 2013

मुझे गाँधी दिखता है




मुझे गाँधी दिखता  है 
चौराहों पर मूर्तिवत 
पुस्तकों  में छपा 
स्कूल की दीवारों पर चित्रित 
कभी कभी सभागारों में 
मैं उसे संसद की दीवारों पर भी 
देखती हूँ 
उसके उजले कपड़े  
कुछ काले दिलों पर भी चढ़े देखती हूँ 
उसकी टोपी सार्वजनिक हो गई है 
मैं देखती हूँ अब आम हो गई है 
दिल्ली में एक मैदान है उसके नाम 
हर शहर में एक सड़क  मिलती है गाँधी के नाम 
राजघाट पर भजनों  के बीच उसे श्रद्धांजली  चढ़ाते  हैं 
उसे भारतीय कह लोग गौरान्वित होते हैं 
देखती हूँ मैं उसे, और सोचती हूँ
वो  फ़क़ीर,  जो हर नोट पर छपा मिलता है 
उसे कहाँ ढूंढू , वो जीवन में कहाँ उतरता है 
गाँधी अब सिर्फ मिसालों  में सिमटा मिलता है 
भाषणों में कहा मिलता है 
अब गाँधी सिर्फ चौराहों पर सजा मिलता है 
साल में दो बार कलेंडर की 
तिथियों में छिपा मिलता है 

मनीषा 


चलो पुण्य तिथि है आज

चलो पुण्य  तिथि है आज , आज आँखे कुछ नम कर लें 
कोई था गाँधी भी आज याद कर लें 
त्यौहार सा मन है , आखिर छुट्टी है बहुत फुर्सत है 
चलो आज फिर  बापू को याद कर लें 
आज आँखे कुछ नम कर लें 

बहुत जलाई बसें , पुतले फूँके 
बहुत तोड़े हैं कारों  के शीशे
खाया बहुत जी भर  फाइलों  के भीतर 
आज मन को  कुछ शुद्ध कर लें 
चलो आज आँखे कुछ नम कर लें 
चलो फिर बापू को याद कर लें 

कहाँ पड़ा है वो खद्दर का चोला 
जाने कहाँ रख दी है वो उजली टोपी
सत्य के प्रयोग रखें हैं धूल  में दबे 
चलो पुरानी  अल्मारी  साफ़ कर लें
चलो आज आँखे कुछ नम कर लें 
चलो फिर बापू को याद कर लें 

बच्चो का मन है घूमने का 
राजघाट ही जाया जाए 
कोई था गाँधी , सादा, सरल 
धरती पर जन्मा एक देवता 
उन्हें भी बतलाया जाए 
चलो आज आँखे कुछ नम कर लें 
चलो फिर बापू को याद कर लें 

संकल्प लिया था बापू ने 
सत्य का अहिंसा का निर्वस्त्र रहने का 
जब तक एक तन भी भारत में नग्न रहे 
उसे भी याद कर लें 
शापिंग मॉल  के बाहर 
खड़े भारत को भी नमस्कार कर लें 
चलो आज आँखे कुछ नम कर लें 
चलो फिर बापू को याद कर लें 

मनीषा 

Monday, January 28, 2013

ये रातें हैं

ये रातें हैं मेरी सिर्फ मेरी 
मेरे संग मुस्कुराती हैं गाती  हैं 
और कभी रो देती हैं 
बाँटा  है मने खुद को , हाँ खुद को 
और तुम्हे , इन रातों के साथ 
जब पूर्व में उषा झाँकती  है 
मैं विभाजित हो जाती हूँ 
तुमसे, और  स्वयं  में  विभाजित 
इन रातों में ही तो मेरी और तुम्हारी पूर्णता है 
इनमे मैं स्वयमाब्द्ध हूँ -सम्पूर्ण 
कभी कभी इन अंतहीन रातों में 
सपने मुझसे मिलने आते हैं 
और भोर की  उजियाली  के संग 
ताश से बिखर जाते हैं 
मेरी इच्छा सी ही ये रातें 
ढल जाती हैं 
कभी मुझे थपकी दे सुलाती हैं 
कभी भोर तक बतियाती हैं 
और कभी मेरी ही सुनती हैं 
और मुझे सुनाती हैं 
इनके साथ बाँटती  हूँ मैं 
तुम्हे और खुद को 
तुम इन्हें नहीं जानते क्योंकि 
उजालों के अनुगामी तुम 
निंद्रा में खो जाते हो 
पर ये तुम से परिचित हैं 
तुम्हारे स्वर से परिचित हैं 
ये मुझे सुनती हैं 
मन गुनती हूँ संग  इनके 
कुछ अधूरे से रंगीन सपने 
इन रातों के साथ  मैं उगती हूँ 
सुबह तक ढल जाती हूँ 
आंसूओ में डूबी , खिलखिलाहटों से भरी 
गम्भीर सी, मैं स्वर मिश्रित कली  सुन्दर रातों में 
रोज दिन बीतते 
मैं चाँदनी  सी खिलती हूँ 
क्योंकि ये ही तो 
सुख सुख की साथी 
मेरी अभिन्न सखियाँ हैं 
मैं पाती  हूँ अपना आप  इनके  अंधेरों में 
और हर सुबह जग में  विलुप्त हो  जाती हूँ 

मनीषा