Pages

Saturday, January 26, 2013

गुज़र जाते हैं

गुज़र जाते हैं हमारे बीच कितने 
अनकहे दिन अनकही  रातें 
कहो कब ख़त्म होंगी दीवारों से बातें 
नयन जब भी पा  जाते कुछ ऐसा 
जो हर्षित तुमको भी किया करता 
मन मचल जाता वहीं से 
तुमको पास बुलाने को 

पाँव   थम  जाते पर वहीँ कहीं 
बोल होंठो के कोरो पर ही घुट जाते 
प्यार कहीं गुम  हो जाता है 
जब 
यह क्रूर अहम  बीच  आ जाता है 
पहले तुम, के ख्याल में 
जीवन का मृदु क्षण गुम जाता है 

कितनी बीतीं स्मृतियाँ अतीत के 
पुलिंदों  में दफ़न  हुईं 
कितनी सूनी रातें सपनीली बातें 
सिर्फ करवटों में गुज़र गईं 
अब एक लम्बी सुनहली धूप चुराने का 
मन करता है 
चुटकी भर चाँदनी  बिखराने  का 
मन करता है 
शाम की इन उदास क्यारियों में 
एक नन्हा सुख उगाने का
 मन करता है 
आज फिर संग तुम्हारा पाने का 
मन करता है 

मनीषा 

Wednesday, January 23, 2013

रोज़ आती है एक रात मेरे मन में

रोज़ आती है एक रात मेरे मन में 
रोज़ उसे सूरज से तेरे भगाती हूँ 
रोज़ मन करता है मर जाने का 
रोज़ तेरे नाम पर जी जाती हूँ 

बहुत अँधेरा है यहाँ 
रौशनी तक कहीं  नज़र नही आती 
इतनी दूरियाँ  हैं 
सालों  की मजबूरियाँ हैं
 बीच में तेरे मेरे 
वक्त का एक दरिया है 
आँख मूँद भी लूँ  मैं तो भी 
मन के भीतर 
अब तेरी सूरत तक नज़र नही आती 

मन बंजारा रहने दो

मन बंजारा रहने दो 
मुझे अनजाना  रहने दो 

गीत मेरे अश्रु हैं 
मुझे  अनगाया  रहने दो 
मन बंजारा रहने दो
मुझे अनजाना  रहने दो 


अक्षर अक्षर कटती हूँ 
मुझे अनकहा रहने दो 
मन बंजारा रहने दो
मुझे अनजाना  रहने दो 

शब्दों का व्यापार है दुनिया 
मुझे अनजाया  रहने दो 
मन बंजारा रहने दो
मुझे अनजाना  रहने दो 

सपनों  से भारी पाँखे  है 
मुझे बिसराया रहने दो 
मन बंजारा रहने दो
मुझे अनजाना  रहने दो

भाव खोज लेंगे किनारे अपने
मुझे धारा ही रहने दो 
मन बंजारा रहने दो 
मुझे अनजाना रहने दो 

मन के लिए लिखती हूँ 
मुझे पराया रहने दो 
मन बंजारा रहने दो
मुझे अनजाना  रहने दो 
मनीषा 

Monday, January 21, 2013

युग-कवि

एक रात की बात थी 
छिपकली उदास थी 
एकटक मुझे घूरते हुए उसने कहा 
तुमने मुझ पर अभी तक क्यों नहीं कुछ लिखा 
क्या मेरा अस्तित्व तुम्हे नहीं दिखा 
जितने नए पुराने कवि  हैं 
उन्होनें मकोड़ो  को भी विषय बनाया है 
वर्ड्सवर्थ ने  भी मेरा गुण गाया  है 
तब तुम क्यों मेरी अवहेलना करती हो 
क्या मुझे किसी काबिल नही समझती हो 
युग -कवि  तुम कैसे बनोगी 
मुझ पर जब तक नहीं लिखोगी 
फिर क्या ,एकाएक 
युग कवि बनने  की साध मन में लहरा गई 
उसे तकते हुए उसकी बात नापते हुए 
मैंने पूछा ,
क्या सभी युग-कवि  छिपकली पर लिखते हैं 
जवाब मिला 
छिपकली से अधिक किसी विषय को वे नही चुनते हैं 
कहीं भी मुझे फिट कर दो 
किसी भी वर्ग का प्रतिनिधित्व ही  सौंप दो 
 पर कविता या कहानी का पात्र यूं ही नही कोई बनता 
मन में संशय फिर भी था 
मेरा प्रतिरोध फिर भी था 
विषय बनने  के लिए 
तुम्हें  उपहास का पात्र बनना होगा 
संघर्षों से गुज़रना  होगा 
कुछ करके दिखाना होगा 
या निरुपाय हो कर पछताना होगा 
कहने का अभिप्राय है बस इतना 
सामान्य से असमान्य बन कर ही रह जाना होगा 
छिपकली ने अपना कथन फिर दोहराया 
अपने निश्चय को द्रढ़ता से दोहराया 
सुनहरे चश्मे से मेरा भविष्य दिखलाया 
बोली 
हर साधारणता की भी अपनी कहानी होती है 
युग-कवि  तुम कैसे बन पाओगी  
यदि साधारणता में असाधारणता नहीं खोज पाओगी 
छिपकली की बात रास आ गई 
युग-कवि होने की साध मन में लहरा गई 
छिपकली पर ही कुछ  लिख डालने को कलम ललचा गई 
अब समस्या थी कि  कविता की छिपकली 
नेता है या अभिनेता है ,भोक्ता  है या उपभोक्ता है 
जनता है या जनार्दन है , शासक  है या दू:शासन  है 
लाजवंती है या आधुनिकता में रंगी दुमकटी  है 
भावपूर्ण  अभिव्यक्ति है  या फ़िल्मी गीत कोई चटक है 
यानि युग-कवि बनने का कौन सा सरल शार्ट कट है 
अब छिपकली पर ही छोड़ा चुनाव था 
यह उसका ही सुझाव था 
हमने अपने युग-कवि  बनने  की नींव डाली 
पूरी छिपकली ही कविता में संजो डाली 
बस तब से सुनहरे सपने देख रही हूँ 
कविता के पुलिंदे लिए सम्पादक खोज रही हूँ 
मुझे पूर्ण विश्वास  है आप भी पहचानेगे 
एक छिपकली का बलिदान यूँ  व्यर्थ ना जाने देंगे 
यूँ  व्यर्थ ना जाने देंगे 
मनीषा 

बच्चे अब जानते नहीं हैं

बच्चे अब जानते नहीं हैं 

किसी को पहचानते नहीं हैं 

कंप्यूटर पर खेलने में हैं तेज़ 
लाते हैं नंबर सौ में सौ पर एक 
आते ही स्कूल से कोचिंग  जाते हैं 
हाकी खेल है भारत का पता नही है 
धोनी जडेजा के क्रिकेट का है शौक भारी 
लंगड़ी टांग आइस पाइस  का लुत्फ़ जानते नहीं है 
बच्चे अब 
किसी को पहचानते नहीं हैं 


ज़िंदगी कैद है रंगीन तस्वीरों में सारी
मोबाइल पर आई है नई रिंगटोन कौन सी  ,
कब रिलीज़ होती है एल्बम कौन सी 
है जानकारी सारी 
जिन्दगी के इम्तहान में हो जाते हैं फेल 
घर पर आया है कौन जानते नहीं है 
बच्चे अब 
किसी को पहचानते नहीं हैं 

फेसबुक और ट्विटर पर फ्रेंड्स हैं अनेक 
आधे आधे शब्दों में पूरी बात कह लेते हैं  
कर लेते हैं चैटिंग  देश विदेश में रात सारी 
चाचा और मामा को जानते नहीं हैं 
पाँव  छूने में झिझक जाते हैं 
दादी नानी के किस्से जानते नहीं है 
बच्चे अब 
किसीको पहचानते नहीं हैं 

फास्ट फ़ूड ,फ़ास्ट कार फ़ास्ट लाइफ है पसंद 
मॉल  में कौन सा फ्लोर है किसका सब पता है 
नए प्ले स्टेशन के कण्ट्रोल की भी है जानकारी 
गेम पर नज़र गडाए हाँ हूँ में जवाब भर दे लेते हैं 
नाश्ते पर जल्दी जल्दी मूँह  में मैगी ठूस लेते हैं 
बच्चे अब
किसी को पहचानते नहीं हैं 
मनीषा