Pages

Sunday, January 6, 2013

कुछ पंक्तियाँ


मेरी ऊँचाइयाँ कुछ और बुलंद होती 
गर तेरे लिए  भी मैं काबिल-ए -फख्र होती
जो लिखी थी तेरे लिए
मेरी बस वो ही रचना पढी होती 


जिसे देखने की उम्मीद में हम 
दरगाह तक गए थे 
जब वो ही नहीं आया तो 
खुदा से क्या लेना 

कहाँ तक व्यक्त करूं

कहाँ तक व्यक्त करूं 
मैं यह  आस-निराश 
बस सहेजती ही जाती हूँ 
मैं ,अपनी फैली झोली में 
सारी मौन व्यथाएँ 
तब, दिन -दिन बढे आते हैं 
असंख्य अनगिनित 
हादसों से कपकपाए  लोग 
अपने अनाम चेहरों पर 
दर्द की लकीरें लिए 
कन्धों पर उठाए 
दुखती स्मृतियों का बोझ 
वे चले ही आते हैं 
मेरे साथ बाँटने  
मुझे और स्वयं खुद को 
कब और कितना ही जान पाई हूँ 
इन अनाम निराश व्यक्तियों की 
असीम पीड़ाओ  का माप 
फिर भी सर झुकाए समेटती ही जाती हूँ 
चुनती ही जाती हूँ नज़र चुरा 
उनके अनुभवों का इतिहास 
हर इतिहास , हर कहानी 
अपने रूप, अपनी नक्काशी में 
लिए है अलग-थलग उदास कांति 
फिर भी मानो  सभी एक ही शहर के 
अनाम खंडर से हैं 
मेरी कलम कहाँ व्यक्त कर पाती है 
कहाँ सर्व सत्य  रच पाती है 
कहाँ  लिख पाती है उनकी विह्वहल कराह 
पर फिर भी चले ही आते हैं 
कई अनाम चेहरे 
ओर मेरे मनांचल से हाथ पोंछ 
कुछ देर मेरे मानुष की छाहँ  में सुस्ता 
चल देते हैं दूभर, अनंत सफर की ओर 
जीवन समर में अकेले 
पीड़ाएँ  बटोरते मेरे साथ बाँटते 
अपने अपने संग्राम में व्यस्त 

Saturday, January 5, 2013

आम आदमी

मैं आम आदमी हूँ 
मेरे नाम पर नहीं 
बना कोई मकबरा ,सिनेमा या मज़ार 
कहीं भूकम्प आए या बाढ़ या हो बम से धमाका 
तब अखबार के बिचले पन्नो में 
गणित की संख्या में छप  जाता हूँ 
सुर्खियाँ तो विरासत है खासों की पर, आंकड़ो में आबद्ध 
उन्ही की कुर्सियों के पाए बन कर खड़ा हूँ हर बार वोटों के मौस्सम में 
वे झाँक लेते हैं -पत्रकार, नेता या फिल्मकार 
मेरी और मेरे पाँव के नीचे चिपकी कीचड़ पर भी 
व्यक्त करते हैं भारी भरकम टिप्पणियाँ 
और मौसम की करवट पर चढ़ जाते हैं-रंगीन शीशे उनकी कारों  पर 
और मेरे सिर  पर तपती धूप 
कर देती है उनकी आँखों में एलर्जी 
और मेरे तन की चटखती धूल  से 
पद्द जाते उनके शरीर पर चकत्ते 
और वे अपनी इम्पोर्टेड कारों  में निकल जाते हैं 
फुर्र से 
मैं तो बस एक आम आदमी हूँ 
आम रस्ते सा 
गुज़र जाए जिस पर से हर कोई 
जूते खटखटाते 
मैं तो सिर्फ हिस्सा हूँ सरकार के हर बरस 
उम्दा होते आंकडों  का 
कहते  हैं बजट हो या संसद का तंत्र
 सब मेरी भलाई के लिऎ ही होता है फिर भी 
सड़क पर निरंतर बढ़ती भीड़ का 
मैं केवल एक अनचीन्हा ,धुंधला चेहरा हूँ 
हडतालो और शहर बंदी में टीवी  के आगे 
अखबार लिए ऊंघता -सामान्य सादा आदमी 
भोर  की पहली किरण पर हल-जोतता 
दफ्तरों की ओर  दौड़ता आम आदमी 
बजटों  संसदों  महंगाई की मार झेलता -आम आदमी 
उपले थापता -लकड़ी के चूल्हे पर रोटी सेंकता -आम आदमी 
मंदिरों-गिरजों -मस्जिदों में सजदा करता -आम आदमी 
कानूनों -नियमों  -समाजों  के दर से बंधा -आम आदमी 
अपनी ही दिनचर्या में उलझा 
मशीन सा सत्ता का उलट  फेर देखता 
झूट का सच होता सच का झूट होते देखता
 मात्र  एक आम आदमी हूँ मैं 

मनीषा 

Friday, January 4, 2013

पीड़ा तुम गान बनो, मेरे मन का अंगार बनो !


पीड़ा तुम गान बनो, मेरे मन का अंगार बनो !
अवचेतन को चेतन कर दे 
मूक स्वरों को झंकृत कर दे 
जग के प्राणों में विप्लव भर दे 
ऐसा उदगार बनो 
पीड़ा तुम गान बनो, मेरे मन का अंगार बनो !
चट्टानों को पिघला दे 
नभ की छाती चीर दे 
कण कण में क्रंदन भर दे 
ऐसा मूक चीत्कार  बनो 
पीड़ा तुम गान बनो, मेरे मन का अंगार बनो !
गहन निशा में रवि-ज्योति भर दे 
प्रथम सुर से ऋतु  पलट दे 
बुझे दीपों में काँति भर दे 
ऐसा नवीन राग बनो 
पीड़ा तुम गान बनो, मेरे मन का अंगार बनो !
फुट पड़े अंचलो से निर्झर 
गूँज उठे घाटियों में कलरव 
सुमन सुमन मुख खोले 
ऐसा मधुर उच्छ्वास बनो 
पीड़ा तुम गान बनो, मेरे मन का अंगार बनो !
डोल  जाए देवो का आसन 
जाग उठे सोया क्षीर सागर 
आए सृष्टि का उषाकाल 
ऐसा हाहाकार बनो 
पीड़ा तुम गान बनो, मेरे मन का अंगार बनो !
मेरी  सहचरी, नई राह कोई बन सके 
कलंक विश्व का कुछ धुल सके 
बिखरा दे जो चहुँ ओर स्वर्णिम  आलोक 
ऐसा सहज विशवास बनो 
पीड़ा तुम गान बनो, मेरे मन का अंगार बनो !

यह कविता मैंने 1988 में लिखी थी लेकिन आज भी उतनी ही सार्थक लगती है जितनी पहले। 
मनीषा 

Tuesday, January 1, 2013

नया साल 2013


आँसू भरे नयनों  से  कैसे करूँ नए  साल का स्वागत
क्या संकल्प लूँ  ,कैसे स्वीकार करूँ तुम्हारी  शुभकामनाएँ
गत साल भी तो ये ही किया था
उसकी पीड़ा अब भी तो बाकि है
जो पल खो दिए  उनका अफ़सोस करूँ
या जो अभी मिले ही नही उनकी आशा
इस पीड़ामयी रात में कैसे करूँ नए सवेरे कि  आशा
जिनके हाथो में चिराग हैं वो कहाँ है
जिनके स्वर में निहित आशा और विश्वास हो
वो कंठ कहाँ है
मनमे जो दर्प भर दे ऐसा उज्जवल गान कहाँ है
कानों  में अब नित दिन गूजाँ  करती उस मासूम की चीत्कार है
आँखों के अश्रु में निहित केवल उस माँ की विह्वल पुकार है
कहो कैसे जानू और क्यों कर मानू आया नया साल है
आंसू भरे नयनों  से  कैसे करूँ नए  साल का स्वागत
क्या संकल्प लूँ  ,कैसे स्वीकार करूँ तुम्हारी शुभकामनाएँ
मनीषा