Pages

Saturday, January 19, 2013

कवि तू कहता चल

कवि  तू कहता चल 
अपनी धुन मे रमता चल 
मन में सच का ताप लिए
 तू जलता चल 
चलता चल
कि  राह खुद मंजिल हो जाए 
चले साए ना साथ तो भी तू अकेला  चल 
कवि  तू कहता चल
अपनी धुन मे रमता चल

राह काटता जो 
कंटक भी है वही झेलता 
प्रथम पग 
इस भावी पगडंडी पर 
तू धरता  चल 
कवि  तू कहता चल
अपनी धुन मे रमता चल


कुंठाओं की सर्व शिराएँ  तू 
शब्द की शमशीरों से 
छिन्न भिन्न  करता चल 
इन अंधेरों में तू
 'दिनकर' बन उगता चल 
कवि  तू कहता चल
अपनी धुन मे रमता चल

यह मुर्दा बस्ती है
हर तरफ  फाका परस्ती है 
तू आजान लगता चल 
वंशी की धुन पर ताल मिलाता चल  
कवि  तू कहता चल
अपनी धुन मे रमता चल

अल्लाह और कुरान तुझे  माफ़ करेंगे
राम और गीत तुझे याद करेंगे 
तू कबीर की वाणी बनता चल 
तू धर हाथ पर शीश चलता चल 
कवि  तू कहता चल 
अपनी धुन मे रमता चल 


Monday, January 14, 2013

रिश्ते कमाएँ हैं

गौर से देखो हाथ खाली नहीं हैं 
जीवन भर बस रिश्ते कमाएँ  हैं 
जो मरने के बाद भी 
साथ चलते हैं वो मेरे कर्मों के साए हैं

या रब देना तो बस इतना देना
न'अश पर मेरी  पराई आँखों में भी 
एक आँसू  छलक जाए 

Tuesday, January 8, 2013

मन करता है


गुज़र जाते हैं हमारे बीच कितने 
अनकहे  दिन ,अनकही रातें 
कहो, कब तक करनी होंगी दीवारों से बातें?

नयन जब भी पा जाते कुछ ऐसा 
जो हर्षित तुमको भी किया करता 
मन मचल जाता वहीँ कहीं 
तुमको  पास बुलाने को 

कितनी संचित स्मृतियाँ अतीत के 
पुलिंदो में दफ़न हुईं  
कितनी सूनी रातें सपनीली बातें सिर्फ 
करवटों में गुज़र गईं 

अब एक लम्बी सुनहली धूप 
चुराने का मन करता है 
चुटकी भर चांदनी बिखराने का 
मन करता है 

शाम की इन उदास क्यारियों में 
एक नन्हा सा सुख उगाने को मन करता है 
आज संग तुम्हारा पाने का 
 मन करता है 
मनीषा 

टूटा है कुछ -पर क्या?, सपना


सपने टूटते हैं 
तारों की तरह 
सपने टूटने पर 
आवाज़ नही होती 
कभी सुनो तो ,बस 
फुट पड़ती है 
धीमी सी सिसकी 
खिलखिलाते ,मुस्कुराते होटों के कोरों से कहीं 
देखो तो, 
शायद चमक जाएँ 
पलकों तक आ, सूख गए आँसू 
और जानो तो, मस्त चेहरे पर 
नज़र आ जाएँगी 
दर्द की गहरी काली  लकीरें 
उस हँसते चेहरे पर 
खिले चुटकुलों के बीच 
खाली सूनी गहरी आँखे 
व्यथित अंतर का परिचय दे जाएँगी  
और किसी  मरे सपने की ताज़ी लाश 
अपना अक्स दिखा देगी 
आँखों के नीचे पड़े काले गहरे गड्ढों में 
पर चेहरे पर पड़ी बनावट की परतें
 फिर ढक देंगी टूटन को एक कफन सी 
और बेफिक्री का परदे में 
एक खिलखिलाहट चेहरे तक तो आएगी पर 
झुकी पलकों तक ना पहुँच  पाएगी 
मनीषा 

प्रजातंत्र

भाई भतीजावाद में 
जनता पिस रही है 
बेटे औ' साले की फ़िक्र में 
सत्ता चल रही है 
पूंजीवादी की जमानत 
रातो रात हो रही है 
सत्ता की चालों में 
जनता की मात हो रही है 
सोना हो चुका है स्मगल 
ताज की सोच रहे है
बारी है फिर हिम की
 गंगा में पाप धो रहे हैं 
सर्व उत्थान  के सपने में 
बीबी के अलंकार बन रहे है 
रिश्वत के केस से 
रिश्वत दे कर छूट रहे हैं 
सांसदों में कुर्सी फेंक फेंक 
देश को उठा रहे हैं 
हमारे ये खद्दर धारी 
सिर्फ पूंजी बना रहे हैं 
देश की समस्याएँ 
विदेशों में सुलझा रहे हैं 
कुछ और नही तो 
उत्सव ही मना रहे हैं 
रूपये  की चमक से
शोहरत चमका रहे हैं 
पीढीयों के लिए 
टैक्स दबा रहे हैं 
डाक्टरों का अकाल है शायद 
इसीलिए इलाज 
विदेशों में करा रहे हैं 
इसे वो ज़रूरी 
कांफ्रेंस बता रहे हैं 
हर चैनल पर यह 
अपनी बेवकूफी दिखा रहे है 
और फिर कहते है 
हम देश चला रहे हैं 
कुर्सी के लिए 
ईमान गंवा रहे हैं 
ये लोग इसे 
प्रजातंत्र बता रहे हैं 
मनीषा